पाकिस्तान नेशनल डे : पीएम नरेंद्र मोदी ने इमरान खान को बधाई के साथ दी नसीहत
- पीएम मोदी ने इमरान खान को पत्र लिखकर दी शुभकामनाएं
- इस पत्र में पीएम मोदी ने इमरान खान को आतंकवाद को लेकर नसीहत भी दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान नेशनल डे के मौके पर पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री इमरान खान को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही साथ पीएम मोदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को रास्ता छोड़ने की नसीहत भी दी है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि पाकिस्तान नेशनल डे के मौके पर पाकिस्तान की जनता को ढेर सारी शुभकामनाएं।
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि भारत पाकिस्तान से सद्भावपूर्ण संबंध की इच्छा रखता है। इसके लिए परस्पर विश्वास और आतंक के खात्मे का होना जरूरी है। उन्होंने लिखा कि कोरोना काल मानवता के लिए बेहद मुश्किल भरा है। मैं आपको और पाकिस्तान की जनता को इस चुनौती से बहादुरी से निपटने की कामना करता हूं।
बता दें कि पीएम मोदी ने इससे पहले 20 मार्च को इमरान खान को कोरोना से जल्द उबरने की कामना की थी। मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री इमरान खान के जल्द से जल्द कोरोना से उबरने की कामना करता हूं।
भारत और पाक के बीच सीजफायर को लेकर हुआ था समझौता
बता दें कि भारत और पाकिस्तान की सेनाओं ने सीजफायर समझौते को लेकर सहमति बनी थी। जिसके तहत दोनों देश नियंत्रण रेखा और अन्य क्षेत्रों में सीजफायर के समझौतों का सख्ती से पालन करेंगे। बताया जा रहा है कि इस सहमति पर पहुंचने के लिए दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पिछले कई महीनों से काम कर रहे थे।
पाकिस्तान के राजनयिक का बयान
वहीं पाकिस्तान के एक वरिष्ठ राजनयिक ने पाकिस्तान दिवस समारोह के अवसर पर कहा कि भारत और पाकिस्तान को स्थायी शांति और स्थिरता के लिए सभी द्विपक्षीय मुद्दे खासकर जम्मू-कश्मीर के मसले को बातचीत के जरिए हल करना चाहिए। यहां पाकिस्तान उच्चायोग में पाकिस्तान दिवस समारोह के इतर पत्रकारों को दिए एक बयान में मिशन के प्रमुख आफताब हसन खान ने कहा कि इस मौके पर, मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता सभी देशों के विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसियों, खासकर भारत के साथ अच्छे पड़ोसी रिश्ते रखना चाहेगा। खान ने कहा कि सतत शांति और स्थिरता के लिए, यह जरूरी है कि हम बातचीत से सभी द्विपक्षीय मुद्दों को हल करें, खासकर, जम्मू -कश्मीर के मुख्य मुद्दे को, जो जरूरी भी है तथा संयुक्त राष्ट्र के समक्ष काफी समय से लंबित मुद्दा है।
समारोह में इमरान खान ने भी दिया भाषण
यहां समारोह में अपने भाषण में खान ने कहा कि अगर हम (पाकिस्तानी) अपने क्षेत्रों में परिश्रम, समर्पण और ईमानदारी के साथ और जिन्ना द्वारा बताई गई एकता, विश्वास और अनुशासन जैसी रूप रेखा में अपना काम करें तो कोई कारण नहीं है कि पाकिस्तान बड़ा विकास हासिल नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन बनाए रखने की जरूरत है और पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसियों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है। खान ने कहा कि यह जरूरी है कि सैन्य कौशल के बजाय, हम गरीबी को कम करने और निरक्षरता को खत्म करने की कोशिश करें और महामारी और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कुशलता हासिल करने की कोशिश करें। यह तभी मुमकिन है जब इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित की जाए।