News Updates: जंजीबार के राष्ट्रपति आज आएंगे भारत, तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत
दोनों देशों में बढ़े आर्थिक संबंध
वाणिज्य-उद्योग मंत्रालय के अनुसार, भारत-तंजानिया ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों देशों में व्यापार 2025-26 में बढ़कर 9.02 अरब डॉलर हो गया, जो गत वित्तीय वर्ष में 8.64 अरब डॉलर था। मंत्रालय ने कहा, द्विपक्षीय व्यापार की व्यापक समीक्षा से पता चला है कि चौथी जेटीसी के बाद से इसमें लगातार और स्थिर वृद्धि हुई है, जो द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में बढ़ती गति को दर्शाता है।
संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले शुक्रवार को सत्तारूढ़ एनडीए के नेताओं की बैठक होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर यह अहम बैठक हो सकती है। मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। जेपीसी उस संविधान संशोधन विधेयक पर रिपोर्ट स्वीकार कर सकती है, जिसमें 30 दिन न्यायिक हिरासत में रहने पर पीएम, सीएम व मंत्री को हटाने का प्रावधान है।
बंगलूरू में तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत
बंगलूरू में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 79 वर्षीय बुजुर्ग परशुराम एम.के. की इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई को बनशंकरी रिंग रोड पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें पहले एवी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और फिर विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने पहले लापरवाही से वाहन चलाने और दूसरों की जान खतरे में डालने का मामला दर्ज किया था। चालक मंजूनाथ को हिरासत में लेकर बाद में स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया था। बुजुर्ग की मौत के बाद अब मामले में लापरवाही से मौत (BNS की धारा 106(1)) भी जोड़ दी गई है। शुरुआती जांच में हादसे के लिए चालक की लापरवाही जिम्मेदार पाई गई है।
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अल्पसंख्यक समुदायों के हितों की रक्षा और उनके विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। उनका कार्यकाल 3 साल का रहेगा। वह पंजाब में भाजपा के बड़े सिख चेहरे के तौर पर एक्टिव रहे हैं।
Harjit Singh Grewal appointed as Chairman National Commission for Minorities pic.twitter.com/8IWLmefZEQ
— ANI (@ANI) July 17, 2026
तमिलनाडु के कोयंबटूर नगर निगम की बैठक में शुक्रवार को कांग्रेस और द्रमुक (DMK) पार्षदों के बीच तीखी झड़प हो गई। इसके बाद मेयर रंगनायकी ने कांग्रेस के पांच पार्षदों को दो महीने के लिए निलंबित कर दिया। यह विवाद निगम की 'सेम्मोझी पूंगा' परियोजना में 40 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का मुद्दा उठाने पर शुरू हुआ।
कांग्रेस पार्षद आर. गायत्री ने एक अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए इस परियोजना के खर्च और टेंडर प्रक्रिया पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की थी। गायत्री का आरोप है कि सवाल पूछने पर उनके साथ हिंसा की गई। उन्हें शारीरिक रूप से रोका गया, डराया-धमकाया गया और सदन के भीतर उनकी साड़ी भी खींची गई। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे पर सवाल पूछने के बदले उन्हें हिंसा का सामना करना पड़ा।