Opration Sindoor: 'पराक्रम ही विजयी होता है', ऑपरेशन सिंदूर पर अखिलेश-राहुल समेत नेताओं ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर का एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने स्वागत किया। ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। वहीं, जयराम रमेश ने कहा कि यह एकता और एकजुटता का समय है। कांग्रेस हमारे सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ी है।
विस्तार
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ने पूरे देश को एकजुट कर दिया है। समूचे विपक्ष ने एक स्वर से भारतीय सेना की कार्रवाई पर खुशी जताई है और आतंक के खात्मे पर केंद्र सरकार का साथ देने की बात कही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा 'पराक्रमो विजयते!!' इसका मतलब है कि 'पराक्रम ही विजयी होता है।' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जय हिंद!'
'140 करोड़ देशवासी भारतीय सेना और सरकार के साथ'
राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर साझा पोस्ट में लिखा कि 'भारत, भारतीयों और भारतीय सेना ने कभी भी अपने देश में किसी भी प्रकार के आतंकवाद और अलगाववाद को बर्दाश्त नहीं किया है और न ही कभी करेंगे। भारतीय सेना ने हर बार माताओं की कोख, बहनों की कलाई और उनके माथे के सिंदूर की रक्षा की है। हम सत्य, अहिंसा और शांति को मानने वाले लोग हैं। हम भारतीय कभी गलत नहीं करते, लेकिन अगर कोई हमारे साथ गलत करता है तो फिर हम सहते नहीं। आतंकवाद को पोसने वाले लोग यदि हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता पर प्रहार करेंगे तो हम एकजुट होकर मुंह तोड़ जवाब देना आता है। आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी भारतीय सेना और सरकार के साथ हैं। हिंदुस्तान जिंदाबाद! भारतीय सेना जिंदाबाद! जय हिंद!'
कांग्रेस ने कहा- यह एकता और एकजुटता का समय
कांग्रेस ने कहा कि यह एकता और एकजुटता का समय है। कांग्रेस सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ी है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भारतीय सेना ने बुधवार को मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमला कर आतंकियों को मिट्टी में मिला दिया। सेना के इन हमलों में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं। सेना की इस कार्रवाई का असद्दीन ओवैसी और कांग्रेस ने स्वागत किया है।
ये भी पढ़ें: Operation Sindoor: भारत की पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक; पहलगाम हमले का लिया बदला, आतंक के 9 ठिकानों को बनाया निशाना
पाकिस्तान को सख्त सीख देनी चाहिए: ओवैसी
एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना चाहिए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'मैं हमारी रक्षा सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों का स्वागत करता हूं। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो।'
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 'X' पर लिखा: "मैं हमारी रक्षा सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों का स्वागत करता हूं। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना… pic.twitter.com/fud4QgKl7K
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2025
ये भी पढ़ें: Operation Sindoor: पहले सर्जिकल फिर एयर स्ट्राइक, अब ऑपरेशन सिंदूर; भारत के तीन प्रहारों से दहल उठा पाकिस्तान
यह एकता और एकजुटता का समय: जयराम रमेश
इस बीच, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पाकिस्तान और पीओके में आतंकवाद के सभी स्रोतों को खत्म करने की भारत की प्रतिबद्धता हमेशा अटल और सर्वोच्च राष्ट्रीय हित में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एकता और एकजुटता का समय है। 22 अप्रैल की रात से ही कांग्रेस स्पष्ट रूप से कह रही है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सरकार को हमारा पूरा समर्थन रहेगा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'कांग्रेस हमारे सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़ी है।'
राजद ने कहा- पूरा देश सेना के साथ खड़ा
राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज कुमार झा ने कहा है कि भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, उसके बाद पूरा देश उसके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले में जिन परिवारों ने अपने करीबी लोगों को खोया है, उन्हें इससे कुछ शांति मिलेगी। इस समय में पूरा देश एकजुट है और पीड़ित परिवारों और सेना के साथ खड़ा है। झा ने कहा कि हमारी सेना की कार्रवाई केवल आतंकी कैंपों पर थी। सेना ने बहुत सटीक कार्रवाई करके केवल उन्हीं लोगों को निशाना बनाया है जो आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि सेना ने किसी सामान्य नागरिक को क्षति न पहुंचाने की पूरी कोशिश की है। यह बताता है कि हमारी सेना का मानवीय पक्ष बहुत मजबूत है। हमारा देश सामान्य लोगों के हितों की रक्षा की चिंता करता है और सेना की कार्रवाई में भी यह बात स्पष्ट हुई है। उन्होंने इसे मजबूत भारत का मजबूत इरादे का प्रदर्शन बताया है।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.