सितमगर ठंड : मैदानी इलाकों में छूटी कंपकंपी, राजस्थान के फतेहपुर में -3.3 और चूरू में -1.1 डिग्री तक पहुंचा पारा
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानों में मैदानों में राजस्थान के सीकर में फतेहपुर -3.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, चूरू -1.1 डिग्री के साथ दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। हरियाणा में 2.4 डिग्री के साथ सिरसा सबसे ठंडा रहा।मौसम विभाग के मुताबिक यह सीजन के औसत से दो डिग्री कम था। दिल्ली में दिनभर चली सर्द हवाओं और धुंध के कारण सूरज की लुकाछिपी के चलते न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री नीेच चला गया है।
विस्तार
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानों में मौसम ने करवट बदली है और सर्द हवाओं से ठंड में इजाफा हुआ है। दिल्ली में शनिवार सीजन का सबसे सर्द दिन रहा और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक यह सीजन के औसत से दो डिग्री कम था। वहीं मैदानों में राजस्थान के सीकर में फतेहपुर -3.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, चूरू -1.1 डिग्री के साथ दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। हरियाणा में 2.4 डिग्री के साथ सिरसा सबसे ठंडा रहा।
दिल्ली में दिनभर चली सर्द हवाओं और धुंध के कारण सूरज की लुकाछिपी के चलते न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री नीेच चला गया। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को ठंड और बढ़ेगी। शनिवार सुबह आठ बजे दिल्ली का एक्यूआई 280 दर्ज किया गया।
वहीं पहाड़ों में हिमाचल प्रदेश में शनिवार को सात शहरों का तापमान माइनस में रहा तो जम्मू-कश्मीर में छह जिलों में पारा शून्य से नीचे रहा। घाटी में सबसे ठंडा गुलमर्ग (-8.5 डिगी) रहा, इसके अलावा पहलगाम (-8.3 डिग्री), कुपवाड़ा (-6.1 डिग्री), श्रीनगर (-6 डिग्री), बनिहाल (-1.2) और बटोत (-1.1 डिग्री) रहा। वहीं जम्मू में 2.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ ठंड का 14 साल का रिकॉर्ड टूटा।
उधर, राजस्थान में फतेहपुर व चूरू के बाद नौगौर में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री, संगारिया और सीकर में 0.7 भीलवाड़ा में 1, गंगानगर में 1.1, पिलानी में 1.9 और चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमाचल के सात जिलों में शून्य से नीचे तापमान
उधर, हिमाचल प्रदेश में केलांग -10.3 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा कल्पा में -7, कुफरी में - 2.8, सोलन में - 1.6, डलहौजी में - 1.3, शिमला में - 0.1 और मनाली में न्यूनतम तापमान - 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में जगह जगह जलस्रोत जम गए।
अगले 5 दिनों तक आंध्र प्रदेश में सामान्य तापमान से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले पांच दिनों के लिए पूरे आंध्र प्रदेश में तापमान सामान्य तापमान मूल्यों से 2-3 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरने की संभावना है।
वी.एस.एम ने कहा, मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहेगा और पूरे आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों के लिए तापमान सामान्य तापमान से 2-4 डिग्री सेंटीग्रेड नीचे गिरने सकता है।
आईएमडी अमरावती शनिवार को मौसम विज्ञानी, राजू ने कहा, आंध्र प्रदेश में निम्न स्तर की उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। विजयवाड़ा में शनिवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है। आईएमडी ने भविष्यवाणी की कि विजयवाड़ा में आज रविवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
ओडिशा के जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज
ओडिशा के कई जिलों में शनिवार को लोगों ने शीत लहर के कारण ठंड का सामना किया। जिसमें फूलबनी और कंधमाल जिलों में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि लगभग 12 जिलों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
ओडिशा के आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा, ओडिशा में लगभग 12 स्थानों पर तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, विशेष रूप से फूलबनी, कंधमाल में, जो 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।