पित्रोदा के बयान पर पीएम का पलटवार, कहा- सुरक्षाबलों को नीचा दिखाना विपक्ष की आदत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालाकोट एयर स्ट्राइक पर लगातार सवाल उठा रहे विपक्षी नेताओं पर पलटवार किया है। प्रधानमंत्री का कहना है कि सुरक्षाबलों को नीचा दिखाना विपक्ष की आदत है। ट्विटर पर प्रधानमंत्री ने सैम पित्रोदा के उस बयान पर हमला बोला है जिसमें उन्होंने वायुसेना द्वारा आतंकी कैंपों पर की गई एयर स्ट्राइक को लेकर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पूछा था कि क्या हमने सच में हमला किया था? क्या सच में 300 आतंकी मारे गए थे?
इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, 'सुरक्षाबलों को बार-बार नीचा दिखाना विपक्ष की आदत है। मैं भारत के लोगों से अपील करता हूं कि वह विपक्षी नेताओं के बयानों पर सवाल उठाएं। उन्हें बताएं कि 130 करोड़ भारतीय इन हरकतों के लिए विपक्ष को न तो माफ करेंगे और न ही भूलेंगे। भारतीय सुरक्षाबलों के साथ मजबूती से खड़े हैं।'
सैम पित्रोदा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण जेटली ने कहा, 'देश को न समझने वाले ही ऐसे बयान देते हैं। हमारी लड़ाई 26/11 से शुरू नहीं हुई थी। हम उससे पहले से आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं, उसके पीड़ित रहे हैं। आज पित्रोदा का यह बयान दिखाता है कि उनका मानना है कि यह हमने गलत किया। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक को दुनिया के किसी भी देश ने गलत नहीं कहा। यह इस्लामिक देशों ने भी नहीं कहा। पाकिस्तान की लाइन का समर्थन करने वाले इस देश में आ जाएं तो इस देश का दुर्भाग्य है। यदि गुरु ऐसा हो तो शिष्य कितना निकम्मा निकलेगा।'
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने कहा था, 'यदि उन्होंने (वायुसेना) 300 लोगों को मारा तो ठीक है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि आप मुझे और तथ्य दीजिए और इसे साबित कीजिए।' जब पित्रोदा से जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंपों पर की गई एयर स्ट्राइक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अतंरराष्ट्रीय मीडिया इसे दूसरी तरह से देख रही है और भारत के लोगों को वायुसेना के इस अभियान से जुड़े तथ्यों के बारे में जानने का हक है।
इससे पहले 21 मार्च को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने पुलवामा हमले को साजिश बताया था। उन्होंने कहा था कि सरकार से पैरामिलिट्री फोर्स दुखी हैं, वोट के लिए जवान मार दिए गए। जम्मू-श्रीनगर के बीच में चेकिंग नहीं थी। जवानों को साधारण बस में भेज दिया, ये साजिश थी। अभी नहीं कहना चाहता, जब सरकार बदलेगी, तब इसकी जांच होगी। उस समय बड़े-बड़े लोग फंसेंगे।
वहीं 7 मार्च को कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने पुलवामा आतंकी हमले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के बीच ‘मैच फिक्सिंग’ का नतीजा करार दिया था। हरिप्रसाद ने कहा था, ‘पुलवामा हमले के बाद के घटनाक्रम पर यदि आप नजर डालेंगे तो पता चलता है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के बीच मैच फिक्सिंग थी।’
Opposition insults our forces time and again.
— Chowkidar Narendra Modi (@narendramodi) March 22, 2019
I appeal to my fellow Indians- question Opposition leaders on their statements.
Tell them- 130 crore Indians will not forgive or forget the Opposition for their antics.
India stands firmly with our forces. #JantaMaafNahiKaregi https://t.co/rwpFKMMeHY