राहुल का केंद्र पर निशाना: कहा- आपकी सत्ता की भूख ने लाखों लोगों को दाने-दाने को तरसा दिया
- राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जुमलाजीवी हैशटेग ट्वीट कर आरोप लगाया, आपकी सत्ता की भूख ने लाखों को दाने-दाने को तरसा दिया। आपने लेकिन कुछ ना किया, बस रोज नया जुमला दिया।
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि आपकी सत्ता की भूख ने लाखों को दाने-दाने को तरसा दिया।
गांधी ने उस मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला, जिसमें दावा किया गया कि कोरोना वायरस संकट के दौरान मध्यम वर्गीय भारतीयों को भी राशन के लिए कतार में खड़ा होना पड़ा।
जुमलाजीवी हैशटेग के साथ राहुल गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया, आपकी सत्ता की भूख ने लाखों को दाने-दाने को तरसा दिया। आपने लेकिन कुछ ना किया, बस रोज नया जुमला दिया।
तुम्हारी सत्ता की भूख ने लाखों को दाने-दाने को तरसा दिया-
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 18, 2021
तुमने लेकिन कुछ ना किया, बस रोज़ नया जुमला दिया।#JumlaJeevi pic.twitter.com/7dxVs3IIsn
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोध-प्रदर्शन को बढ़ावा देने वालों पर निशाना साधते हुए उन्हें आंदोलनजीवी करार दिया था। मोदी सरकार पर पलटवार करते हुए कांग्रेस इस शब्द का उपयोग करती है।
सरकार पर लगातार हमलावर हैं राहुल गांधी
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को राहुल गांधी ने सरकार पर सदियों से बनाई व्यवस्था को पलों में मिटाने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने ट्वीट किया था 'सदियों का बनाया, पलों में मिटाया, देश जानता है कौन ये कठिन दौर लाया'। राहुल गांधी लगातार वैक्सीन किल्लत, सीमा विवाद, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। राहुल ने अपने ट्वीट के साथ '#VaccineShortage #LAC #Unemployment #PriceHike #PSU #Farmers #OnlyPR' जैसे हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।
बता दें कि कोरोना वैक्सीन और कोरोना पर कुप्रबंधन को लेकर राहुल गांधी मोदी सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। बीते दिन राहुल ने कहा था कि जुलाई आ गया वैक्सीन नहीं आई। राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोला था।