Parliament News Hindi : निजी डाटा संरक्षण बिल सरकार ने वापस लिया, शीतकालीन सत्र में नया विधेयक लाने की योजना
Parliament News Hindi : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 360 अरब डॉलर पर है। इसमें भारत की हिस्सेदारी लगभग 2 प्रतिशत है। सिंह ने बुधवार को कहा, भारत ने अंतरिक्ष के सभी क्षेत्रों में स्वदेशी क्षमताओं हासिल की हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरकार ने बुधवार को लोकसभा में ‘निजी डाटा संरक्षण विधेयक, 2021’ वापस ले लिया। सरकार अब व्यापक कानूनी ढांचे के अनुरूप नया बिल लाएगी। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिल वापस लेने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पास कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, सरकार व्यापक विचार-विमर्श के बाद शीतकालीन सत्र में नया विधेयक पेश करेगी। इसमें निजता और साइबर सुरक्षा के मुद्दे भी शामिल रहेंगे।
विधेयक को 11 दिसंबर, 2019 को पेश किया गया था। सरकार ने कहा है कि दोनों सदनों की संयुक्त समिति की रिपोर्ट 16 दिसंबर, 2021 को लोकसभा में पेश की गई। वापस लिए गए विधेयक में निजी आंकड़ों को बिना नागरिकों की अनुमति के नियंत्रित करने का प्रस्ताव था। डाटा संरक्षण विधेयक में सरकार को अपनी जांच एजेंसियों को अधिनियम के प्रावधानों से कुछ खास रियायतें देने की बात भी कही गई थी। इस पर विपक्षी दलों के सदस्यों ने विरोध करते हुए अपनी असहमति भी जताई थी।
जेपीसी ने 81 संशोधन और 12 सुझाव दिए
सरकार ने कहा, संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) ने विधेयक में 81 संशोधन और 12 सुझाव दिए हैं। जेपीसी ने डिजिटल ईकोसिस्टम के मद्देनजर व्यापक कानूनी ढांचे के लिए ये सुझाव दिए हैं।
केंद्रीय विभागों में 9.79 लाख पद रिक्त
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि एक मार्च, 2021 तक केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 9.79 लाख से अधिक पद खाली थे। उन्होंने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, कुल 9,79,327 रिक्त पदों में से 23,584 ग्रुप ए के, 1,18,801 ग्रुप बी के और 8,36,936 ग्रुप सी कैटेगरी के हैं।
बंगाल पुलिस को तलाशी से रोकने का मसला गूंजा
टीएमसी की सांसद डोला सेना ने दिल्ली पुलिस द्वारा पश्चिम बंगाल पुलिस को तलाशी व छापे मारने से रोकने का मामला राज्यसभा में उठाने की कोशिश की, लेकिन उपसभापति ने इसकी अनुमति नहीं दी। सांसद डोला ने कहा कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी साउथ वेस्ट ने कोर्ट का वारंट होने के बाद भी पश्चिम बंगाल की सीआईडी टीम को तलाशी व छापा मारने से रोका।
कोरोना महामारी में 4,345 बच्चों ने खाेए अभिभावक
कोरोना के कारण 4,345 बच्चों ने अभिभावक को खोया है। त्रिपुरा, लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में किसी भी बच्चे ने कोरोना से अभिभावक नहीं खोया। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बताया, महाराष्ट्र में सबसे अधिक 790 बच्चे प्रभावित हुए। मंत्री ने कहा, यूपी में 441, एमपी में 428, तमिलनाडु में 394 और आंध्र में 351 बच्चे अनाथ हुए।
पांच साल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 657 जवानों ने आत्महत्या की है। सरकार ने बताया कि साल 2021 में 153, 2020 में 149, 2019 में 133, 2018 में 97 और 2017 में 125 आत्महत्या की। केंद्रीय बलों में 10 लाख से अधिक जवान हैं।
अंतरिक्ष में भारत की 2% हिस्सेदारी
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 360 अरब डॉलर पर है। इसमें भारत की हिस्सेदारी लगभग 2 प्रतिशत है। सिंह ने बुधवार को कहा, भारत ने अंतरिक्ष के सभी क्षेत्रों में स्वदेशी क्षमताओं हासिल की हैं। अंतरिक्ष परिसंपत्तियों में उपग्रह संचार, मौसम विज्ञान, अंतरिक्ष विज्ञान और नेविगेशन उपग्रह शामिल हैं।