फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Modi congratulate Vice President candidate CP Radhakrishnan nda leaders give greeting on social media also

VP Election: उपराष्ट्रपति पद प्रत्याशी राधाकृष्णन को PM ने दी बधाई, मां बोलीं- जन्म पर की प्रार्थना, आज सच...

Sun, 17 Aug 2025 09:06 PM IST
हिमांशु चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु चंदेल Updated Sun, 17 Aug 2025 09:06 PM IST
सार

एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। पीएम मोदी, अमित शाह, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और संजय राउत समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके सार्वजनिक जीवन की सराहना की। राधाकृष्णन ने पीएम मोदी का आभार जताया। कांग्रेस नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

विज्ञापन
PM Modi congratulate Vice President candidate CP Radhakrishnan nda leaders give greeting on social media also
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन को दी बधाई। - फोटो : X-@CPRGuv

विस्तार

एनडीए ने रविवार को सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके लंबे सार्वजनिक जीवन की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन ने अपनी विनम्रता, समर्पण और बुद्धिमत्ता से राजनीति और समाज में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया।
विज्ञापन


पीएम मोदी ने की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि राधाकृष्णन ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा समाज की जमीनी समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया। उन्होंने खासकर तमिलनाडु में बड़े स्तर पर काम किया है। एनडीए परिवार ने जब उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया तो यह स्वाभाविक माना गया क्योंकि उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों में हमेशा खुद को सिद्ध किया। मोदी ने विश्वास जताया कि वे उपराष्ट्रपति के रूप में प्रेरणादायी भूमिका निभाएंगे।
विज्ञापन

 

मां का सपना हुआ पूरा, बेटा बना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
सीपी राधाकृष्णन की मां जानकी अम्माल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जब बेटा पैदा हुआ था, तब उन्होंने प्रार्थना की थी कि वह पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तरह बने। इसी वजह से उनका नाम भी राधाकृष्णन रखा गया। उनकी मां ने कहा कि आज उनका सपना सच हो गया है। उन्होंने ईश्वर का आभार जताते हुए कहा कि बेटा अब राष्ट्रहित में योगदान देगा।
 

सीपी राधाकृष्णन ने पीएम मोदी का जताया आभार
महाराष्ट्र के राज्यपाल और एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा कि वो प्रधानमंत्री मोदी के बेहद आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित कर राष्ट्र सेवा का अवसर दिया। राधाकृष्णन ने पीएम मोदी को जनता के प्रिय नेता और सबसे सम्मानित प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है।

ये भी पढ़ें- पहले सांसद, फिर राज्यपाल और अब उपराष्ट्रपति की रेस में... ऐसा है सीपी राधाकृष्णन का सफरनामा

गडकरी बोले- उनकी विनम्रता, सेवा समाज के लिए प्रेरणादायक
वहीं केंद्र सरकार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सीपी राधाकृष्णन को एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर  पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सीपी राधाकृष्णन जी को उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने पर हार्दिक बधाई। उनकी विनम्रता, सेवा और बुद्धिमत्ता से भरा दशकों का सार्वजनिक जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक रहा है।

संजय राउत ने भी दी शुभकामनाएं
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन एक बेहद अच्छे और गैर-विवादास्पद व्यक्ति हैं। उनके पास राजनीति और सार्वजनिक जीवन का लंबा अनुभव है, जो उन्हें इस पद के लिए योग्य बनाता है। राउत ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
 

अमित शाह ने दी सीपी राधाकृष्णन को बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को एनडीए के उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी। शाह ने कहा कि सांसद और राज्यपाल के रूप में राधाकृष्णन जी ने अपने कार्यकाल में सांविधानिक दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका अनुभव और ज्ञान राज्यसभा की गरिमा को और ऊंचा करेगा तथा नए मापदंड स्थापित करेगा। शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संसदीय बोर्ड का इस निर्णय के लिए आभार भी व्यक्त किया।

चिराग पासवान और जीतन राम माझी ने भी दी बधाई
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने हमेशा सामाजिक न्याय, समावेशन और सबके विकास की नीति को प्राथमिकता दी है। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी एक्स पर समर्थन जताते हुए लिखा कि हम एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का पूर्ण समर्थन करते हैं। सड़क से लेकर संसद तक, हम मजबूती से एनडीए के साथ खड़े हैं।

उपराष्ट्रपति चयन क्या बोले कांग्रेस प्रवक्ता?
एनडीए द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कांग्रेस नेता और यूपीसीसी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि समस्या इस बात की नहीं है कि एनडीए किसे उपराष्ट्रपति बनाना चाहता है, बल्कि मुद्दा यह है कि वे शासन को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं। हिंदवी ने आरोप लगाया कि जब तक जगदीप धनखड़ भाजपा की भाषा बोलते रहे, सब ठीक था, लेकिन जैसे ही उन्होंने अलग रुख अपनाया, उन्हें किनारे कर दिया गया।

राधाकृष्णन से सांविधानिक मूल्यों की उम्मीद- झारखंड कांग्रेस
एनडीए की ओर से महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजिनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस निर्णय का स्वागत करते हैं, क्योंकि राधाकृष्णन झारखंड के राज्यपाल भी रह चुके हैं। मुंजिनी ने उम्मीद जताई कि वह संविधान की गरिमा को बनाए रखेंगे और देशहित में कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राधाकृष्णन को सरकार के प्रवक्ता की तरह आचरण करने या लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने से बचना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed