Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   sonia-gandhi-memoir-rahul-rajiv-gandhi-assassination-indira-gandhi-temper

सोनिया की किताब में खुलासा: राजीव की हत्या से पहले किसने जताई थी अनहोनी की आशंका? इंदिरा के गुस्से का भी जिक्र

Tue, 10 Nov 2026 11:30 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 10 Nov 2026 11:30 AM IST
सार

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में राजीव गांधी की हत्या से पहले और बाद के परिवार के अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर पहले ही चिंता जताई थी। किताब में 21 मई 1991 की वह शाम भी दर्ज है, जब प्रियंका ने सोनिया को राजीव की हत्या की खबर दी।

विज्ञापन
sonia-gandhi-memoir-rahul-rajiv-gandhi-assassination-indira-gandhi-temper
सोनिया गांधी ने संस्मरण में याद किए दर्दनाक पल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से करीब दो महीने पहले राहुल गांधी ने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर मां सोनिया गांधी के सामने एक ऐसी आशंका जताई थी, जो बाद में सच साबित हुई। राहुल ने कहा था कि अगर उनके पिता की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ सकता है। सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में इस घटना के साथ राजीव गांधी की हत्या और परिवार पर टूटे दुख के पलों को याद किया है।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने किताब में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव से जुड़े अनुभव भी साझा किए हैं। उन्होंने बताया है कि शादी के बाद शुरुआती दिनों में इंदिरा गांधी के अचानक गुस्सा होने के अंदाज से वह काफी डर जाती थीं। किताब में उन्होंने परिवार के निजी पलों, राजीव गांधी की सुरक्षा, उनकी हत्या और राजनीति में अपने प्रवेश तक के अनुभव दर्ज किए हैं।
विज्ञापन


राहुल ने कहा था- पिता की सुरक्षा नहीं बढ़ी तो अंतिम संस्कार के लिए लौटना पड़ेगा
सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी के साथ एक दौरे पर गए राहुल ने हत्या से करीब दो महीने पहले उनसे कहा था, “अगर पापा की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं किया गया तो मुझे पता है कि जल्द ही मुझे उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा।”
विज्ञापन
विज्ञापन


21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक विस्फोट में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उस दिन उनकी दुनिया उजड़ गई थी और बेटे की कही बात उनके मन में गूंजने लगी थी। राजीव गांधी के पास फूलों की माला लेकर पहुंची एक महिला ने अपने शरीर पर बंधे विस्फोटक में धमाका कर दिया था। इस हमले में पूर्व प्रधानमंत्री के साथ उनके आसपास मौजूद 14 अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी।

एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने का भी किया जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में राजीव गांधी की हत्या से पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि वीपी सिंह सरकार ने उनकी एसपीजी सुरक्षा हटाने के एक साल से कुछ अधिक समय बाद उनकी हत्या हुई थी। 

सोनिया के मुताबिक, दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक में फैसला लिया गया था कि विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की सुरक्षा तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक किसी नए खतरे के आकलन के आधार पर इसे बदलने की जरूरत न हो। उन्होंने लिखा, “ऐसी कोई समीक्षा कभी नहीं की गई। अगले ही महीने वीपी सिंह सरकार ने एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली। नजदीकी सुरक्षा देने के लिए प्रशिक्षित विशेष बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया।”

प्रियंका ने मां को दी थी राजीव की हत्या की खबर
सोनिया गांधी ने 21 मई 1991 की शाम को याद करते हुए लिखा है कि वह दिन भी आम दिनों की तरह ही शुरू हुआ था। जब राजीव घर पर नहीं होते थे तो वह उनके बिस्तर की तरफ लेटकर एक तरह का सुकून महसूस करती थीं। उस दिन प्रियंका अपने कमरे में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की तैयारी कर रही थीं, जबकि राहुल अमेरिका में कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।

सोनिया लिखती हैं कि अचानक उन्हें गलियारे में किसी के तेजी से दौड़ने की आवाज सुनाई दी। घर में उस समय कोई और नहीं था, इसलिए उन्हें लगा कि प्रियंका ही आ रही हैं। उन्होंने लिखा, “मुझे लगा कि वह लड़खड़ा रही हैं। इसके बाद अचानक मेरे दरवाजे पर उनके कदम रुक गए। मैंने अपनी किताब बंद कर दी और बेचैनी के साथ उनकी आहट सुनने लगी।”

मद्रास जाने की तैयारी करने को कहा
सोनिया के मुताबिक, दरवाजा खुलने पर प्रियंका धीरे-धीरे कमरे में दाखिल हुईं। वह खुद को शांत रखने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन उनकी सांसें तेज चल रही थीं। चेहरे का रंग उड़ गया था और उनकी आंखों में ऐसा डर था, जिसे सोनिया ने पहले कभी नहीं देखा था। प्रियंका ने उन्हें फोन आने, बम विस्फोट होने और कई लोगों के मारे जाने की जानकारी दी। उन्होंने सोनिया से मद्रास जाने के लिए तैयार होने को कहा। शुरुआत में सोनिया को उनकी बातें समझ नहीं आईं।

उन्होंने लिखा, “मुझे समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या कह रही हैं। वह तेजी से बोल रही थीं और उनकी कोई बात मेरी समझ में नहीं आ रही थी। मद्रास क्यों? क्या राजीव मद्रास में हैं? कौन सा बम? प्रियंका की बातों से ज्यादा उनकी आवाज में छिपे डर ने मुझे यह समझा दिया कि वह क्या कहना चाहती हैं। मेरी सांसें रुक गईं। मैं खड़ी हुई तो वह आगे बढ़ीं और मुझे अपनी बांहों में भर लिया। मैं अपने सीने से उनके दिल की तेज धड़कन महसूस कर सकती थी।”

पिता की मौत की खबर सुनते ही राहुल ने समझ लिया था सच
सोनिया गांधी ने लिखा है कि आखिरकार राहुल से संपर्क हो पाया। एक दोस्त ने उन्हें फोन करके कहा था, 'बुरी खबर है।' इस पर राहुल ने तुरंत जवाब दिया, “पापा नहीं रहे, है न?” सोनिया के मुताबिक, अगर राजीव गांधी के कार्यक्रम में बदलाव नहीं हुआ होता तो राहुल भी श्रीपेरंबदूर में उनके साथ होते। अब वह दिल्ली में अपने पिता के पार्थिव अवशेषों के पास बिना हिले-डुले खड़े थे।

इंदिरा गांधी के गुस्से से डर जाती थीं सोनिया
अपनी किताब में सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी के स्वभाव और उनके गुस्से से जुड़े कई अनुभव भी साझा किए हैं। उन्होंने लिखा है कि शादी के बाद गांधी परिवार में अपने शुरुआती साल के दौरान वह अपनी सास के अचानक गुस्सा होने के अंदाज से काफी परेशान रहती थीं।

सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी के गुस्से का असर घर के कर्मचारियों पर भी पड़ता था। एक बार एक कर्मचारी उन्हें जरूरी मुलाकात की याद दिलाना भूल गया। यह पहली बार नहीं था, इसलिए इंदिरा ने उसे कमरे के एक कोने में खड़े रहने की सजा दी। बाकी कर्मचारी उसके पास से गुजरते रहे और इस स्थिति से असहज महसूस करते रहे।

कांग्रेस नेता को दीवार की ओर मुंह करके खड़े होने का दिया था आदेश
एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने कुर्ता-धोती पहने एक व्यक्ति को कमरे के कोने में दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था। उस समय वह राजनीति से जुड़े लोगों को अच्छी तरह नहीं पहचानती थीं, लेकिन उन्हें लगा कि वह व्यक्ति कांग्रेस का कोई वरिष्ठ नेता होगा।

सोनिया के मुताबिक, वह करीब आधे घंटे तक अमी आंटी के साथ रहीं। जब वापस लौटीं तो वह व्यक्ति अब भी दीवार की तरफ मुंह करके खड़ा था। बाद में उन्हें पता चला कि इंदिरा गांधी ने उसे ऐसा करने का आदेश दिया था। अमी कृष्णा इंदिरा गांधी के स्टाफ की वरिष्ठ सदस्य थीं।

कई दिनों तक बात नहीं करती थीं इंदिरा गांधी
सोनिया गांधी ने लिखा है कि कुछ मामलों में इंदिरा गांधी नाराज व्यक्ति से बात करना बंद कर देती थीं और कई दिनों तक उसे नजरअंदाज करती थीं। संसद में विपक्ष के साथ तीखी बहस होने के बाद कभी-कभी उनका गुस्सा खाने की मेज पर भी दिखाई देता था। एक ऐसी ही घटना में इंदिरा गांधी ने गुस्से में अपनी थाली लंबी डाइनिंग टेबल के दूसरी तरफ खिसका दी थी।

सोनिया ने लिखा, “इस तरह के गुस्से से मैं बेचैन हो जाती थी। मुझे अपने पिता के गुस्से की याद आ जाती थी। मैं परेशान और डरी हुई रहती थी, जबकि राजीव और संजय चुपचाप उस पल के गुजरने का इंतजार करते थे।” राजीव उन्हें समझाते थे, “तुम इतना डरा मत करो। वह बहुत जल्द ठीक हो जाएंगी।”

सोनिया ने आगे लिखा, “लेकिन जब तक मैं उन्हें अच्छी तरह जान नहीं पाई थी, तब तक अपनी कुर्सी पर बैठी कांपती रहती थी। आमतौर पर इंदिरा अपने गुस्से पर बाद में पछताती थीं और अपने तरीके से उस व्यक्ति को इसका एहसास भी कराती थीं, जिससे वह नाराज हुई होती थीं। लेकिन अगर किसी सहयोगी ने उनका भरोसा तोड़ा होता तो वह उसे कभी माफ नहीं करती थीं। वह उससे दूरी बना लेती थीं और फिर कभी उसके साथ काम नहीं करती थीं।”

दादी बनने के बाद कम हुआ इंदिरा का गुस्सा
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी के गुस्से और तनाव के ऐसे पल बच्चों के बड़े होने के साथ कम होने लगे थे। उनके पोते-पोतियां अक्सर यह जानने के लिए भेजे जाते थे कि उनका मूड कैसा है। सोनिया लिखती हैं कि पोते-पोतियों की मुस्कान या उनका कोई मासूम सवाल इंदिरा गांधी का गुस्सा तुरंत शांत कर देता था। बच्चों की मौजूदगी से उन्हें सुकून मिलता था और वह सहज महसूस करती थीं।


सोनिया गांधी की 544 पन्नों की यह किताब हार्परकॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित की है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन, गांधी-नेहरू परिवार में शादी, राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश तक के जीवन के कई अहम पड़ाव शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed