North East Updates: असम के दरांग में महिला से दुष्कर्म, फिर उतारा मौत के घाट; पुलिस ने दो आरोपी दबोचे
अधिकारी ने बताया की शुरुआती जांच में यह पता लगा है कि दो लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उसकी हत्या करने के बाद उसके शव को फेंक दिया।
विस्तार
असम से एक बुरी खबर सामने आई है। यहां के दरांग जिले में दो लोगों ने 28 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। दरांग के पुलिस अधीक्षक प्रकाश सोनोवाल ने रविवार को बताया कि महिला जो नौडिंगा गांव में एक ईंट भट्टे पर दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करती थी। वह सात मार्च को लापता थी।
अधिकारी ने कहा, 'पुलिस को जानकारी मिली और उसके बाद जांच शुरू की गई। महिला का शव अगले दिन भट्ठे के स्मोक चैनल के अंदर पाया गया।' सोनोवाल ने कहा कि शुरुआती जांच में यह पता लगा है कि दो लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या करने के बाद उसके शव को फेंक दिया।
अधिकारी ने कहा, 'हमने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विवरण का इंतजार किया जा रहा है।' एसपी ने बताया कि महिला कोकराझार जिले की रहने वाली थी और वह अपने पति के साथ ईंट भट्ठे में काम करने के लिए रह रही थी।
पंजाबी लेन इलाके में हुआ आईईडी धमाका, एक घायल
पंजाब के पंजाबी लेन इलाके में एक आईईडी धमाका हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि धमाका शनिवार शाम हुआ।
पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक ऋतुराज रवि ने बताया कि पंजाबी लेन स्थित सिंडिकेट बस स्टैंड के पास रात करीब साढ़े दस बजे धमाका हुआ। धमाका टिन के एक छोटे से खाली ढांचे के अंदर हुआ। उन्होंने बताया कि टिन के ढांचे और पास की कुछ खिड़कियों के शीशों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विस्फोट आईईडी के कारण हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
पंजाबी लेन निवासी और हरिजन पंचायत समिति के सचिव गुरजीत सिंह ने कहा कि धमाके की वजह से आसपास की इमारतें हिल गई थीं।
असम में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, 10 अन्य घायल
असम के कामरूप जिले में रविवार को हाजो के समीप एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह हुई जब मछलियां लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार वाहन की बोरनी में एक मोटरसाइकिल से आमने-सामने की टक्कर हो गयी।
उन्होंने बताया, ‘मुकलमुआ के मोटरसाइकिल सवार फुलबर अली की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। इसके अलावा, हादसे में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। उनका गौहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उपचार हो रहा है।’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।