India Covid Vaccination Record: पीएम मोदी के जन्मदिन पर 2.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगा टीका, चीन को भी छोड़ दिया पीछे
Record-breaking Vaccination: देश को वैक्सीन की 10 करोड़ खुराक लगाने में 85 दिन का वक्त लगा था। 30 करोड़ से 40 करोड़ डोज का सफर तय करने में 24 दिन लगे थे। इसके 20 दिन बाद 6 अगस्त को देश ने 50 करोड़ डोज का आंकड़ा छू लिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की अनोखे अंदाज में बधाई दी। इस दौरान देश में टीकाकरण का नया रिकॉर्ड बन गया। शुक्रवार को सिर्फ 17 घंटे में ही ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगा दी गई। रात एक बजे तक 2,51,21,261 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई, यानी हर घंटे 14.77 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। देश में 1,09,686 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देखते हुए भाजपा भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने का अभियान चलाया।
अस्पताल में कर्मचारियों संग मनाया स्वास्थ्य मंत्री ने रिकॉर्ड तोड़ने का जश्न
पीएम के जन्मदिवस पर टीकाकरण का नया विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का जश्न केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मनाया। उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों का मुंह मीठा कराने के बाद मुट्ठी बांधकर हाथ को जीत के जश्न के अंदाज में हवा में लहराया और कहा कि हमने यह कर दिखाया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहा कि आपके प्रयासों से ही देश यह उपलब्धि हासिल कर पाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर रिकॉर्ड टीकाकरण पर देश को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया, 'आज के रिकॉर्ड टीकाकरण पर हर भारतीय को गर्व होगा। मैं अपने डॉक्टरों, इनोवेटर्स, प्रशासकों, नर्सों, हेल्थ और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं, जिन्होंने टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। हमें कोरोना को हराने के लिए टीकाकरण को ऐसे ही बढ़ावा देते रहना है।
पीएम ने कहा कि मैं प्रत्येक कार्यकर्ता और शुभचिंतक की सराहना करना चाहता हूं जिन्होंने अपनी सक्रिय भागीदारी से सेवा और समर्पण अभियान को समृद्ध किया है। मुझे लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उनके निरंतर प्रयासों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि हर उस व्यक्ति का जिसने आज मुझे शुभकामनाएं दी हैं, मैं अपने दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। यह मुझे हमारे प्यारे देश के लिए और भी अधिक मेहनत करने की शक्ति देता है।
Every Indian would be proud of today’s record vaccination numbers.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 17, 2021
I acknowledge our doctors, innovators, administrators, nurses, healthcare and all front-line workers who have toiled to make the vaccination drive a success. Let us keep boosting vaccination to defeat COVID-19.
अक्तूबर के मध्य तक 100 करोड़ के पार होगा आंकड़ा
देश में कोरोना के खिलाफ चल रहे टीकाकरण को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ के पार पहुंच सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अक्तूबर के मध्य तक देश में कोरोना वैक्सीन की सौ करोड़ टीके की खुराक लगाई जा सकती है। इसमें वैक्सीन की पहली और दूसरी दोनों खुराकें शामिल हैं।
भाजपा मना रही सेवा और समर्पण दिवस
दरअसल, भाजपा पीएम मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण दिवस के तौर पर मना रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के पार्टी कार्यालय से सेवा एवं समर्पण अभियान का आगाज किया। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि जनभागीदारी की नई इबारत लिखी जा रही है। जन-जन का विकास करना पीएम मोदी के जीवन का उद्देश्य है। जनता के लिए समर्पित करना पीएम मोदी का स्वभाव है। इसलिए हम इस विशेष अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने तोड़े कई रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री के रूप में मोदी कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। वो सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं। आज वो प्रधानमंत्री के रूप में 7 साल 113 दिन पूरे कर लिए। लगातार दो बार बहुमत के साथ गैर कांग्रेसी सरकार बनाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान मोदी पर अमेरिका आने की रोक लगाई गई थी तो 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद वो सबसे ज्यादा सात बार अमेरिका जाने वाले प्रधानमंत्री बन गए। 24 सितंबर को वो 8वीं बार अमेरिका का दौरा करेंगे।
17 सितंबर 1950 को मोदी का हुआ था जन्म
17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में नरेंद्र दामोदर दास मोदी का जन्म हुआ। पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिनका जन्म आजादी के बाद हुआ। 60 के दशक के आखिरी वर्षों में वो RSS की स्थायी सदस्यता ली। संघ में कई महत्वपूर्ण पदों पर पीएम मोदी ने काम किया। उसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए। फिर भाजपा में नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग लेवल पर काम किया। साल 2001 में उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया। उसके बाद साल 2014 में वो देश के प्रधानमंत्री बने और अभी तक वह देश के प्रधानमंत्री हैं।