{"_id":"6afb15678a5fc4b27308cb6c","slug":"rohit-pawar-accuses-fadnavis-of-protecting-vsr-ventures-in-ajit-pawar-plane-crash-probe-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार का आरोप- फडणवीस VSR कंपनी और मालिक को बचा रहे, सीबीआई जांच पर क्या कहा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार का आरोप- फडणवीस VSR कंपनी और मालिक को बचा रहे, सीबीआई जांच पर क्या कहा?
Mon, 16 Nov 2026 08:08 PM IST
शिवम गर्ग
पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई
Published by: शिवम गर्ग
Updated Mon, 16 Nov 2026 08:08 PM IST
सार
अजित पवार की विमान दुर्घटना की जांच को लेकर रोहित पवार ने फडणवीस सरकार पर सवाल उठाए हैं और सीबीआई जांच की मांग की है। भाजपा ने आरोपों को प्रचार पाने की कोशिश बताया है।
विज्ञापन
रोहित पवार, नेता, एनसीपी (शरद गुट)
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
महाराष्ट्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना को लेकर एकबार फिर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि फडणवीस विमानन कंपनी VSR वेंचर्स और उसके मालिक वीके सिंह को बचा रहे हैं। रोहित पवार ने मामले की जांच महाराष्ट्र सीआईडी से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की मांग की।
विज्ञापन
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोहित पवार ने साफ किया कि वह फडणवीस या किसी अन्य व्यक्ति पर विमान हादसा कराने या उसमें साजिश करने का आरोप नहीं लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि उन लोगों को बचाया जा रहा है, जिनकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के आर्थिक संसाधनों और राजनीतिक संपर्कों के कारण उसे संरक्षण मिल रहा है। रोहित पवार ने कहा कि वह इन मुद्दों को उठाने के कारण होने वाले राजनीतिक और कारोबारी नुकसान का सामना करने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन
विमान सेवाओं के टेंडर को लेकर भी उठाए सवाल
रोहित पवार ने महाराष्ट्र सरकार की विमान सेवा से जुड़ी निविदा प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, सरकार ने शुरुआत में विमान सेवाओं के लिए ऐसा टेंडर जारी किया था, जिसमें सुरक्षा से जुड़ी सख्त शर्तें थीं। इनमें दुर्घटना-मुक्त रिकॉर्ड, किसी जांच का लंबित न होना और किसी संस्था की ओर से प्रतिबंधित नहीं होना शामिल था।
विज्ञापन
उन्होंने दावा किया कि बाद में यह टेंडर रद्द कर दिया गया और उसी कंपनी के साथ पुरानी व्यवस्था जारी रही। रोहित पवार के अनुसार, VSR को काम का बड़ा हिस्सा मिला। उन्होंने कहा कि अजित पवार चाहते थे कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत मंत्री सुरक्षित विमानों में यात्रा करें। इसके लिए ऐसी कंपनियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी, जिनका सुरक्षा रिकॉर्ड साफ हो। रोहित पवार ने सवाल उठाया कि जब अजित पवार की मौत VSR के विमान हादसे में हुई, तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जयपुर में शादी और दिल्ली एयरपोर्ट पर मुलाकात का किया जिक्र
रोहित पवार ने VSR के मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की जयपुर में 21-22 नवंबर 2024 को हुई शादी का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इस समारोह में महाराष्ट्र के कई प्रभावशाली राजनीतिक नेता शामिल हुए थे। उनके मुताबिक, विधानसभा चुनाव के नतीजों के आसपास राजनीतिक अनिश्चितता के दौरान फडणवीस भी कुछ समय के लिए शादी समारोह में पहुंचे थे।
उन्होंने 5 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर फडणवीस और वीके सिंह के बीच कथित मुलाकात का भी उल्लेख किया। रोहित पवार ने दावा किया कि इस दौरान वीके सिंह ने मुख्यमंत्री को एक फाइल दी थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि उस फाइल में क्या था। उन्होंने एयरपोर्ट का CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की।
BJP ने रोहित पवार के आरोपों को बताया पब्लिसिटी स्टंट
रोहित पवार के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया। पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने उन्हें निम्न स्तर की राजनीति करने और प्रचार पाने की कोशिश करने वाला बताया। बन ने कहा कि रोहित पवार के आरोपों का मकसद सोमवार को अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण समारोह के महत्व को कम करना है। उन्होंने कहा कि VSR वर्ष 2013 से राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों को विमान सेवाएं दे रही है। ऐसे में केवल एक तस्वीर के आधार पर आरोप लगाना गलत है।
प्रवक्ता ने कहा कि कई राजनीतिक नेताओं ने VSR के विमानों में यात्रा की है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के पायलटों और अन्य लोगों के साथ कई नेताओं के व्यक्तिगत संबंध हैं और उनके पारिवारिक समारोहों में शामिल होना सामान्य बात है। बन ने NCP (SP) अध्यक्ष शरद पवार से भी रोहित पवार के आरोपों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि रोहित पवार के बयान महाराष्ट्र की परिपक्व राजनीतिक संस्कृति और शरद पवार के बताए मूल्यों के खिलाफ हैं।
बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था विमान
28 जनवरी को VSR कंपनी द्वारा संचालित Learjet 45 विमान पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। रोहित पवार ने कहा कि विमान हादसे की तकनीकी जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है, जबकि आपराधिक लापरवाही या किसी अन्य अपराध की जांच CID को करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तकनीकी और आपराधिक जांच अलग-अलग होती हैं। AAIB यह पता लगाता है कि विमान में क्या खराबी हुई, लाइट बंद हुई या ईंधन खत्म हुआ। वहीं, आपराधिक जांच में यह तय किया जाना चाहिए कि कोई अपराध हुआ था या नहीं।
