सीबीआई का खुलासा, तीन संदिग्ध कंपनियों में लगे हैं एसपी त्यागी के पैसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगस्ता वेस्टलैंड घूसकांड मामले में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी से सोमवार को सीबीआई ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद सीबीआई ने खुलासा किया है कि एसपी त्यागी के तीन कंपनियों में पैसे लगे हैं। जिन कंपनियों में एस पी त्यागी के पैसे लगे हैं, उन कंपनियों से पैसों का लेन-देन काफी रहस्यपूर्ण है।
इन तीनों कंपनियों के नाम वंशी, अनुरास और शावान बताए गए हैं, जो भारत में ही रजिस्टर हैं। सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि उन्होंने वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट को एक पत्र लिखा है, जिसमें इन तीनों कंपनियों के बारे में और अधिक जानकारी मांगी गई है। इससे पता चल सकेगा कि इन कंपनियों के पैसों का लेनदेन भारत और विदेश में कहां-कहां किया गया है।
इटली की अदालत में डील के यूरोपीय दलाल और कंपनी के शीर्ष अधिकारी के खिलाफ आए 7 अप्रैल के फैसले के आधार पर सीबीआई ने ये पूछताछ की थी और अपनी जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में एजेंसी एसपी त्यागी से सोमवार को 10 घंटे पूछताछ कर चुकी है।
क्या है आरोप
त्यागी पर आरोप है कि उन्होंने अपने तीन दलाल भाइयों के साथ सांठ-गांठ कर डील की शर्तों में फेरबदल किया। आरोप है कि त्यागी ने हेलीकॉप्टर की उड़ान सीलिंग 6000 मीटर से घटा कर 4500 मीटर (15,000 फीट) कर दी थी, ताकि अगस्तावेस्टलैंड बोली में शामिल हो सके।
हालांकि यह कहा जा रहा है कि यह फैसला एसपीजी अधिकारियों और पीएमओ से सलाह-मशविरा के बाद लिया गया। इसमें पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के. नारायणन भी शामिल थे। सीबीआई के पास इटली की अदालत के फैसले की एक कॉपी है और उसने इसके आधार पर त्यागी से पूछे जाने वाले सवाल तैयार किए थे। इस फैसले में कई जगह त्यागी का नाम है। त्यागी अब तक अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते रहे हैं और कहा है कि हेलीकॉप्टर सौदे में फैसला अधिकारियों के समूह के कहने पर लिया गया।
3600 करोड़ के इस डील के मामले में दर्ज एफआईआर में त्यागी और उनके भाइयों समेत 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस डील के मनी लाउंड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने भी त्यागी को बुधवार को पेश होने का नोटिस भेजा है।