Lok Sabha Polls: 'मजबूत, अनुभवी और दुनियाभर में सम्मानित नेता चाहिए...'; BJP के चुनाव प्रचार में बोले जयशंकर
Lok Sabha Polls: भाजपा नेता एस जयंशकर ने कहा कि देश को आने वाले वर्षों में मजबूत, अनुभवी और वैश्विक समझ वाले नेता की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने इस्राइल-हमास युद्ध और रूस-यूक्रेन संघर्ष का हवाला दिया।
विस्तार
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सियासी दलों के नेता मतदाताओं को रिझाने की हर मुमकिन कोशिशों में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में भाजपा के लिए प्रचार कर रहे विदेश मंत्री एस जयंशकर ने कहा कि देश को आने वाले वर्षों में मजबूत, अनुभवी और वैश्विक समझ वाले नेता की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने इस्राइल-हमास युद्ध और रूस-यूक्रेन संघर्ष का हवाला दिया।
जयशंकर ने कहा, "यह बहुत जरूरी है कि हमारे पास एक बहुमत वाली सरकार हो जो साहसिक कदम उठाना जारी रखे। जो बड़ा सोचने में सक्षम हो। जो योजनाओं के जरिए गरीबों की आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम हो और युवाओं की उम्मीदों को भी पूरा करे ताकि हम पीछे न रहें।" उन्होंने कहा, "आज यूक्रेन में एक युद्ध है। इस्राइल-गाजा में एक संघर्ष है। हम लाल सागर क्षेत्र में तनाव देख रहे हैं। इसलिए आने वाले साल काफी मुश्किल भरे होने जा रहे हैं। ऐसे समय के लिए हमें एक अनुभवी नेता की जरूरत है। हमें किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जिसके पास वैश्विक समझ और सम्मान हो।"
#WATCH | Bengaluru, Karnataka: External Affairs Minister and BJP leader S Jaishankar says, " It is very important that we have a govt with a strong majority which will continue to take bold measures, which will be able to think big, which will be able to meet the aspirations of… pic.twitter.com/X6Hc4Wbxph
— ANI (@ANI) April 15, 2024
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर डॉ जयशंकर और भाजपा की दलीलें
गौरतलब है कि भाजपा नेता आए दिन पूर्ण बहुमत की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व कौशल को सरकार के सख्त फैसलों का श्रेय देते हैं। भाजपा का कहना है कि पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण ही देश के आंतरिक मुद्दों से जुड़े कड़े फैसले लिए जा रहे हैं। पार्टी लगभग 26 महीने पहले शुरू हुआ रूस और यूक्रेन का हिंसक संघर्ष और युद्धग्रस्त इलाकों में फंसे करीब 20 हजार भारतीय छात्रों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए चलाए गए 'ऑपरेशन गंगा' का भी जिक्र करती है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष और भारतीयों की सुरक्षा में पीएम की भूमिका
हाल ही में एक एक इंटरव्यू में खुद विदेश मंत्री जयशंकर इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि ऑपरेशन गंगा के दौरान पीएम मोदी ने सक्रियता दिखाते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बात कर संघर्ष विराम पर जोर दिया, जिसके बाद भारतीय लोगों को सुरक्षित निकलने का रास्ता दिया गया। बकौल जयशंकर, 'यह घटना दिखाती है कि वैश्विक स्तर पर पीएम मोदी कितनी स्वीकार्य हस्ती हैं।'