{"_id":"6aca2b28e8c25c9d2e06b669","slug":"parents-furious-over-deepak-s-detention-say-the-government-has-no-respect-for-democracy-2026-10-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"'क्या चंबल के डाकू हैं छात्र?': दिपके के हिरासत पर भड़के माता-पिता, कहा- सरकार नहीं कर रही लोकतंत्र का सम्मान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
'क्या चंबल के डाकू हैं छात्र?': दिपके के हिरासत पर भड़के माता-पिता, कहा- सरकार नहीं कर रही लोकतंत्र का सम्मान
Sat, 10 Oct 2026 05:40 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी
पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई
Published by: अस्मिता त्रिपाठी
Updated Sat, 10 Oct 2026 05:40 PM IST
सार
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके के माता-पिता ने बेटे और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। पिता भगवान दिपके ने पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाए, जबकि मां अनीता ने कार्रवाई को गलत बताया।
विज्ञापन
अभिजीत दिपके , कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके के माता-पिता ने शनिवार को केंद्र सरकार आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र का सम्मान नहीं कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने अपने बेटे को हिरासत में लेने और भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या छात्र चंबल के डाकू है।
विज्ञापन
पुलिस ने राजधानी में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अभिजीत दिपके , यूट्यूबर ध्रुव राठी और लगभग 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और जंतर-मंतर पहुंचने की उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया।
विज्ञापन
पिता ने क्या कहा?
अभिजीत के पिता भगवान दिपके ने पत्रकारों से कहा, 'मुझे समझ नहीं आता कि दिल्ली में इतना पुलिस बल क्यों तैनात किया गया है? यह छात्रों का आंदोलन है। क्या चंबल के डाकू दिल्ली में जमा हुए हैं? डाकू तो संसद में बैठे हैं।'
विज्ञापन
'इजाजत की क्या जरूरत है?'
जब उनसे कहा गया कि यह आंदोलन बिना इजाजत के हो रहा है, तो उन्होंने कहा, 'इजाजत की क्या जरूरत है जब हर भारतीय को विरोध करने का कानूनी अधिकार है? इसका मतलब है कि वे (सरकार) लोकतंत्र का पालन नहीं करते हैं। वे अपने (सरकार के) खिलाफ आंदोलन की इजाजत कैसे देंगे, जबकि यह विरोध उन्हें बेनकाब करने के लिए है? यहां इजाजत का कोई सवाल ही नहीं उठता।'
भगवान दिपके ने कहा कि वह अपने बेटे के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे लिए वह चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह हैं।' अभिजीत की मां अनीता दिपके ने भी प्रदर्शनकारियों पर की गई कार्रवाई की आलोचना की।
मां ने क्या कहा?
उन्होंने कहा, 'सरकार की तरफ से यह गलत है। इन लोगों ने ऐसा क्या किया है कि उन्हें फ्लाइट से हिरासत में लेना पड़ा? क्या वे यौन शोषण करने वाले के घर जाकर उन्हें गिरफ्तार करते हैं? वे ऐसा नहीं करते। लेकिन उन्होंने अभिजीत दिपके समेत इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं थी।'
शनिवार को क्या हुआ?
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को लगभग 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ प्रस्तावित सीजेपी आंदोलन के लिए जंतर-मंतर पर जमा होने की कोशिश को नाकाम कर दिया। नई दिल्ली इलाके में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जहां पुलिस ड्रोन का इस्तेमाल करके विरोध स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।