{"_id":"5e401dcc8ebc3ee5a6164d06","slug":"raj-thackeray-lashes-out-at-muslims-for-opposing-caa-at-mumbai-rally","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुंबई रैली में सीएए का विरोध करने वाले मुस्लिमों पर बरसे ठाकरे, कहा - मोर्चे का जवाब मोर्चे से दिया","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मुंबई रैली में सीएए का विरोध करने वाले मुस्लिमों पर बरसे ठाकरे, कहा - मोर्चे का जवाब मोर्चे से दिया
Sun, 09 Feb 2020 10:21 PM IST
Mohit Mudgal
सुरेंद्र मिश्र, अमर उजाला
सुरेंद्र मिश्र, अमर उजाला
Published by: Mohit Mudgal
Updated Sun, 09 Feb 2020 10:21 PM IST
सार
- सीएए व एनआरसी पर बोले, एक बार देश की सफाई जरूरी
विज्ञापन
राज ठाकरे
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मराठी मानुष की राजनीति करने वाले राज ठाकरे रविवार को हिंदुत्व के नए अवतार में नजर आए। उन्होंने हिंदुत्व की हुंकार भरी और सीएए का विरोध करने वाले मुस्लिमों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अभी मोर्चे का उत्तर मोर्चा से दिया है। लेकिन आगे पत्थर का जवाब पत्थर से और तलवार का जवाब तलवार से देंगे।
विज्ञापन
रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने हिंदू जिमखाना से आजाद मैदान तक बांग्लादेश और पाकिस्तानी मुस्लिम घुसपैठियों के खिलाफ मोर्चा निकाला। इससे पहले राज ठाकरे ने सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा और दादर स्थित राम मंदिर में आरती की। आजाद मैदान में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने सीएए का समर्थन किया। वहीं, विरोध करने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब तो नाइजीरियन भी आने लगे हैं। कल ये तुम पर हाथ भी उठाएंगे। बाहर से आए हुए घुसपैठिए के कारण बम धमाके होते हैं और दंगे भी इन्हीं की वजह से होते हैं। राज ने कहा कि जहां मराठी मुस्लिम रहते हैं वहां कभी दंगा नहीं होता। अगर ज्यादा नाटक करेंगे तो उसी अंदाज में जवाब दिया जाएगा।
विज्ञापन
एक बार देश की सफाई जरूरी है
राज ठाकरे ने कहा कि मुसलमानों को भारत में जो स्वतंत्रता मिली है, दूसरे किसी देश में ऐसी स्वतंत्रता नहीं है। जिस देश ने इतना दिया है उसको बर्बाद करने पर क्यों तुले हो। जो देश से प्रेम करने वाला और मराठी मुसलमान हैं उन्हें भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी पर केंद्र सरकार को तत्काल अमल करना जरूरी है। भले ही केंद्र सरकार अभी कह रही है कि फिलहाल कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी। लेकिन यह फैसला कभी न कभी करना पड़ेगा। देश में एक बार सफाई होना जरूरी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी के खिलाफ मुसलमानों ने देश भर में मोर्चा निकाला है। लेकिन मुझे समझ में नहीं आया कि आखिर यह मोर्चा क्यों निकाला गया। जो जन्म से भारत में रहते हैं उन्हें कौन बाहर निकाल रहा है। कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। फिर यह मोर्चा निकालकर किसको ताकत दिखाई जा रही है।
सिर्फ दंगों में ही एकजुट होते हैं हिन्दू
राज ठाकरे ने हिंदुत्व की बात करते हुए अवैध घुसपैठिए के खिलाफ जमकर शब्दबाण चलाए। उन्होंने हिंदुओं को सचेत करते हुए एक तरह से एकजुट होने के लिए प्रेरित किया। कहा कि, क्या सिर्फ दंगे होने पर हम हिंदू बनते हैं। बाकी हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। तो क्या हमें हिंदू बनने के लिए दंगों का इंतजार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार होता है। पाकिस्तान दहशतगर्द देश है। जहां अमेरिका पर हमला करने वाला आतंकी ओसामा बिन लादेन भी रहता था। दाऊद को भी पनाह दी। ऐसे में वहां के मुस्लिमों को नागरिकता देने की क्या जरूरत है। भारत में सीएए का इसलिए विरोध हो रहा हैं क्योंकि पड़ोसी देशों के मुसलमानों को भी भारत में नागरिकता दी जाए। हम उन्हें कैसे भारत में रहने का मौका दे।
भारत कोई धर्मशाला नहीं है, हमने इंसानियत का ठेका नही लिया है
भारत कोई धर्मशाला नहीं है। हमने कोई मानवता का ठेका नहीं लिया है। राज ने कहा कि एनआरसी के बारे में कहा जा रहा है कि कई हिंदुओं और दलित समाज के लोगों के पास कुछ सबूत नहीं हैं। लेकिन मेरा कहना है कि ये लोग अपने ही देश के हैं। इनसे क्या सबूत मांगा जाए। ये लोग पाकिस्तान और बांग्लादेश से थोड़ी आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जहां पर मराठी मुस्लिम रहते हैं वहां पर कभी दंगे नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई से सटे मीरा भाईंदर में नाइजीरिया के लोग रहते हैं, जो ड्रग्स बेचते हैं। उन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।
मौलवी रच रहे हैं साजिश, शाह को दूंगा जानकारी
राज ने कहा कि राज्य में एक जगह जहां पर कई देशों के मौलवी आ रहे हैं, वो लोग कुछ बड़ी साजिश रच रहे हैं। मैं जल्द ही इसकी जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख को देने वाला हूं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से कहकर कुछ फायदा नहीं है अब केंद्र सरकार से कहना पड़ेगा कि महाराष्ट्र की पुलिस को 48 घंटे की खुली छूट दें। पुलिस महाराष्ट्र में अपराध दर शून्य प्रतिशत तक ला सकती है।