पंकजा मुंडे का ऑडियो क्लिप आया सामने, पुजारी को दे रही हैं ‘धमकी’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र की महिला व बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे अपने पिता स्व. गोपीनाथ मुंडे के गुरु महंत से भिड़ गईं हैं। इस आशय का एक ऑडियो सामने आया है जिसमें वह दशहरा मेले में भाषण की अनुमति को लेकर अहमदनगर जिले के भगवानगढ़ पहाड़ी मंदिर के एक पुजारी को धमकी दे रही हैं। यह वही पुजारी महंत नामदेव शास्त्री महाराज हैं जो उनके पिता के गुरु रहे हैं। इससे पंकजा मुंडे एक बार फिर विवादों में आ गईं हैं लेकिन, इस मुद्दे पर भाजपा ने पंकजा का समर्थन किया है।
भगवानगढ़ में सालों से दशहरा मेले की परंपरा रही है लेकिन, इस बार नामदेव शास्त्री ने कहा है कि मेले में पंकजा मुंडे को भाषण नहीं करने दिया जाएगा, इससे पंकजा चिढ़ गई हैं। दरअसल, भगवानगढ़ में मुंडे की जाति वंजारा समुदाय का सबसे बड़ा दशहरा मेला लगता है, जहां लाखों वंजारी इकट्ठा होते हैं।
पंकजा मुंडे और महंत के बीच झगड़े की यही वजह है। पंकजा को लगता है कि वह बंजारा समाज की सबसे बड़ी नेता हैं जबकि महंत का मानना है कि लोग उनके कहने पर वोट देते हैं। बताया जाता है कि स्व. गोपीनाथ मुंडे ने ही नामदेव शास्त्री को इतना बड़ा बना दिया। लेकिन, उनके निधन के बाद मुंडे के भतीजे धनंजय मुंडे ने महंत नामदेव को मिला लिया। इसलिए धनंजय और महंत मिलकर अब पंकजा मुंडे को चुनौती दे रहे है।
पढ़ें, पंकजा ने महंत से क्या कहा
इस बीच महंत ने एक ऑडियो क्लिप भी जारी किया है, जिसमें पंकजा मुंडे फोन पर ही महंत से कह रही हैं कि उन्होंने अब तक कितनी मदद की है लेकिन अब आगे मदद नहीं मिलेगी। मुझसे संबंध बिगाड़ना भारी पड़ेगा। इतना ही नहीं, ऑडियो क्लिप में पंकजा कह रही हैं कि वह रुपया देकर किसी को भी खरीद सकती हैं।
लेकिन, हम दशहरा तक कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं करना चाहते हैं। महंत के साथ क्या किया जाए इसके बारे में दशहरा के बाद विचार करेंगे। ऑडियो में पंकजा कह रही हैं कि हमारे लोग परली में लोगों को पीट सकते हैं और उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज करवा सकते हैं और यहां से जाने के लिए भी मजबूर कर सकते हैं।
इस मामले में विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने कहा है कि मंत्री द्वारा सत्ता का घोर दुरुपयोग किया जा रहा है। पंकजा को तत्काल मंत्रीपद से हटाया जाना चाहिए। धनंजय दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे के भतीजे और पंकजा के चचेरे भाई हैं।
ऑडियो सुनने के लिए यहां क्लिक करें
देवेंद्र फडणवीस सरकार संवेदनहीन हो गई है
गोपीनाथ से अनबन के चलते धनंजय भाजपा छोड़ एनसीपी में शामिल हो गए थे। वहीं, विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सरकार संवेदनहीन हो गई है और मंत्री बेलगाम हो चुके हैं।
इस मामले में पंकजा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी लेकिन, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी का कहना है कि पंकजा को टारगेट किया जा रहा है। इसलिए इस बार वह खुद भगवानगढ़ दशहरा मेले में जाएंगे। बता दें कि पंकजा मुंडे चिक्की घोटाले को लेकर सुर्खियों में आईं थीं उसके बाद सूखाग्रस्त लातूर की अपनी यात्रा के दौरान सेल्फी लेने पर भी विवादों में आईं थीं।