Odisha: आईएएस अधिकारी धीमान चकमा को किया गया निलंबित, घर से मिले 47 लाख रुपये; रिश्वत लेते पकड़े गए थे
ओडिशा सरकार ने धारमगढ़ के सब-कलेक्टर और IAS अधिकारी धीमान चकमा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विजिलेंस विभाग की टीम ने 10 लाख की रिश्वत लेते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया था।
विस्तार
ओडिशा के विजिलेंस विभाग ने सोमवार को धारमगढ़ के सब-कलेक्टर और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी धीमान चकमा को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के सामने आते ही ओडिशा सरकार ने धीमान चकमा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में ओडिशा सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोपों में लिप्त पाए जाने पर कोई भी अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस विभाग को पहले से ही धीमान चकमा के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं कि वह काम के बदले पैसे की मांग कर रहे हैं। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और उन्हें रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। जैसे ही वह रिश्वत की रकम ले रहे थे, विजिलेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें:- Visa: खुद को भारतीय छात्रों के लिए भरोसेमंद विकल्प के रूप में पेश कर रहा जर्मनी, आवेदनों में 35% की वृद्धि
घर से लाखों की नकदी बरामद
इस गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजिलेंस टीम ने उनके सरकारी निवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। छानबीन के दौरान टीम को उनके घर से 47 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी मिली, जिसका कोई वैध दस्तावेज या स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। यह रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से रखी गई थी, इसकी जांच जारी है।
ये भी पढ़ें:- Odisha: 10 लाख घूस लेने का आरोपी IAS अधिकारी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
मामले की पूरी जांच में जुटी विजिलेंस विभाग
विजिलेंस विभाग अब इस मामले की पूरी जांच कर रहा है। पता लगाया जा रहा है किधीमान चकमा ने किन-किन मामलों में रिश्वत ली और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। उनके बैंक खातों, संपत्तियों और पिछले कार्यकाल की भी जांच की जा रही है।