{"_id":"5be27d8dbdec2269b8463e2c","slug":"pm-modi-set-to-visit-maldives-for-new-president-ibrahim-solih-swearing-in","type":"story","status":"publish","title_hn":"मालदीव के साथ रिश्ते सुधारेंगे पीएम मोदी, नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में हो सकते हैं शामिल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मालदीव के साथ रिश्ते सुधारेंगे पीएम मोदी, नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में हो सकते हैं शामिल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Wed, 07 Nov 2018 11:22 AM IST
विज्ञापन
PM Modi-Ibrahim Solih
- फोटो : PTI
पिछले दिनों मालदीव के साथ रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव के बाद अब एक बार फिर भारत अपने संबंधों को मजबूत करना चाहता है। मालदीव के नए राष्ट्रपति चुने गए इब्राहिम मोहम्मद सोलिह अगले हफ्ते शपथ ग्रहण करेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
बता दें कि पीएम मोदी अब तक सभी पड़ोसी देशों की यात्रा कर चुके हैं, सिवाए मालदीव के। यह पहला ऐसा दक्षिण एशियाई देश है, जहां की यात्रा पीएम मोदी ने अब तक नहीं की है। हालांकि अभी तक पीएम मोदी के मालदीव जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि कुछ अधिकारी तैयारियों को लेकर पहले ही मालदीव पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि मालदीव में हुए राष्ट्रपति चुनावों की घोषणा सितंबर में हुई थी। उस समय इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को पीएम मोदी ने जीत की बधाई दी थी। उसी समय सोलिह ने उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए आमंत्रित किया था।
विज्ञापन
दरअसल, मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति यामीन के पहले कार्यकाल में विपक्षी राजनीतिक पार्टियों, अदालतों और मीडिया पर कड़ी कार्यवाही की गई है। इस साल फरवरी में देश में आपातकाल लागू करके संविधान को निलंबित कर दिया गया था।
यामीन के खिलाफ महाभियोग चलाने की कोशिश करने वाले सांसदों को रोकने के लिए सैनिकों को भेजकर मौजूदा राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चिंतित कर दिया था। कई वरिष्ठ जजों और प्रमुख विपक्षी नेताओं को जेल में बंद कर दिया गया था।
इसके बाद देश में हुए राष्ट्रपति चुनाव में सोलिह की मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) को जीत मिली थी। पार्टी को 58 फीसदी के करीब मत मिले थे। चुनाव में सोलिह को विपक्ष का भी समर्थन प्राप्त था।