{"_id":"6aa7a67b46925ddf2c0b9345","slug":"ramanuj-goswami-who-beheaded-his-wife-in-guwahati-assam-died-while-escaping-from-police-custody-on-monday-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"असम: पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में छिपाया, अब पुलिस से भागते वक्त आरोपी की हुई मौत, एक साल पहले हुई थी शादी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
असम: पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में छिपाया, अब पुलिस से भागते वक्त आरोपी की हुई मौत, एक साल पहले हुई थी शादी
Mon, 14 Sep 2026 01:19 PM IST
प्रशांत तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Mon, 14 Sep 2026 01:19 PM IST
सार
असम में पत्नी की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग करने के आरोपी की पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय आरोपी चलती गाड़ी से कूद गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की सोमवार तड़के पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उसे रक्त जांच के लिए हाटीगांव से गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया जा रहा था। कहिलीपाड़ा के रास्ते नारकासुर पहाड़ी के पास पहुंचने पर उसने कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए पहाड़ी से छलांग लगा दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
तड़के करीब तीन बजे हुई घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की है। गोस्वामी को बाद में जीएमसीएच ले जाया गया, जहां अस्पताल के अधीक्षक डॉ. देबजीत चौधरी ने बताया कि पुलिस उसे तड़के 3:41 बजे सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के रूप में अस्पताल लेकर पहुंची थी। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में पाया। प्रोटोकॉल के तहत तत्काल जांच की गई और ईसीजी भी किया गया।
विज्ञापन
जीएमसीएच में प्रारंभिक जांच, गोली लगने के निशान नहीं
अस्पताल प्रशासन की प्रारंभिक जांच में गोस्वामी के शरीर पर गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। डॉ. चौधरी के मुताबिक, उसके शरीर पर कई टैटू थे, लेकिन वे स्पष्ट रूप से पढ़े नहीं जा सके। मौत की वास्तविक वजह विस्तृत पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच के शवगृह में रखा गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या बताया?
डीसीपी (ईस्ट) तबू राम पेगू के मुताबिक, रामानुज को हत्या के मामले में हाटीगांव थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था और अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। सोमवार रात करीब दो बजे पुलिस टीम उसे मेडिकल
जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जा रही थी। पुलिस के अनुसार, रास्ते में गाड़ी का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मियों ने टायर बदलकर यात्रा दोबारा शुरू की। कुछ दूर आगे नर्सिंग कॉलेज के पास आरोपी ने कथित तौर पर सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल पर हमला किया और उसे जोर से धक्का/लात मारी। इसके बाद उसने पुलिस वाहन का पिछला दरवाजा खोला और चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। सड़क पर गिरने से रामानुज को गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मी उसे तत्काल जीएमसीएच लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी उसके परिवार को दे दी गई है।
पत्नी की हत्या के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
गोस्वामी को गुवाहाटी के बशिष्ठापुर इलाके में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, घर में हुए विवाद के बाद रिया की हत्या की गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया था कि गोस्वामी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था।
तीसरी मंजिल के फ्लैट में मिला था रिया का शव
रिया का शव तीसरी मंजिल स्थित अंजलि गृह नामक फ्लैट से बरामद हुआ था। परिवार की सूचना पर हातीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी फ्लैट से तेज आवाजें सुनाई दी थीं और पड़ोसियों ने महिला के रोने जैसी आवाज भी सुनी थी।
छह महीने पहले हुई थी दोनों की शादी
रिया और गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी और दोनों गुवाहाटी में साथ रह रहे थे। गोस्वामी उबर चालक था और मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला था। वहीं, रिया नूनमाटी की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट क्षेत्र में एक बुटीक में काम करती थी।
ये भी पढ़ें: तरुण तेजपाल ने किया सरेंडर: सुप्रीम कोर्ट में सजा के खिलाफ अपील पर होगी सुनवाई, अब 22 सितंबर पर टिकी नजरें
पोस्टमार्टम और जांच से साफ होगी मौत की तस्वीर
गोस्वामी की पुलिस हिरासत में हुई मौत की परिस्थितियों को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पहाड़ी से गिरने के दौरान उसे किस तरह की चोटें आईं और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी। मामले में पुलिस की आगे की जांच से घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।