Tokyo Olympics: चैनलों के चक्कर में परेशान हुए खेल प्रेमी, नहीं देख पा रहे भारतीय खिलाड़ियों के इवेंट
सोनी टीवी, जिसके पास ओलंपिक के प्रसारण अधिकार हैं, उसके मोबाइल एप सोनी लिव पर तो भारत से संबंधित इवेंट अलग से दिखाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन टीवी चैनल पर ऐसा सिस्टम नहीं बनाया गया, जिससे यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विस्तार
जापान में चल रहे टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी अपना दमखम दिखा रहे हैं। वहीं, भारत में बैठे खेलप्रेमी लगातार उनकी हौसलाअफजाई भी कर रहे हैं, लेकिन डीटीएच प्रोवाइडर्स और चैनलों के चक्कर में उलझकर वे भारतीय खिलाड़ियों के इवेंट नहीं देख पा रहे हैं। सोनी टीवी, जिसके पास ओलंपिक के प्रसारण अधिकार हैं, उसके मोबाइल एप सोनी लिव पर तो भारत से संबंधित इवेंट अलग से दिखाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन टीवी चैनल पर ऐसा सिस्टम नहीं बनाया गया, जिससे यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, भारत में कुल पांच डीटीएच प्रोवाइडर्स डीडी फ्री डिश, टाटा स्काई, डिश टीवी, एयरटेल डिजिटल टीवी और सन डायरेक्ट हैं, लेकिन कोई भी डीटीएच प्रोवाइडर टोक्यो ओलंपिक में हो रहे भारतीय इवेंट सही तरीके से नहीं दिखा रहा है। वहीं, पेड सब्क्रिप्शन भी यूजर्स की जेब काट रहा है। दरअसल, जिनके पास जियो फाइबर या एयरटेल या इसी तरह का सेट टॉप बॉक्स वाला कनेक्शन और सब्स्क्रिप्शन है वो तो इंटरनेट के माध्यम से सोनी एप पर जाकर भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले ठीक से देख पा रहे हैं, लेकिन खेल चैनलों को सीधे डिश के माध्यम से देखने वाले उपभोक्ता परेशान हैं।
ऐसे परेशान कर रहे डीचीएच प्रोवाइडर्स
बता दें कि ओलंपिक गेम्स के लाइव प्रसारण के अधिकार सोनी टीवी के पास हैं, जिसके तीन स्पोर्ट्स चैनल सोनी टेन 1, सोनी टेन 2 और सोनी टेन 3 हैं। इनमें सोनी टेन 1 चैनल पर अक्सर क्रिकेट से जुड़े हाईलाइट्स आते हैं, जबकि टेन 2 और टेन 3 पर ओलंपिक के इवेंट दिखाए जा रहे हैं। इनमें यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि भारत के इवेंट किस चैनल पर और कब दिखाए जा रहे हैं? अहम बात यह है कि ये तीनों ही चैनल पेड हैं, जिसका भार यूजर्स की जेब पर पड़ रहा है। काफी यूजर्स ने एक चैनल का सब्क्रिप्शन ले रखा है, लेकिन उस पर ओलंपिक से जुड़े भारतीय इवेंट नहीं आने से उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
डीडी भी दे रहा धोखा
गौरतलब है कि डीडी से संबंधित सभी चैनल फ्री दिखाए जाने का नियम है, लेकिन दूसरे डीटीएच प्रोवाइडर्स डीडी का सिर्फ एक ही स्पोर्ट्स चैनल दिखा रहे हैं। एयरटेल डीटीएच पर यह चैनल 298 नंबर पर आता है तो टाटा स्काई में 453 नंबर पर डीडी स्पोर्ट्स देख सकते हैं। वहीं, डिश टीवी में 639 और सन डायरेक्ट में 510 नंबर पर डीडी स्पोर्ट्स चैनल है, लेकिन इस चैनल पर अक्सर हाईलाइट्स आते रहते हैं। टीवी की स्क्रीन पर नीचे की तरफ लिखा होता है कि टोक्यो ओलंपिक से जुड़े इवेंट्स सुबह पांच बजे से शाम सात बजे तक डीडी स्पोर्ट्स 1.0 चैनल पर देखे जा सकते हैं। इस चैनल के लिए डीडी फ्री डिश लगाना जरूरी है, जिस पर करीब 2699 रुपये खर्च होंगे। अहम बात यह है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर हर मैच का लाइव प्रसारण होने की जानकारी दी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

सोशल मीडिया पर लगातार हो रही शिकायत
टीवी चैनलों पर ओलंपिक के भारतीय इवेंट न दिखाए जाने को लेकर लोग लगातार नाराजगी जता रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर इस संबंध में शिकायत भी दर्ज करा रहे हैं। बैडमिंटन के धाकड़ खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप ने ट्विटर पर बैडमिंटन से जुड़े राउंड 16 के इवेंट दिखाने का अनुरोध भी किया, लेकिन उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा।
Badminton talk please do us a favour and have a dedicated streaming from round of 16 … the coverage in india is disappointing . Cant see any matches .
— Parupalli Kashyap (@parupallik) July 28, 2021