कर्नाटक: तेंदुए को बचाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, घायल जानवर ने अधिकारी को जमीन पर पटका; वीडियो वायरल
हाईवे पर कार की चपेट में आए घायल तेंदुए को बचाने पहुंची टीम पर उसी ने हमला कर दिया। दावणगेरे में रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ वन विभाग के वॉचर पर कूद पड़ा और उसे जमीन पर गिरा दिया। अधिकारी की हालत कैसी है? तेंदुए को कैसे पकड़ा गया? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
कर्नाटक के दावणगेरे जिले में घायल तेंदुए को बचाने पहुंची वन विभाग की टीम के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अचानक खतरनाक हो गया। हाईवे पर कार की चपेट में आने के बाद घायल पड़े तेंदुए को काबू करने की कोशिश के दौरान उसने एक वन विभाग के अधिकारी पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया गया।
हाईवे पर घायल मिला था तेंदुआ
अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ एक वाहन की चपेट में आने के बाद हाईवे पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंची।
इस दौरान पशु चिकित्सक तेंदुए को शांत करने और बेहोश करने के लिए दवा देने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआत में तेंदुआ शांत रहा, लेकिन मौके पर जमा भीड़ के शोर और लोगों के फोटो-वीडियो बनाने से उसके आक्रामक होने की आशंका जताई गई।
Davangere, Karnataka: Injured Leopard Attacks Forest Official During Rescue
An injured leopard, hit by a car on a highway in Davangere, suddenly pounced on a forest official during a rescue operation. The team had tranquilised the animal, but the sedative had not fully taken… pic.twitter.com/xFQWFVuzDF— Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) September 8, 2026
दवा का असर होने से पहले अचानक झपटा
एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने बताया कि बेहोशी की दवा का पूरा असर होने से पहले ही तेंदुआ अचानक एक अधिकारी की ओर झपटा। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेंदुआ अधिकारी पर छलांग लगाता है और उसे जमीन पर गिरा देता है। इसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने डंडे की मदद से तेंदुए का ध्यान भटकाया, जिससे अधिकारी को उठकर सुरक्षित होने का मौका मिल गया।
अधिकारी के हाथ और पैर में आई खरोंच
हमले में वन विभाग के वॉचर के बाएं हाथ और पैर पर खरोंच आई है। अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे निगरानी में रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है और उसे एक दिन के लिए अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। उम्मीद है कि उसे बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
आखिरकार तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया
हमले के बाद तेंदुआ वन विभाग के कर्मचारियों से दूर चला गया और हाईवे के किनारे घास वाले इलाके की ओर भाग गया। बाद में वन विभाग की टीम ने घायल तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल तेंदुए का रेस्क्यू सेंटर में इलाज चल रहा है। कार की चपेट में आने से उसे चोटें लगी थीं। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए की हालत भी स्थिर बताई जा रही है।