विपक्ष पर शायराना हमला, गुलाम नबी से बोले पीएम- कुछ दिन तो गुजारिए गुजरात में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में अपनी बात रखी तो बुधवार को उन्होंने राज्यसभा में संबोधन किया। इस दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में विपक्ष पर हमला बोला।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कुछ न कुछ ऐसी समस्या है कि ये विजय को भी नहीं पचा पाते और 2014 के बाद से मैं देख रहा हूं कि ये पराजय को भी स्वीकार नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास का मंत्र लेकर हम चले थे लेकिन पांच साल के हमारे कार्यकाल को देखकर देश की जनता ने उसमें सबका विश्वास रुपी अमृत जोड़ा है।
उन्होंने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि आजाद साहब को कुछ धुंधला नजर आ रहा है, जब तक राजनीतिक चश्मे से सब देखा जायेगा तो धुंधला ही नजर आएगा और इसलिए अगर हम राजनीतिक चश्मे उतारकर हम देखेंगे तो देश का भविष्य नजर आएगा। पीएम मोदी बोले, इसीलिए शायर ने कहा था कि
उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा
धूल चेहरे पर थी, आइना साफ करता रहा
... और सदन में लगने लगे ठहाके
सरदार पटेल के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल कांग्रेस के ही बड़े नेता थे, लेकिन वे सिर्फ गुजरात में ही कांग्रेस के पोस्टर में दिखते हैं, जबकि देश में नजर नहीं आते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमने सरदार साहब की सबसे बड़ी मूर्ति बनाई, मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस के नेता वहां पर जाएं और श्रद्धासुमन चढ़ाकर आएं। इसी दौरान उन्होंने कहा, ‘गुलाम नबी जी..कुछ दिन तो गुजारिए गुजरात में....। प्रधानमंत्री के इतना कहते ही सदन में ठहाके लगने लगे।
उन्होने तंज कसते हुए कहा कि मैं तो कहता हूं कि कांग्रेस को सरदार पटेल की मूर्ति के पास अपनी वर्किंग कमेटी की बैठक करनी चाहिए। वो आपके ही नेता थे, हम तो लगातार अपनी तरफ से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।