Rajya Sabha: राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ बोले- अप्रमाणित टिप्पणी न करें सांसद, यह विशेषाधिकार हनन के समान
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की उस टिप्पणी के बाद हस्तक्षेप कर रहे थे जिसमें सिंह ने पिछले आठ साल में विपक्षी नेताओं पर ईडी के 3,000 छापों का आरोप लगाया था।
विस्तार
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को सांसदों को आगाह किया कि निराधार और अप्रमाणित टिप्पणी न करें, क्योंकि यह सदन के विशेषाधिकार का हनन करने के समान है। उन्होंने कहा कि सदन का इस्तेमाल बयानबाजी के लिए नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में विभिन्न पार्टियों के सदन में नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
धनखड़ आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की उस टिप्पणी के बाद हस्तक्षेप कर रहे थे जिसमें सिंह ने पिछले आठ साल में विपक्षी नेताओं पर ईडी के 3,000 छापों का आरोप लगाया था। सिंह ने कहा कि इतने छापों के बावजूद इस अवधि में सिर्फ 23 को ही दोषी ठहराया जा सका। सत्ता पक्ष ने इस पर आपत्ति जातई तो सभापति ने कहा कि सदन पवित्र मंच है। यहां ऐसे तथ्य रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती, जो प्रमाणित नहीं हैं।
गोयल बोले- जो साबित कर सकें सदस्यों को वही दावे करने चाहिए
पीयूष गोयल ने कहा कि सदस्यों को बिना सोचे-समझे दावे करने की बजाय ऐसा बयान देना चाहिए जिसे सही साबित कर सकें।
- विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभापति की बात सही है, लेकिन सदस्य सदन में पूछे गए सवालों के जवाब या मीडिया के लेख और प्रधानमंत्री के भाषणों का ही हवाला देते हैं।
सदन में जाति, धर्म का न करें जिक्र, वरना कार्रवाई : बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कहा कि यदि सदस्य सदन के अंदर जाति और धर्म के आधार पर चर्चा करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस सांसद एआर रेड्डी की टिप्पणी पर सख्त आपत्ति जताते हुए यह चेतावनी दी।
दरअसल, रेड्डी प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्रालय से संबंधित पूरक प्रश्न पूछ रहे थे। इस दौरान उन्होंने वित्तमंत्री सीतारमण की एक टिप्पणी को लेकर जाति के संदर्भ में कुछ कहा। इस पर सीतारमण ने कहा कि सदस्य तेलंगाना से हैं। कह रहे हैं कि उनकी हिंदी कमजोर है, तो मैं भी कमजोर हिंदी में ही जवाब दे रही हूं। इस पर रेड्डी ने कहा कि ब्राह्मण मंत्री ने उनकी हिंदी को लेकर इसलिए टिप्पणी की, क्योंकि वह निचली जाति से, यानी शूद्र हैं। इस पर बिरला ने कहा कि आप जाति और धर्म के आधार पर चुनकर नहीं आते हैं...ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करें अन्यथा कार्रवाई करनी होगी।
अधीर रंजन से कहा, सदस्यों को समझाएं
बिरला ने लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी से कहा कि आप नेता हैं। सदस्यों को समझा दें कि वह मुझे हस्तक्षेप से नहीं रोक सकते। इस पर रेड्डी ने सफाई देते हुए कहा कि हम सब यहां चुनकर आते हैं और उम्मीद करते हैं कि आप हमें संरक्षण देंगे।