फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: थाईलैंड-श्रीलंका और तमिलनाडु दौरे के बाद दिल्ली पहुंचे पीएम मोदी; इंफाल में वक्फ कानून का विरोध

Sun, 06 Apr 2025 10:25 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sun, 06 Apr 2025 10:25 PM IST
विज्ञापन
News Updates Today North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड और श्रीलंका की अपनी दो देशों की यात्रा पूरी करने के बाद दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर पहुंचे। पीएम मोदी ने आज तमिलनाडु के रामनाथपुरम में नवनिर्मित पंबन रेलवे ब्रिज का भी उद्घाटन किया।

विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन


केरल के मलप्पुरम में प्रसव के दौरान महिला की मौत
केरल के मलप्पुरम जिले में रविवार सुबह 35 वर्षीय एक महिला की प्रसव के दौरान कथित तौर पर मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि मृतका अस्मा चट्टीपरम्बु की मूल निवासी थी और अपने पांचवें बच्चे को जन्म देते समय उसकी मौत हो गई। उनके पति सिराजुद्दीन शव को एर्नाकुलम जिले के पेरुम्बवूर स्थित अपने घर ले गए। सूचना पर पेरुम्बवूर पुलिस घर पहुंची और शव को पेरुम्बवूर तालुक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है। महिला के रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पेरुम्बवूर पुलिस प्रारंभिक जांच में सहायता कर रही है, जबकि जांच का नेतृत्व मलप्पुरम पुलिस कर रही है।

ओडिशा में पर्यटक बस पलटने से बांग्लादेशी नागरिक की मौत, 15 घायल
ओडिशा के भुवनेश्वर के पास उत्तरा स्क्वायर में रविवार को पर्यटक बस पलटने से एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत हो गई । 15 यात्री घायल हो गए। मृतक की पहचान नुनीबाला नाथ के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि 70 बांग्लादेशी यात्रियों को लेकर तीर्थ नगरी पुरी जा रही पर्यटक बस रविवार तड़के उत्तरा स्क्वायर में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 के किनारे एक गड्ढे में गिर गई। चालक मौके से फरार हो गया। घायल यात्रियों को कैपिटल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से तीन को गंभीर हालत के चलते एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया है।

पाकिस्तान के 300 नागरिकों ने किए द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन
पाकिस्तान के सिंध में रहने वाले 300 हिंदू नागरिकों के एक समूह ने गुजरात के देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। भक्तों में से एक ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, हम सिंध, पाकिस्तान से हैं। कुल 300 भक्त द्वारकाधीश मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए हैं। यहां आकर हम बहुत खुश हैं।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी नागरिक वर्तमान में रायपुर में एक धार्मिक संगठन द्वारा 60-दिवसीय वीजा पर भारत में हैं। कराची और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों और पेशेवरों से बने इस समूह का मंदिर में स्वागत किया गया और मंदिर के पुजारी परेश भाई ने पूजा-अर्चना की। पुजारी ने उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने में अपना सौभाग्य व्यक्त किया और कहा कि उनके लिए यह गर्व का क्षण था कि भक्तगण द्वारकाधीश मंदिर की अपनी यात्रा की यादें पाकिस्तान ले जा रहे हैं। समूह के कुछ सदस्यों ने बताया कि गंगा नदी में डुबकी लगाने के बाद, वे पवित्र स्मृति चिन्ह के रूप में इसके कुछ पानी को पाकिस्तान वापस ले जाने की योजना बना रहे हैं। समूह द्वारकाधीश मंदिर सहित भारत में विभिन्न स्थानों का दौरा कर रहा है, और बेट द्वारका, माउंट आबू और अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने की योजना बना रहा है।

केंद्र सरकार से जुड़े मुकदमों को कम करने के लिए निर्देश जारी
 केंद्र सरकार से जुड़े अदालती मामलों को कम करने और रोकने के लिए केंद्रीय विधि मंत्रालय ने सभी केंद्रीय मंत्रालयों के लिए निर्देशों की शृंखला जारी की है, जिनका पालन करना आवश्यक होगा। आधिकारिक आंकड़ों के आंकड़ों के मुताबिक विभिन्न अदालतों में लंबित लगभग सात लाख मामलों में केंद्र सरकार पक्षकार है। मंत्रालय की ओर से इन मुकदमों को कम करने के लिए प्रस्तावित मुख्य उपायों में अदालतों में अनुचित अपीलों को न्यूनतम करना तथा अधिसूचनाओं और आदेशों में विसंगतियों को दूर करना प्रमुख है, जो अदालती मामलों का कारण बनते हैं। मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को कहा गया कि कानून मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग ने कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली सचिवों की समिति (सीओएस) की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने मुकदमेबाजी के कुशल और प्रभावी प्रबंधन के लिए निर्देश तैयार किए हैं।

यह केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों, उनके संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों, साथ ही केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) पर लागू होगा। सीपीएसई के लिए यह निर्देश मध्यस्थता से संबंधित मामलों में भी लागू होगा। विधि मंत्रालय ने फरवरी में राज्यसभा को सूचित किया था कि केन्द्र सरकार विभिन्न अदालतों में लंबित लगभग सात लाख मामलों में पक्षकार है, जिसमें अकेले वित्त मंत्रालय ही लगभग दो लाख मामलों में पक्षकार है। विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विधिक सूचना प्रबंधन एवं विवरण प्रणाली (एलआईएमबीएस) पर उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा था, लगभग सात लाख मामले लंबित हैं जिनमें भारत सरकार पक्षकार है। इनमें से लगभग 1.9 लाख मामलों में वित्त मंत्रालय को एक पक्ष के रूप में उल्लेखित किया गया है।

अश्लीलता के आरोप की जांच : पुलिस के सामने हाजिर हुए यूट्यूबर समय रैना
यूट्यूबर समय रैना गुवाहाटी में शनिवार को असम पुलिस के सामने हाजिर हुए। उन पर और चार अन्य यूट्यूबरों व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों के खिलाफ एक ऑनलाइन शो में अश्लीलता को बढ़ावा देने का केस दर्ज है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रैना ने पहले देश से बाहर होने की सूचना दी थी, लेकिन अब उन्होंने अपराध शाखा के जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर बयान दर्ज कराया।

गुवाहाटी पुलिस ने 10 फरवरी को रैना, रनवीर अल्लाहबादिया, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्व मखीजा के खिलाफ बीएनएस, सूचना प्रौद्योगिकी कानून, सिनेमैटोग्राफ कानून 1952 और महिलाओं का अश्लील प्रदर्शन (निषेध) कानून, 1986 के तहत केस दर्ज किया था। आरोप है कि इन्होंने एक सार्वजनिक ऑनलाइन शो में यौन विषयों पर अशोभनीय चर्चा कर अश्लीलता को बढ़ावा दिया। इससे पहले 7 मार्च को रणवीर अल्लाहबादिया भी पुलिस के सामने हाजिर हुए थे और चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ का सामना किया था।

राजीव शुक्ला कांग्रेस कार्यसमिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य नियुक्त  
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को राजीव शुक्ला को कांग्रेस कार्यसमिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया। राजीव शुक्ला पार्टी के हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ प्रभारी थे, लेकिन हाल ही में उन्हें बदल दिया गया था। एआईसीसी महासचिव प्रभारी संगठन केसी वेणुगोपाल ने इस बारे में बयान भी जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राजीव शुक्ला को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस कार्यसमिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है।

झारखंड: सुरक्षाबलों ने तबाह किए नक्सलियों के 16 बंकर
 झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षाबलों ने एक अभियान के तहत नक्सलियों के 16 बंकर ध्वस्त कर दिए और चार शक्तिशाली आईईडी का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के जवानों ने शनिवार को जराइकेला थाना क्षेत्र के बाबूडेरा गांव के पास जंगल में एक अभियान शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के इरादे से नक्सलियों के बिछाए पांच-पांच किलो के चार आईईडी मिले, लेकिन सतर्क बम निरोधक दस्ते ने उन्हें निष्क्रिय कर दिया। 

बिहार, हिमाचल, तमिलनाडु व पुडुचेरी को केंद्र से 1,280 करोड़ की आपदा राहत राशि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति ने बिहार, हिमाचल, तमिलनाडु व पुडुचेरी में 2024 में आई बाढ़, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 1280.35 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि मंजूर की है।

कुल राशि 1280.35 में से बिहार को 588.73 करोड़, हिमाचल प्रदेश को 136.22 करोड़, तमिलनाडु को 522.34 करोड़ और पुडुचेरी को 33.06 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। आधिकारिक बयान के मुताबिक यह अतिरिक्त सहायता राशि उन पैसों के अलावा दी जा रही है जो केंद्र सरकार इन्हें पहले ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) और केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रतिक्रिया कोष (यूटीडीआरएफ) के तहत दे चुकी है। इसमेें से बिहार, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु को 1247.29 करोड़ रुपये राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से दिए जाएंगे, लेकिन इसमें से 50 फीसदी पैसा इन राज्यों के एसडीआरएफ में पहले से मौजूद शुरुआती शेष राशि से समायोजित किया जाएगा। वहीं, पुडुचेरी को 33.06 करोड़ रुपये की राशि बगैर किसी समायोजन के दी जाएगी। 

एम्पुरान निर्माता गोकुलम की कंपनी पर ईडी छापे में 1.50 करोड़ बरामद
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही मलयालम फिल्म एल2 एम्पुरान के निर्माता गोकुलम गोपालन की चिट फंड कंपनी के ठिकानों पर ईडी छापे मारे। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस दौरान 1.5 करोड़ रुपये नकद और अहम दस्तावेज जब्त किए गए। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन के आरोप में की गई है। ईडी के अनुसार, केरल के कोझिकोड और तमिलनाडु के चेन्नई स्थित कंपनी श्री गोकुलम चिट्स एंड फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के तीन ठिकानों पर शुक्रवार से शनिवार तक छापे मारे गए। आरोप है कि कंपनी भारत से बाहर रह रहे व्यक्तियों से चिट फंड के लिए नकदी में सदस्यता राशि जमा कर रही थी। यह आरबीआई के नियमों और फेमा प्रावधानों का उल्लंघन है।  

कर्नाटक:  खड़े ट्रक से जा भिड़ी मिनी बस, पांच लोगों की मौत
कलबुर्गी। कर्नाटक में एक मिनी बस और ट्रक की भीषण टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार तड़के जेवर्गी तालुक के नेलोगी क्रांस के पास हुई। चालक ट्रक को किनारे खड़ा कर टायर बदलने में व्यस्त था, तभी पीछे से मिनी बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार सभी यात्री  एक दरगाह जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि बस का चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था।  

 

तेलंगाना ः चलती ट्रेन में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, केस दर्ज
तेलंगाना में एक चलती ट्रेन में 12 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज खबर सामने आई है। यह वारदात झारसुगुड़ा से सिकंदराबाद की यात्रा के दौरान रक्सौल-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में हुई। ट्रेन के शौचालय में आरोपी सहयात्री ने न सिर्फ लड़की का यौन उत्पीड़न किया, बल्कि अपने मोबाइल फोन से अपराध का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। एक अधिकारी ने बताया कि केल्जर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर रात जब लड़की शौचालय गई तो आरोपी ने मौका देखकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने सुबह अपनी मां को आपबीती बताई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। 

भारत ने फिर म्यांमार को भेजी 31 टन राहत सामग्री
भारत ने रविवार को म्यांमार में तैनात भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल इकाई के लिए 31 टन राहत सामग्री भेजी है। यह राहत सामग्री एक सी-17 ग्लोबमास्टर हेवी-लिफ्ट विमान में भेजी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमान ने रविवार तड़के गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सी-17 विमान भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल इकाई के लिए पुनःपूर्ति भंडार सहित 31 टन मानवीय सहायता लेकर मांडले के लिए रवाना हुआ। भारत ने 28 मार्च को म्यांमार और थाईलैंड में आए भूकंप से हुई तबाही के तुरंत बाद ऑपरेशन ब्रह्मा राहत अभियान शुरू किया।
 
चार उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े एक किशोर समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को शनिवार को बिष्णुपुर के मोइरांग ओक्सहोंगबंग से गिरफ्तार किया गया। जबकि केसीपी (एमसी प्रोग्रेसिव) के सक्रिय सदस्य को नाम्बोल बाजार से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर को भी बिष्णुपुर के निंगथौखोंग से पकड़ा गया। वहीं हियांगलाम में यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया।

CPIM के महासचिव बने एमए बेबी

एमए बेबी को सीपीआई(एम) का महासचिव चुना गया है।
 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की 4 दिवसीय यात्रा पर रवाना हुईं।
 

रामनवमी पर सिलीगुड़ी में शोभा यात्रा निकाली गई

रामनवमी 2025 के अवसर पर सिलीगुड़ी में शोभा यात्रा निकाली गई।
 

रामनवमी पर आयोजित शोभा यात्रा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती

अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती रामनवमी के अवसर पर उत्तर 24 परगना में आयोजित शोभा यात्रा में शामिल हुए।
 

रांची में रामनवमी पर आयोजित शोभा यात्रा में हुए केंद्रीय मंत्री संजय सेठ

झारखंड की राजधानी रांची में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने रामनवमी के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में भाग लिया।
 

रामनवमी पर शोभा यात्रा पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने की पुष्प वर्षा

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रामनवमी 2025 के अवसर पर निकाली जा रही शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की।
 

बंगलूरू में सड़क पर महिला का यौन उत्पीड़न, केस दर्ज

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के सद्दुगुंटेपल्या के पास सड़क पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया गया। मामले में डीसीपी साउथ ईस्ट बंगलूरू सारा फातिमा ने बताया कि, घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। धारा 74, 75, 78 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

 

केंद्रीय मंत्री ने तेलंगाना के सीएम को लिखा पत्र

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री और तेलंगाना राज्य भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने राज्य में लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के संबंध में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को पत्र लिखा।

सीजेआई ने पहली बार तिरुपति मंदिर में पूजा-अर्चना की
भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने रविवार को तिरुमाला मंदिर में अपनी पहली यात्रा के दौरान भगवान वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना की। टीटीडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंदिर के महाद्वारम में सीजेआई का तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव और अतिरिक्त ईओ वेंकैया चौधरी ने पारंपरिक सम्मान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वागत किया।

टीटीडी के एक अधिकारी ने कहा, 'टीटीडी की ओर से हमने मंदिर की परंपराओं के अनुसार सीजेआई का गर्मजोशी से आध्यात्मिक स्वागत किया।' दर्शन के बाद, सीजेआई ने रंगनायकुला मंडपम में शेष वस्त्रम (पवित्र वस्त्र) और वेदसर्वचनम (वैदिक आशीर्वाद) प्राप्त किया। उन्हें तीर्थ प्रसादम (पवित्र जल) और भगवान की एक लेमिनेटेड तस्वीर भी भेंट की गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि शनिवार रात पहुंचे न्यायमूर्ति खन्ना ने अपनी पत्नी के साथ तिरुचनूर स्थित श्री पद्मावती अम्मा मंदिर में भी दर्शन किए और विशेष प्रार्थना में भाग लिया।

मणिपुर: वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ इंफाल घाटी में विरोध प्रदर्शन, सुरक्षा बलों के साथ झड़प
मणिपुर की इंफाल घाटी के कई इलाकों में रविवार को वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। थौबाल जिले के लीलोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर 5,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें भी हुईं।

थौबाल के इरोंग चेसाबा में सुबह तनाव उस समय बढ़ गया जब प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। इस दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह कानून संविधान की भावना के विपरीत है। एक प्रदर्शनकारी साकिर अहमद ने कहा, यह अधिनियम मुस्लिम समुदाय के हितों पर हमला है। इंफाल पूर्व के क्षत्री अवांग लेइकाई, कैरांग मुस्लिम, कियामगेई मुस्लिम और थौबाल के सोरा क्षेत्र में भी विरोध रैलियां निकाली गईं। प्रशासन ने घाटी के मुस्लिम बहुल इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

कर्नाटक- सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत
कर्नाटक में एनएच 48 पुणे बंगलूरू हाईवे पर हुबली के पास नूलवी क्रॉस पर एक कार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। हुबली आ रही कार हाईवे पर एक साइड वॉल से टकरा गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई। मामले में धारवाड़ एसपी गोपाल एम बायकोड ने बताया- हुबली ग्रामीण पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है, और जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed