महामारी के बावजूद भारत में बढ़े 40 अरबपति, अंबानी, अडानी हुए और दौलतमंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरी दुनिया कोरोना के कारण महामारी व महा आर्थिक संकट से जूझ रही है। वहीं पूंजीपतियों की संपत्ति व अरबपतियों की संख्या बढ़ रही है। भारत में इस महामारी वर्ष में 40 नए अरबपति बने हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के अनुसार भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। इस दौरान अंबानी व अडानी की संपत्ति भी बढ़ी है।
अंबानी भारत में सबसे अमीर, दुनिया में आठवें
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट-2021 के अनुसार भारत के 40 लोग इस महामारी वर्ष 2020 में अरबपतियों के क्लब में शामिल हुए हैं। मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार इस सालाना सूची के अनुसार मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, जबकि पूरी दुनिया के रईसों में उनका आठवां नंबर है। हुरुन के अनुसार अंबानी की नेटवर्थ यानी कुल संपत्ति 83 अरब डॉलर यानी 6.1 लाख करोड़ रुपये की है। पिछले साल अंबानी विश्व में नवें नंबर पर थे और उनकी संपत्ति 67 अरब डॉलर यानी करीब 4.8 लाख करोड़ रुपये की आंकी गई थी। इस तरह महामारी वर्ष में उनकी दौलत 24 फीसदी बढ़ी है।
अडानी की संपत्ति लगभग दोगुनी हुई
रिपोर्ट के अनुसार गुजरात के उद्योगपति गौतम अडानी की संपत्ति में चौतरफा बढ़ोतरी हुई। 2020 में उनकी संपत्ति लगभग दोगुनी होकर 32 अरब डॉलर यानी 2.34 लाख करोड़ रुपये की हो गई। वह भारत के दूसरे सबसे अमीर व विश्व के 48वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। विश्व सूची में वह 20 पायदान चढ़े हैं। उनके भाई विनोद अडानी की संपत्ति भी 128 फीसदी बढ़कर 9.8 अरब डॉलर हो गई है। आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नडार 1.98 लाख करोड़ (27 बिलियन डॉलर) के साथ तीसरे सबसे धनी भारतीय हैं।
भारत में सबसे ज्यादा अरबपति मुंबई के
मुंबई 60
नई दिल्ली 40
बेंगलुरु 22
ये हैं भारत के सबसे रईस शख्स
- भारत की बात करें, तो मुकेश अंबानी 83 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर शख्स हैं। वैश्विक सूची में ये आठवें स्थान पर हैं।
- सूची में दूसरे स्थान पर गौतम अडाणी एंड फैमिली है। वे 32 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। विश्व के सबसे अमीर लोगों की सूची में गौतम अडाणी 48वें स्थान पर हैं।
- शिव नाडर एंड फैमिली 27 अरब डॉलर की संपत्ति भारत के साथ तीसरे स्थान पर आते हैं। वैश्विक सूची में ये 58वें स्थान पर हैं।
- आर्सेलर मित्तल समूह के लक्ष्मी एन मित्तल वैश्विक स्तर पर 104वें सबसे अमीर शख्स हैं। लेकिन वे भारत के चौथे सबसे अमीर उद्योगपति हैं।
- सीरम इंस्टिट्यूट के साइरस पूनावाला भारत के पांचवें सबसे रईस शख्स हैं। वे 18.5 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
ये हैं दुनिया के सबसे रईस शख्स
- हुरुन रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला के सुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 328 फीसदी बढ़कर 197 अरब डॉलर हो गई है।
- इस सूची में दूसरा स्थान अमेजन के मालिक जेफ बेजोस का है। अमेजन की कुल संपत्ति में 35 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया। बेजोस की कुल संपत्ति 189 अरब डॉलर आंकी गई है।
- इसके बाद 114 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ एलएमवीएच के बर्नार्ड ऑरनॉल्ट तीसरे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति सात फीसदी बढ़ी है।
- माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की संपत्ति में इस दौरान चार फीसदी का इजाफा हुआ और वे चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनकी कुल संपत्ति 110 अरब डॉलर है।
- 101 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग दुनिया के पांचवें सबसे रईस शख्स हैं। उनकी संपत्ति में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है।
हर सप्ताह आठ नए अरबपति बने, दुनिया में कुल 3,288
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के 10वें संस्करण के अनुसार दुनिया में 2020 में प्रत्येक सप्ताह आठ नए लोग अरबपति बने हैं और एक साल में 421 नए अरबपति इस सूची में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही अब दुनिया में कुल अरबपतियों की संख्या 3,288 हो गई है। ये 3,288 अरबपति 68 देशों की 2,402 कंपनियों में हैं। इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना काल में वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए। इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए।
चीन की जीडीपी के बराबर पहुंची अरबपतियों की संपत्ति
कोविड-19 महामारी के बावजूद, दुनियाभर के सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति में 32 फीसदी इजाफा हुआ है और यह 147 खरब डॉलर पर पहुंच गई है। पिछले साल अरबपतियों की संपत्ति में जर्मनी के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के बराबर की वृद्धि हुई है और यह अब चीन के बराबर पहुंच गई है।