Mahrashtra: शरद पवार की पत्नी को बारामती के टेक्सटाइल पार्क में प्रवेश से रोका गया, सुले ने जारी किया वीडियो
Mahrashtra: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार को रविवार को पुणे जिले के बारामती हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क में कथित तौर पर प्रवेश करने से रोका गया। उन्हें करीब आधे घंटे रोककर रखा गया।
विस्तार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार को रविवार को पुणे जिले के बारामती हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क में कथित तौर पर प्रवेश करने से रोका गया। उन्हें करीब आधे घंटे रोककर रखा गया। बारामती की सांसद सुप्रिया सुले के कार्यालय ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार इस पार्क की अध्यक्ष हैं।
सुप्रिया सुले के कार्यालय की ओर से जारी एक वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रतिभा पवार और सुले की बेटी रेवती की सहायक (असिस्टेंट) यह कहते हुए सिक्योरिटी गार्ड से गेट खोलने के लिए कह रही हैं कि उन्हें कुछ खरीददारी करनी है। लेकिन सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बताते हैं कि उन्हें अनिल वाघ नाम के व्यक्ति ने गेट न खोलने का निर्देश दिया है।
प्रतिभा पवार और रेवती सुले के साथ चल रहे एक सहायक ने पुष्टि की कि उन्हें कम से कम आधे घंटे तक पार्क में प्रवेश नहीं करने दिया गया। जब इस मामले को लेकर संपर्क किया गया तो टेक्सटाइल पार्क के मुख्य प्रबंधक अनिल वाघ ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि प्रतिभा पवार पार्क का दौरा करने आ रही हैं।
उन्होंने कहा, मुझे केवल यह बताया गया था कि एक चुनावी रैली आ रही है। ऐसी रैली के लिए अनुमति नहीं थी, इसलिए मैंने गेट पर सिक्योरिटी गार्ड को यह निर्देश दिया था कि रैली को अंदर न आने दिया जाए। अनिल वाघ ने कहा, 'जब मुझे बताया गया कि प्रतिभा काकी (प्रतिभा पवार के लिए लोकप्रिय नाम) आई हैं, तो मैंने तुरंत सिक्योरिटी गार्ड को गेट खोलने और उन्हें आने देने का आदेश दिया।' वाघ के मुताबिक, 'प्रतिभा पवार और रेवती सुले ने पार्क की कुछ यूनिट का दौरा किया और वहां काम कर रहीं महिलाओं से बातचीत की।'
बारामती हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय की ओर से स्वीकृत 26 पार्कों में से एक है। इस पार्क की स्थापना सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में 2008 में बारामती में 65 एकड़ क्षेत्र में की गई थी। बारामती विधानसभा सीट पर इस समय चुनावी सरगर्मियां तेज हैं, जिसमें अजित पवार (जो पिछले साल अपने चाचा शरद पवार के खिलाफ हो गए थे) और उनके भतीजे युगेंद्र पवार के बीच मुकाबला है।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.