Odisha: बदमाशों की दरिंदगी के चलते मौत से लड़ रही किशोरी, इलाज के लिए भेजा जा रहा दिल्ली एम्स
ओडिशा के पुरी जिले के बालंगा में कुछ बदमाशों द्वारा जलाई गई 15 साल की किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। एम्स भुवनेश्वर में इलाज के बाद अब उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एयर एंबुलेंस से एम्स दिल्ली भेजा जा रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
ओडिशा के पुरी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। जहां कुछ बदमाशों ने एक 15 साल की किशोरी को जिंदा जलाने की कोशिश की। इस हमले में मासूम किशोरी बुरी तरह झुलस गई है और उसे गंभीर हालत में भुवनेश्वर के एम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन हालात में कोई खास सुधार नहीं होने पर अब उसे रविवार को दिल्ली एम्स ले जाया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, किशोरी को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। उसे विशेष मेडिकल टीम की निगरानी में दिल्ली भेजा गया, जहां एम्स दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी आगे की देखभाल करेंगे।
पीड़ित परिवार ने फांसी की सजी की मांग
मामले में लड़की के परिवार वालों के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे वह अपने दोस्तों से मिलने जा रही थी, लेकिन रास्ते में किसी ने उसे अगवा कर लिया और नदी किनारे ले जाकर आग लगा दी। किसी तरह लड़की वहां से भागकर एक घर पहुंची, जहां लोगों ने उसे कपड़े दिए और परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के चचेरे भाई ने बताया कि हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है, जांच जारी है। हमें नहीं पता किसने यह किया, लेकिन लड़की ने देखा होगा, वह बेहतर बता पाएगी। हम चाहते हैं कि दोषियों को फांसी की सजा मिले।
सीएम ने जताया था दुख
इस मामले में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बालासोर की घटना के बाद अब पुरी के बालंगा में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की हालत गंभीर है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उसे इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजा जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- ओडिशा में फिर इंसानियत शर्मसार: पुरी में बदमाशों ने 15 साल की लड़की को आग के हवाले किया, एम्स ले जाया गया
जिला प्रशासन और पुलिस की प्रतिक्रिया
वहीं इस मामले में पुरी के जिलाधिकारी चंचल राणा ने बताया कि जिला प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और पीड़िता के इलाज के लिए हर संभव आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा, “सीनियर अधिकारी मौके पर भेजे गए हैं। हम चाहते हैं कि बच्ची जल्द ठीक हो। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- Assam: असम के साराईघाट पर 1473 करोड़ रुपये से बनेगा दूसरा रेल सह सड़क पुल, उद्योग-पर्यटन को मिलेगा बल
बेटियों की सुरक्षा के लिए 'शक्तिश्री' योजना शुरू
इसी बीच, मुख्यमंत्री माझी ने राज्य की छात्राओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने शक्तिश्री कार्यक्रम की शुरुआत की, जो राज्य की 16 यूनिवर्सिटी और 730 सरकारी एवं सहायता प्राप्त कॉलेजों में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के जरिए राज्य की छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जाएगी, साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष प्रशिक्षण होगा।