'कांग्रेस होती तो इस मेज पर बैठते भारत के पीएम': ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की बैठक पर बोले राहुल, सरकार पर कसा तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका, चीन और रूस के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक को सरकार पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस मेज पर बैठे होते।
विस्तार
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका, चीन और रूस के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ही मेज पर बैठे होते।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन की एक साथ हुई त्रिपक्षीय बैठक की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते। समझौता करने वाला प्रधानमंत्री इस मेज पर कभी नहीं बैठ सकता।
If Congress were in power, India's Prime Minister would be sitting at this table. A compromised PM can never sit at this table. https://t.co/EpGZVnJPYq
विज्ञापन विज्ञापन— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 20, 2026
ट्रंप, शी और पुतिन के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक
राहुल गांधी की यह टिप्पणी गुरुवार को चीन, रूस और अमेरिका के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद आई। इस बैठक में तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार की दिशा में प्रयास करने, तेल की आपूर्ति बढ़ाने और परमाणु जोखिमों को कम करने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई।
यह बैठक चीन के तकनीकी केंद्र शेनझेन में हुई। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल हुए। तीनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद जारी घोषणा में वैश्विक मुद्दों पर आपसी संवाद और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
'कांग्रेस से सीख लेने की जरूरत नहीं', राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का पलटवार
अमेरिका, चीन और रूस के नेताओं की त्रिपक्षीय बैठक के बाद राहुल गांधी की विदेश नीति पर टिप्पणी को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शुक्रवार को कहा कि देश को कांग्रेस से विदेश नीति पर किसी तरह के उपदेश की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर आज कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत ब्रिक्स की सदस्यता खो सकता था और वैश्विक मंच पर अलग-थलग पड़ जाता।
भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सीट चीन को सौंप दी थी। उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध और शर्म अल शेख में पाकिस्तान को लेकर हुई चर्चा का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उस पर पाकिस्तान के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने त्रिपक्षीय बैठक को लेकर सरकार को घेरा था
इससे पहले राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस बैठक में शामिल होते। उन्होंने प्रधानमंत्री को समझौता करने वाला बताते हुए कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री इस मेज पर नहीं बैठ सकता।
तीनों नेताओं की बैठक चीन के शेनझेन में हुई, जहां उन्होंने 'डिक्लेरेशन टुवर्ड्स पीस' को अपनाया। इसमें परमाणु जोखिम कम करने, ऊर्जा आपूर्ति स्थिर रखने और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) के अधिकार क्षेत्र के दुरुपयोग को रोकने जैसे मुद्दों पर बातचीत की प्रतिबद्धता जताई गई।
यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में दिए बयान पर भी छिड़ी बहस
इससे पहले राहुल गांधी ने बुधवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में भी भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत को वैश्विक चर्चाओं में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन देश अंतरराष्ट्रीय मामलों में एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में भूमिका निभाने का भी जिक्र किया।
इस बयान पर प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को 'पाकिस्तान का प्रशंसक' बताते हुए आरोप लगाया कि वह हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को उदाहरण के तौर पर पेश करते हैं। उन्होंने दावा किया कि रूस और यूक्रेन दोनों ने भारत के शांति प्रयासों को स्वीकार किया है और ईरान ने होर्मुज से जुड़े प्रतिबंधों में भारत को छूट दी है।
