फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates north east west south india politics crime events national news in hindi

Updates: बंगाल में BJP का प्रदर्शन, TMC का मदन मित्रा को नोटिस; 30 दिन में पूरी होगी रथयात्रा भगदड़ की जांच

Sun, 29 Jun 2025 10:11 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sun, 29 Jun 2025 10:11 PM IST
विज्ञापन
news updates north east west south india politics crime events national news in hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

हैदराबाद स्थित तेलुगू समाचार चैनल महा न्यूज के दफ्तर पर शनिवार दोपहर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि उपद्रवियों ने जुबली हिल्स स्थित चैनल परिसर में तोड़फोड़ की और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। हमलावरों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। उधर, सत्तारूढ़ कांग्रेस विधायक वेंकट बालमूर ने घटना की निंदा की और विपक्षी बीआरएस नेताओं पर हमले का आरोप लगाया। घटना पर बीआरएस की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है।

विज्ञापन

 

केंद्र से कल वार्ता करेंगे मणिपुर के सिविल सोसायटी संगठन
मणिपुर के सिविल सोसायटी संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करेगा। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ऑल मणिपुर यूनाइटेड क्लब्स ऑर्गनाइजेशन (एएमयूसीओ), कोऑर्डिनेटिंग कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी (कोकोमी) और फेडरेशन ऑफ सिविल सोसाइटी ऑर्गनाइजेशन (फॉक्स) की एक टीम सोमवार को गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ वार्ता करेगी।

मीडिया से बातचीत में कोकोमी के संयोजक खुराईजम अथौबा ने कहा, एएमयूसीओ, कोकोमी और फॉक्स का प्रतिनिधिमंडल 30 जून को गृह मंत्रालय के अधिकारियों से मिलेगा। हम उन्हें लोगों की चिंताओं और निराशाओं से अवगत कराएंगे। एएमयूसीओ के वरिष्ठ सदस्य एस. भूबन ने कहा कि मणिपुर की क्षेत्रीय सीमा को प्रभावित न होने देना मुख्य प्राथमिकता है। हम इंफाल घाटी के सीमावर्ती क्षेत्रों में किसानों के सामने आने वाले खतरों को रोकने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपायों पर जोर देंगे। सभी के लिए राजमार्गों को खोलना एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा है। बैठक में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की स्थिति और उनके पुनर्वास पर भी चर्चा होगी।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

बंगाल: 6 महीने के बेटे की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पुलिस ने शनिवार को 25 वर्षीय महिला को छह महीने के बेटे की गला दबाकर हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। घटना जिले के कल्याणी थाना क्षेत्र में हुई। एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने शुक्रवार शाम को शोर मचाया कि उसका बेटा लापता हो गया है, जिसके बाद परिवार और पड़ोसियों ने बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना दी गई और वे भी तलाश में शामिल हो गए। बच्चे का शव पास के सेप्टिक टैंक में मिला। पूछताछ के दौरान पुलिस को महिला के बयान पर शक हुआ। पछताछ में उसने बेटे की हत्या की बात स्वीकार की। 
विज्ञापन

पुरी की रथ यात्रा पर जा रही तीन महिलाओं की सड़क दुर्घटना में मौत
 पुरी में रथ यात्रा समारोह में भाग लेने जा रही तीन युवतियों की भुवनेश्वर और पुरी को जोड़ने वाले राजमार्ग पर एक बस की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना पिपिली के नजदीक एक पुल के पास तब हुई जब दोपहिया वाहन पर जा रही तीन महिलाओं को एक मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। मोटर साइकिल की टक्कर से वे सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रही एक सरकारी बस के पहिए के नीचे आ गईं।

पिपिली थाने के प्रभारी निरीक्षक सौमेंद्र एस त्रिपाठी ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला ने पिपिली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक महिलाओं की पहचान रिमिझिमी प्रियदर्शिनी साहू, एलिना दास और काजल दास के रूप में हुई है। इनमें से दो केंद्रपाड़ा जिले की रहने वाली थीं, जबकि तीसरी महिला भुवनेश्वर के ओल्ड टाउन इलाके की रहने वाली थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लापरवाही के लिए डॉक्टर पर लगाया 10 लाख का जुर्माना
राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एक डॉक्टर को चिकित्सकीय लापरवाही का दोषी ठहराया। राष्ट्रीय आयोग ने आंध्र प्रदेश राज्य उपभोक्ता निवारण आयोग के दोषसिद्धि का फैसला बरकरार रखा। हालांकि, मानसिक पीड़ा के लिए मुआवजे की राशि को 30 लाख से घटाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया।

आयोग के सदस्य बिजॉय कुमार व सदस्य जस्टिस सरोज यादव ने डॉ. पी यशोधरा की अपील पर सुनवाई की। शिकायतकर्ता के श्रीलता ने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल, 2011 को डिलीवरी के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से शिशु को सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उसका दाहिना कान कटकर अलग हो गया था। शिशु मानसिक रूप से अक्षम हो गया। 6 जून के आदेश में आयोग ने कहा कि डॉक्टर के अस्पताल ने सर्जरी के लिए जरूरी सहमति नहीं ली थी। 

डिजिटल अरेस्ट रख 70 साल की डॉक्टर से ठगे तीन करोड़
मुंबई में साइबर ठगों ने 70 की एक महिला डॉक्टर को आठ दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' रखा और उससे करीब तीन करोड़ रुपये ठग लिए। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने मई में महिला डॉक्टर को कॉल आया।
अमित कुमार नाम के शख्स ने खुद को दूरसंचार विभाग का कर्मचारी बताया। उसने महिला से कहा कि आपराधिक गतिविधियों के लिए उसकी व्यक्तिगत जानकारी से एक सिम कार्ड खरीदा गया है। डर की वजह से महिला डॉक्टर अपराधियों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में 3 करोड़ रुपये भेज दिए।  पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति ने भी वीडियो कॉल पर डॉक्टर के पति से बात की। ठगों ने महिला को वीडियो निगरानी यानी डिजिटल अरेस्ट में रखा। 

कोलकाता गैंगरेप केस की जांच तेज
दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज में 25 जून की शाम हुई कथित गैंगरेप की घटना की जांच के लिए गठित SIT को और मजबूत किया गया है। शुरुआत में 5 सदस्यीय SIT बनाई गई थी, जिसकी कमान एसीपी प्रदीप कुमार घोषाल संभाल रहे थे। अब इसमें चार और अफसरों को शामिल कर कुल सदस्यों की संख्या 9 कर दी गई है। कोलकाता पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

हैदराबाद पहुंचे अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान शाह निजामाबाद में नेशनल टर्मरिक बोर्ड के मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह अन्य विकास योजनाओं और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

केरल सरकार जुम्बा का किया बचाव, मुस्लिम धार्मिक संगठनों की आलोचना खारिज की
केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने रविवार को राज्य सरकार के स्कूलों में जुम्बा खेल को शामिल करने के फैसले का बचाव किया। मंत्री ने कुछ मुस्लिम धार्मिक संगठनों की आलोचना को खारिज किया। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को सांप्रदायिक रंग देने को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जुम्बा एक राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त खेल है, जिसमें देशभर से लाखों भाग लेते हैं।

कुछ धार्मिक समूहों की आलोचना का जिक्र करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए इस खेल में भाग लेने वाले सभी लोगों का अपमान किया गया है। शिवनकुट्टी ने कहा, जिन लोगों ने ऐसे बयान दिए हैं, उन्हें अपने बयान वापस लेने चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कुछ धार्मिक समूहों द्वारा स्कूल के पाठ्यक्रम में जुम्बा को शामिल करने का विरोध बढ़ रहा है। इसे एक नशा विरोधी जागरूकता अभियान के हिस्से के रूप में शुरू किया गया है।

बंगाल में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ 25 जून की शाम को कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में कथित सामूहिक बलात्कार की घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ने कहा, 'पूरे प्रदेश में भाजपा पहले दिन से सड़क पर है... आज पूरे प्रदेश में मशाल जुलूस चल रहा है। पूरे प्रदेश की युवा मोर्चा और महिला मोर्चा सड़क पर है... हमने यहां बड़ा मशाल जुलूस निकाला है। पूरे बंगाल में कोई भी बेटी ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते सुरक्षित नहीं है। बेटी को सुरक्षा देने का काम पुलिस का है। पुलिस पूरी तरीके से फेल है'।
 
 
 

TMC ने विधायक मदन मित्रा को जारी किया नोटिस
तृणमूल कांग्रेस ने दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज में कथित सामूहिक बलात्कार मामले पर हाल ही में की गई टिप्पणी को लेकर पार्टी विधायक मदन मित्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं इस मामले में मदन मित्रा ने कहा, 'अभी तक मुझे कुछ नहीं मिला है। यह पार्टी का मामला है। मैं इस बारे में पार्टी के अंदर बात करूंगा'।


 

सोमवार को पुडुचेरी भाजपा को मिलेगा नया अध्यक्ष
पुडुचेरी भाजपा को सोमवार को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पूर्व नामित विधायक वी. पी. रामालिंगम 30 जून को निर्विरोध रूप से पार्टी अध्यक्ष चुने जाएंगे। रामालिंगम ने रविवार को इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया और उनके अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। भाजपा इस समय एआईएनआरसी (ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस) के नेतृत्व वाली सरकार में गठबंधन सहयोगी है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

रामालिंगम (63 वर्षीय) ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। उन्होंने 2021 में भाजपा का दामन थामा, जब पार्टी एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली सरकार में गठबंधन सहयोगी बनी थी। रामालिंगम उन तीन भाजपा नेताओं में शामिल थे, जिन्हें पुडुचेरी विधानसभा में नामित किया गया था। उनके साथ के. वेंकटेशन और आर. बी. अशोक बाबू भी नामित विधायक थे।  तीनों नामित विधायकों ने 27 जून को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पेशे से व्यवसायी और रियल एस्टेट कारोबारी रामालिंगम के पास तकनीकी क्षेत्र में डिप्लोमा है। उनके बड़े भाई वी. पी. शिवकोलुंधु कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वह पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। रामालिंगम अब एस. सेल्वगणपति की जगह लेंगे, जो अब तक भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष थे।

पुडुचेरी की राजनीति में इन दिनों घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। 27 जून को सरवनन कुमार ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, उनके स्थान पर नए मंत्री की नियुक्ति पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद की जाएगी। पुडुचेरी भाजपा इकाई ने तीन नामित विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई सीटों को भरने के लिए तीन नामों की सिफारिश पार्टी हाईकमान को भेज दी है।

गुंडिचा मंदिर ले जाए गए भगवान के तीनों विग्रह
ओडिशा के पुरी में 'अडापा मंडप बिजे' का पवित्र अनुष्ठान गहरी आध्यात्मिक भक्ति के साथ चल रहा है, क्योंकि दिव्य भाई-बहनों - भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को औपचारिक रूप से पुरी के गुंडिचा मंदिर में ले जाया जा रहा है।
 

ओडिशा के मंत्रियों ने लिया भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग, परिवहन मंत्री विभूति जेना और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने पुरी के गुंडिचा मंदिर में अडापा मंडप बिजे अनुष्ठान के दौरान भगवान जगन्नाथ और उनके दो भाई-बहनों का आशीर्वाद लिया।
 

30 दिन में पूरी होगी रथयात्रा भगदड़ की जांच
ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़ के मामले में राज्य के मंत्री ने बड़ा अपडेट दिया है। राज्य के एक मंत्री ने बताया कि, पुरी रथ यात्रा भगदड़ की जांच 30 दिनों में पूरी हो जाएगी।

ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा, 'महाप्रभु अपनी इच्छा से भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देने के लिए रथ पर विराजमान होते हैं... कल भक्तों को प्रार्थना करने का अवसर मिलेगा... मैंने महाप्रभु से सभी की भलाई के लिए प्रार्थना की'। पुरी रथ यात्रा भगदड़ पर उन्होंने कहा, यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और एक वरिष्ठ अधिकारी घटना की जांच करेंगे... जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद हम कार्रवाई करेंगे।
 

टाटा स्टील को आईटीसी के गलत लाभ पर 1,000 करोड़ का नोटिस
टाटा स्टील को वित्त वर्ष 2018-19 और 2022-23 के बीच इनपुट टैक्स क्रेडिट के कथित अनियमित लाभ पर 1,000 करोड़ रुपये की मांग पर जीएसटी विभाग से कारण बताओ सहित नोटिस मिला है। कंपनी को 30 दिनों के भीतर केंद्रीय जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, जमशेदपुर, झारखंड के अतिरिक्त/संयुक्त आयुक्त के समक्ष कारण बताना होगा। रांची के केंद्रीय कर आयुक्तालय ने कहा, प्रावधानों का उल्लंघन कर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया गया। टाटा स्टील ने कहा, उसने सामान्य कारोबार के तहत पहले ही 514.19 करोड़ रुपये का जीएसटी भुगतान कर दिया है। कंपनी संबंधित प्राधिकरण में नोटिस के खिलाफ अपील दायर करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed