'क्रम जारी रहेगा...': प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, इस बार भी जवानों से मिलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को दीपों के पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा- दीपावली का पावन पर्व पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। उन्होंने आगे कहा- प्रकाश का ये पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है।
विस्तार
किनके बीच दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में आगे कहा- मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावाली मनाता हूं। हर वर्ष आप जानते हैं देश के वीर जवानों के बीच में जाना मेरा नित्य क्रम है, इस बार भी जारी रहेगा। आप सबको दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
Have a great Diwali! https://t.co/YbFVq7tHmx
— Narendra Modi (@narendramodi) November 7, 2026
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति भवन में की पूजा-अर्चना
इससे पहले पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति भवन में दिवाली मनाई। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के माथे पर तिलक लगाया। दोनों नेताओं ने इस मौके पर साथ में तस्वीर भी खिंचवाई। उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। पीएम मोदी ने इस दौरान की तस्वीरों को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में साझा किया है। पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा- उपराष्ट्रपति थिरु सीपी राधाकृष्णन जी से मुलाकात की और दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
ये भी पढ़ें: दीपावली 2026: उपराष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी ने मनाई दिवाली, सीपी राधाकृष्णन ने लगाया तिलक; देखें तस्वीरें
अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी
अयोध्या दीपोत्सव 2026 शनिवार को आयोजित हुआ। यह भव्य रोशनी के त्योहार की 10वीं वर्षगांठ है। आयोजकों का लक्ष्य 56 घाटों पर दीये जलाना है। इनमें राम की पैड़ी और सरयू नदी के किनारे मुख्य केंद्र शामिल हैं। आयोजक 30 से 33 लाख मिट्टी के दीये जलाने का लक्ष्य रख रहे हैं।