'राष्ट्र-विरोधी तत्वों से रहें दूर': श्री श्री रवि शंकर ने जेन-जी से की खास अपील, शिकायतों पर क्या कहा?
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर ने जेन जी के युवाओं से सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने आंदोलनों में शामिल होते समय समाज-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
विस्तार
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर ने बुधवार को कहा कि 'जेनरेशन जेड' (जेन-जी) के युवाओं को उन मुद्दों पर अपनी राय जरूर रखनी चाहिए, जो उन्हें प्रभावित करते हैं, लेकिन उन्हें समाज-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूर रहना चाहिए। धैर्य और संयम रखने की जरूरत पर जोर देते हुए रवि शंकर ने युवाओं से कहा कि वे ऐसे लोगों को अपनी सोच पर हावी न होने दें, जिनकी मानसिकता गैर-जिम्मेदाराना है। इसके बजाय, ऐसे लोगों को सही सलाह दी जानी चाहिए और उन्हें अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। 'आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन' के संस्थापक ने यह बात गुजरात के आनंद जिले में अंकालावाड़ी गांव के पास स्थित वसद आश्रम के दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कही।
#WATCH | Anand, Gujarat: Gurudev Sri Sri Ravi Shankar says, "...I would say that you (Gen Z) should certainly raise your voice regarding any issues or grievances you may have—that is absolutely appropriate. That is fair. However, ensure that you do not get mixed up with certain antisocial elements. Traitorous elements often infiltrate such movements; keep your distance from them..."
— ANI (@ANI) November 11, 2026विज्ञापन
आंदोलनों में राष्ट्र-विरोधी तत्वों से रहें दूर
जब उनसे 'जेनरेशन जेड' (1997 से 2012 के बीच जन्मे लोग) के लिए कोई संदेश देने को कहा गया, खासकर चल रहे आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों के संदर्भ में, तो उन्होंने कहा, 'आपको जिन भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनके खिलाफ अपनी आवाज जरूर उठानी चाहिए। यह बिल्कुल सही है। हालांकि, खुद को समाज-विरोधी तत्वों के साथ न जोड़ें। ऐसे आंदोलनों में राष्ट्र-विरोधी तत्व घुस आते हैं, इसलिए उनसे दूर रहें।'
युवाओं में बढ़ती आक्रामकता और अवसाद पर जताई चिंता
उन्होंने कहा कि आज के युवा अक्सर दो तरह की अतिवादी स्थितियों की ओर चले जाते हैं। या तो वे छोटी-छोटी बातों पर आक्रामक हो जाते हैं या फिर अवसाद में चले जाते हैं। रवि शंकर ने अवसाद के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और इसे भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ध्यान, योग, निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिकता को अपनाने की सलाह दी।
प्राकृतिक आपदाओं और वैश्विक संघर्षों पर भी की टिप्पणी
इस साल भारत के सामने आई चुनौतियों, खासकर देश के कुछ हिस्सों में सूखे और अत्यधिक बारिश तथा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्षों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भारत इन कठिन परिस्थितियों से काफी हद तक बेहतर तरीके से निपटने में सफल रहा है। उन्होंने कहा, 'इस साल देश को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। कहीं सूखा पड़ा है, तो कहीं बहुत ज्यादा बारिश हुई है। इन प्राकृतिक आपदाओं चाहे वह बहुत ज्यादा बारिश हो या बारिश की कमी के कारण हमारे समाज को नुकसान उठाना पड़ा है। इसी तरह, दुनिया में कहीं भी जो युद्ध हो रहे हैं, उनका असर अब हर किसी पर पड़ रहा है।'
दुनिया के एक हिस्से की घटनाओं का असर सभी पर
आध्यात्मिक गुरु ने कहा कि चूंकि दुनिया आपस में जुड़ी हुई है, इसलिए किसी एक हिस्से में होने वाली घटनाएं पूरी दुनिया के लोगों पर असर डालती हैं। भारत ने इस स्थिति को बहुत अच्छे से संभाला है और स्थिर बना रहा है, जो कि एक अच्छी बात है। मैं दुनिया भर में घूमता हूं और अलग-अलग जगहों के हालात देखता हूं। इसलिए, मैं कहूंगा कि (अन्य देशों की तुलना में) भारत की स्थिति काफी बेहतर है।'
ये भी पढ़ें: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत: सुबह टहलते समय गिरकर हुए थे बेहोश, जानें कहां चल रहा है इलाज
भारतीय सभ्यतागत मूल्यों ने बनाए रखी स्थिरता
रवि शंकर ने इस बात पर जोर दिया कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत अपनी सभ्यतागत मूल्यों, सांस्कृतिक समझ और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की पुरानी परंपरा के कारण काफी हद तक स्थिर बना रहा है। सह-अस्तित्व की भावना भारतीय समाज में गहराई से बसी हुई है और इसी ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच देश को स्थिर बनाए रखने में मदद की है।