News Update: अब तेलंगाना की गाड़ियों का नंबर ‘टीजी’ से होगा शुरू, मुंबई के होटल से अमेरिकी नागरिक का शव बरामद
केंद्र सरकार ने तेलंगाना में वाहन पंजीकरण नंबर प्लेटों के लिए नए उपसर्ग को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने तेलंगाना को ‘टीजी’ उपसर्ग को मंजूरी दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में मंगलवार को गजट अधिसूचना जारी की है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद, अब तेलंगाना की गाड़ियों के नंबर प्लेट पर सबसे आगे टीएस की जगह टीजी लिखा जाएगा। तेलंगाना विशेष प्रतिनिधि के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पंजीकरण प्लेटों पर नया उपसर्ग तुरंत प्रभावी होगा।
मुंबई के होटल से अमेरिकी नागरिक का शव बरामद
एक आईटी कंपनी के निदेशक अमेरिकी नागरिक (62) का शव अंधेरी के एक होटल से मंगलवार को बरामद किया गया। सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। वह मुंबई स्थित कंपनी कार्यालय में व्यावसायिक काम से शनिवार को यहां आए थे।
अधिकारी ने कहा, जब मंगलवार सुबह कई बार घंटी बजाने और आवाज देने के बावजूद उन्होंने दरवाजा नहीं खोला, तो होटल के कर्मचारियों ने डुप्लिकेट चाबी से दरवाजा खोला और उन्हें बिस्तर पर बेहोश पड़ा पाया। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जबकि दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली गई है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लॉन्च की 'स्वराज' सीरीज
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर स्वराज का पहला सीजन लॉन्च किया। ठाकुर ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लॉन्च यह सीरीज हमारी आजादी के उन सभी गुमनाम महान नायकों के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इस सीरीज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय अभियान आजादी के अमृत महोत्सव से प्रेरणा ली गई है। सीरीज में भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की बहादुरी की कहानियों को दर्शाया गया है, जिसे बहुत कम लोग जानते हैं।
चंंद्रशेखर राव की अपील- बीआरएस को वोट दें
तेलंगाना एलओपी और बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को एक सार्वजनिक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मिशन भागीरथ के माध्यम से, हमने हर घर को पानी दिया। सीएम उस योजना को क्यों नहीं चला सकते? यदि आप अभी भी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देते हैं, तो वे कहेंगे कि भले ही हम बिजली और पानी न दें फिर भी लोगों ने हमें वोट दिया। हमें इनके लिए कुछ करने की जरूरत नहीं है। संसद में बीआरएस सांसदों की जरूरत है। बीआरएस से तेलंगाना में सुधार होगा।
9000 हॉर्स पावर का विश्वस्तरीय लोकोमोटिव इंजन बनाएगा
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दाहोद में कहा कि पीएम मोदी ने संकल्प लिया है कि दाहोद विश्वस्तरीय लोकोमोटिव इंजन बनाएगा। आज इस फैक्ट्री के पहले चरण का उद्घाटन किया गया। फैक्ट्री 9000 हॉर्स पावर के इंजन बनाएगी। हमने यहां से दुनिया भर में इंजन निर्यात करने की योजना बनाई है। यह बड़ा दृष्टिकोण है। दाहोद में बहुसंख्यक आदिवासी समुदाय हैं। दूसरे चरण का उद्घाटन अगले छह महीनों में किया जाएगा। हमारा पहला लोकोमोटिव बनाने का लक्ष्य है दिसंबर 2024 तक।
मुंबई में महिला की गला घोंटकर हत्या, घरेलू सहायिका पर शक
महाराष्ट्र के मुंबई में गला घोंट कर एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग की उम्र 63 साल है। पीड़िता की पहचान ज्योति शाह के रूप में हुई है। वह दक्षिण मुंबई के नेपियन सी रोड इलाके में स्थित अपने अपार्टमेंट के अंदर मृत पाई गईं। उन्होंने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। पुुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बिना अनुमति बाजार में बिक रहीं एंटीबायोटिक दवाएं, जब्ती के आदेश
बिना अनुमति बाजार में बिक रहीं एंटीबायोटिक दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश जारी हुआ। शिकायतें मिलने के बाद केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने देश के सभी राज्यों से दवाओं की खेप जब्त करने के लिए कहा है। साथ ही इस दवा का उत्पादन भी अपराध के तहत आता है, जिसकी जानकारी सभी दवा निर्माता कंपनियों को देने के लिए कहा है।
देश के औषधि नियंत्रक डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी ने आदेश में कहा है कि गैर-अनुमोदित दवा मेरोपेनेम और डिसोडियम ईडीटीए को मिलाकर दवा की बिक्री और उत्पादन हो रहा है। इस दवा को सीडीएससीओ की ओर से अनुमति नहीं दी गई है न ही अब तक दवा के उत्पादन पर कोई अनुमति मांगी गई है। ऐसे में नियमों के खिलाफ जाकर बाजार में इसकी बिक्री अपराध है। इसे तत्काल रोकने के लिए कार्रवाई की जाए।
तमिल अभिनेता सरत कुमार की पार्टी का भाजपा में विलय
लोकसभा चुनावों से पहले दिग्गज तमिल अभिनेता आर सरत कुमार ने मंगलवार को अपनी पार्टी, अखिल भारतीय समथुवा मक्कल काची (एआईएसएमके) का भाजपा में विलय कर दिया। तमिलनाडु प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने सरत और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया। कहा कि एआईएसएमके ने अब खुद को भाजपा के साथ पूरी तरह से एकीकृत कर लिया है, जो राष्ट्रीय मुख्यधारा में उनकी यात्रा का प्रतीक है। यह कार्यक्रम प्रदेश से अधिक से अधिक सांसदों को संसद में भेजने की पार्टी की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
तमिलनाडु: बस के पायदान पर यात्रा कर रहे चार छात्रों की मौत
तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में एक बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर से बस के पायदान पर यात्रा कर रहे चार छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। कॉलेज जाने वाले इन छात्रों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। यह हादसा मंगलवार को मदुरांतकम के पास चेन्नई-तिरुचिरापल्लि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त हुआ, जब बस ने कंटेनर ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और छात्र दोनों वाहनों के बीच पिस गए।
सी-डॉट के क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम आविष्कार को मिला पेटेंट
सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमेटिक्स (सी-डॉट) को उसके डिवाइस एंड मेथड ऑफ सिंक्रोनाइजेशन इन क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम नाम से आविष्कार को 20 साल का पेटेंट प्रदान किया गया। यह पेटेंट आवेदन की तारीख 23 अक्तूबर 2019 से लागू होगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पेटेंट प्रमाणपत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत अभियान के सकारात्मक परिणाम दिख रहे हैं। इस सिस्टम का आविष्कार अतुल कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार राठौड़, प्रशांत हल्दर, विवेक कुमार, प्रवीण कुमार माथुर और विपिन त्यागी ने किया था।
ईडी पर हमला मामला...शेख की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
कलकत्ता हाईकोर्ट ने राशन वितरण घोटाले में निलंबित टीएमसी नेता शाहजहां शेख की अग्रिम जमानत याचिका मंगलवार को खारिज कर दी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में बंगाल की पूर्व मंत्री ज्योति प्रिया मल्लिक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास 2011 से 2021 तक खाद्य और आपूर्ति विभाग था। खंडपीठ ने शेख के वकील और ईडी की दलीलें सुनने के बाद उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
जेनेरिक दवाएं बेचने के लिए ऋण सहायता देगी सरकार
जेनेरिक दवाएं बेचने के लिए सरकार विक्रेताओं को ऋण सहायता देगी। इसके लिए सरकार ने एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है। यहां जन औषधि केंद्र खोलने में ऋण सहायता के लिए आवेदन किया जा सकता है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वेबसाइट को लॉन्च करते हुए ऋण सहायता कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
31 से पहले केरल के लिए पैकेज पर विचार करे केंद्र
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को सुझाव दिया कि वह थोड़ा उदार बने और केरल को मौजूदा वित्तीय संकट से उबारने के लिए एकमुश्त पैकेज देने पर विचार करे। पीठ ने केंद्र सरकार से बीच का रास्ता तलाशने को कहा लेकिन साथ ही यह कहा कि अदालत वित्तीय मामलों की विशेषज्ञ नहीं है। पीठ ने केंद्र के वकील से कहा, सरकार थोड़ी उदार हो सकती है और विशेष मामले के तौर पर एकमुश्त पैकेज दे सकती है। पीठ ने कहा, 31 मार्च से पहले उन्हें अन्य राज्यों की तुलना में कठोर शर्तों के अधीन विशेष पैकेज दें। अन्य राज्यों के लिए आप शायद अगली बार उदार होंगे। केरल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने तर्क दिया कि राज्य ने फिलहाल अतिरिक्त 13,608 करोड़ रुपये उधार लेने के केंद्र के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, हालांकि अतिरिक्त 19,000 करोड़ रुपये के उसके अनुरोध पर विचार नहीं किया गया।