Rahul vs Modi: सोशल मीडिया पर राहुल ने पीएम मोदी से पूछे 10 सवाल, कहा- मुद्दे उठाते रहेंगे
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- जो सवाल पूछने नहीं दिए जा रहे, वो इस प्लेटफार्म से पूछ रहा हूं राजा से। प्रधानमंत्री जी मेरे इन 10 सवालों का जवाब दे दें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने लिखा- संसद के मानसून सत्र में हम प्रधानमंत्री जी से जनता के मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे। जनता के कई सवाल थे, जिनके जवाब प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को देने थे। उनकी तानाशाही देखिए, सवाल पूछने पर प्रधानमंत्री इतने नाराज हो गए कि 57 सांसदों को गिरफ्तार करवा दिया और 23 को निलंबित। जो सवाल पूछने नहीं दिए जा रहे, वो इस प्लेटफार्म से पूछ रहा हूं राजा से। प्रधानमंत्री जी मेरे इन 10 सवालों का जवाब दे दें। कांग्रेस पार्टी को डराने व धमकाने से आपकी जवाबदेही खत्म नहीं हो जाएगी। हम जनता की आवाज हैं और उनके मुद्दे उठाते रहेंगे।
इन 10 सवालों से साधा निशाना
- 45 सालों में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी क्यों है? हर साल 2 करोड़ रोजगार देने के वादे का क्या हुआ?
- जनता के रोजमर्रा के खाने-पीने की चीजें जैसे दही-अनाज पर जीएसटी लगाकर, उनसे दो वक्त की रोटी क्यों छीन रहे हैं?
- खाने का तेल, पेट्रोल-डीजल और सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। आखिर जनता को राहत कब मिलेगी?
- डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत 80 पार क्यों हो गई?
- आर्मी में 2 सालों से एक भी भर्ती नहीं करके, सरकार अब अग्निपथ योजना लाई है। युवाओं को 4 साल के ठेके पर अग्निवीर बनने पर मजबूर क्यों किया जा रहा है?
- लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में चीन की सेना हमारी सीमा में घुस चुकी है। आप चुप क्यों हैं? और आप क्या कर रहे हैं?
- फसल बीमा से इंश्योरेंस कंपनियों को 40 हजार करोड़ रुपये का फायदा करवा दिया, जबकि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के अपने वादे पर चुप क्यों?
- किसान को सही एमएसपी के वादे का क्या हुआ। किसान आंदोलन में शहीद किसानों के परिवारों को मुआवजा मिलने का क्या हुआ?
- वरिष्ठ नागरिकों के रेल टिकट में मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट को बंद क्यों किया। जब अपने प्रचार पर इतना पैसा खर्च कर सकते हैं, तो बुजुर्गों को छूट देने के लिए पैसे क्यों नहीं हैं?
- केंद्र सरकार पर 2014 में 56 लाख करोड़ कर्ज था, वो अब बढ़कर 139 लाख करोड़ हो गया है। मार्च, 2023 तक 156 लाख करोड़ हो जाएगा, आप देश को कर्ज में क्यों डुबा रहे हैं?