फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Special conversation with Aseem Arun minister in Yogi government bulldozer action, assembly by-elections

BJP: 'फुल स्पीड में चलेगा बुलडोजर', योगी के मंत्री बोले- ट्रेनों को पटरी से उतारने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Sun, 22 Sep 2024 04:23 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Sun, 22 Sep 2024 04:23 PM IST
विज्ञापन
सार
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बुलडोजर एक्शन पर विराम भले ही लगा हो, लेकिन यूपी की योगी सरकार के हौंसले कम नहीं हुए हैं। विभिन्न मुद्दों पर अमर उजाला ने उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री असीम अरुण से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में कोई भी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है। यह आगे भी जारी रहेगी। 
loader
Special conversation with Aseem Arun minister in Yogi government bulldozer action, assembly by-elections
असीम अरुण से खास बातचीत। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सर्वोच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार की बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगा दी है, लेकिन यूपी सरकार के हौसले अभी भी बुलंद हैं। सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (पूर्व आईपीएस) असीम अरुण का दावा है कि यूपी सरकार का बुलडोजर अभी भी पूरी स्पीड से चलता रहेगा। यूपी में दस विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव भी होने हैं। इन मुद्दों पर हमारे संवाददाता अमित शर्मा ने असीम अरुण से विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश- 



प्रश्न- असीम अरुण जी, योगी आदित्यनाथ जी का बुलडोजर मॉडल देश ही नहीं पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया था, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर रोक लगा दी है।    

उत्तर- माननीय सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय अपनी जगह है। मैं उस पर टिप्पणी नहीं कर सकता। लेकिन यह अवश्य कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में अपराध को लेकर कोई समझौता न पहले किया गया था, न अब किया जाएगा। जहां तक बुलडोजर से कार्रवाई की बात है, कोई भी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है। जो नियम-कायदे हैं, उनका पूरा पालन करते हुए की गई है।   

प्रश्न- क्या यह माना जाए कि अब यूपी में बुलडोजर नहीं चलेगा?
उत्तर- बिल्कुल चलेगा और फुल स्पीड में चलेगा। हमने कहा कि हम जो भी कार्रवाई करते हैं, वह नियमों और कायदों को ध्यान में रखकर करते हैं। दरअसल, हमारे बुलडोजर का 'ड्राइवर' (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) बहुत कुशल हैं। वे कोई भी कार्रवाई कानून से परे जाकर नहीं करते। यही कारण है कि आज पूरे प्रदेश की जनता हमारे साथ खड़ी है। हमारे लिए हमारी मां-बहनों की सुरक्षा सबसे ऊपर है और हम इससे कोई समझौता नहीं कर सकते।      

प्रश्न- लेकिन सपा कह रही है कि यूपी में जातियां देखकर अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। वे एक एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं। इस पर क्या कहेंगे?
उत्तर- पूरा प्रदेश और पूरा देश यह जानता है कि समाजवादी पार्टी की सरकार में केवल अपराधियों का संरक्षण किया जाता था। सरकार के बड़े-बड़े मंत्री अपराधियों के सामने हाथ जोड़कर नतमस्तक रहते थे। ऐसी सोच वाले अखिलेश यादव जी आज भी सोच रहे हैं कि सरकार उसी तरीके से चलती है। लेकिन आज मैं आपके माध्यम से उन्हें बता देना चाहता हूं कि यूपी में अब योगी आदित्यनाथ जी की सरकार है। अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होगी और इसे कोई रोक नहीं सकता। अपराधियों पर कार्रवाई के दौरान कोई भेदभाव नहीं होता। हमारे लिए वह केवल अपराधी है। अखिलेश यादव जी को अपराधी की जाति दिखाई दे गई, लेकिन उसी एनकाउंटर में घायल हुए सिपाही की जाती नहीं दिखाई दी। अपराधियों को जाति के आधार पर पहचानने की सोच शर्मनाक भी है, और देश-समाज के लिए खतरनाक भी। किसी जिम्मेदार पार्टी और नेता से ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। 

प्रश्न- आपके यहां दस सीटों पर विधानसभा उपचुनाव भी हैं। लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस के जातिगत समीकरणों और संविधान के मुद्दे से आपको बड़ा  नुकसान हुआ। माना यही गया कि दलित और ओबीसी समुदाय का एक वर्ग आपसे टूटा और भाजपा को इससे नुकसान हुआ। अब उपचुनाव में क्या होगा?  
उत्तर- संविधान और आरक्षण को लेकर राहुल गांधी, कांग्रेस और सपा ने जो झूठ फैलाया, उसके कारण कुछ लोग भ्रमित हो गए और कुछ लोग हमसे दूर हो गए जिसका हमें नुकसान हुआ। लेकिन आज जनता यह देख रही है कि भाजपा ने संविधान और आरक्षण को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि जो लोग हम पर आरोप लगा रहे थे, आज वही राहुल गांधी अमेरिका में जाकर आरक्षण को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। आज जनता के सामने असलियत आ गई है। जहां तक उपचुनाव की बात है, हम सभी दसों सीटों पर बड़ी मार्जिन से जीत हासिल करेंगे।   
     
प्रश्न- लोकसभा चुनावों की समीक्षा करते हुए भाजपा की कमेटी ने ही यह पाया था कि पार्टी के नेताओं के बीच आपसी सहमति की कमी से पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ। क्या यह आपसी मतभेद अभी भी यूपी भाजपा की बड़ी कमजोरी बना हुआ है? 
उत्तर- परिवार में कोई मुद्दा होगा तो सभी बड़े लोग इतने समझदार और सक्षम हैं कि वे इन मुद्दों को सुलझा लेंगे। जितना मैं समझता हूं, अब हमारी पार्टी और संगठन में कहीं कोई मतभेद नहीं है। हम एकजुट होकर काम कर रहे हैं, एकजुट होकर चुनाव जीतेंगे। 

प्रश्न- 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों को देखते हुए सपा-कांग्रेस में बहुत उत्साह है। अभी समय दूर है, लेकिन आपको क्या लगता है, 2027 में जब यूपी में विधानसभा चुनाव होंगे, तब क्या स्थिति होगी? क्या योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने रहेंगे?    
उत्तर- मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उन्हीं के नेतृत्व में हम अगला चुनाव भी पूर्ण बहुमत के साथ जीतेंगे। कांग्रेस पहले ही यूपी में समाप्त हो चुकी है। सपा के अपराध वाले शासन को लोग दुबारा वापस लाना नहीं चाहते। दलित वर्ग अब  बसपा और मायावती जी की असलियत पहचान चुका है। 2027 में भी भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार में आएगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। 

प्रश्न- यूपी और पूरे देश में यह देखा जा रहा है कि जगह-जगह ट्रेनों के रास्ते में रेलवे लाइन पर लोहे की बड़ी पाइप, गार्डर और बड़े-बड़े  पत्थर रखकर उन्हें पटरी से उतारा जा रहा है। आप आईपीएस के रूप में बड़े पुलिस अधिकारी रहे हैं, आपको क्या लगता है कि इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं। इस समस्या से आप कैसे निबटेंगे?  
उत्तर- देश के निर्दोष नागरिकों के खिलाफ यह बेहद गंभीर आपराधिक-आतंकी हमले की कोशिश है। अब मैं सीधे तौर पर सुरक्षा के मामलों से जुड़ा नहीं हूं, ऐसे में यह नहीं बता सकता कि इस समय हमारी सुरक्षा एजेंसियों के पास इसको लेकर क्या इनपुट हैं और वे किस दिशा में काम कर रही हैं। लेकिन आपको और आपके माध्यम से पूरे प्रदेश की जनता को यह आश्वस्त करना चाहता हूं कि इसके पीछे जो लोग भी हैं, वे ज्यादा देर तक छिपे नहीं रह सकते। ऐसे सभी अपराधियों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed