फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कांग्रेस ने सांसदों को जारी किया व्हिप, बंगाल में SIR का विरोध; स्टालिन को अस्पताल से मिली छुट्टी

Sun, 27 Jul 2025 03:38 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sun, 27 Jul 2025 03:38 PM IST
विज्ञापन
News Updates North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी शनिवार को नलगोंडा में उनके खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में हैदराबाद की विशेष ज्यूडिशियल फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट (जेएफसीएम) कोर्ट में पेश हुए। यह मामला समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाले बयानों से संबंधित है। रेड्डी पर 2023 में नालगोंडा में एक पार्टी बैठक के दौरान अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है, जिसके बाद नलगोंडा टू टाउन पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट में रेड्डी ने सभी आरोपों से इन्कार करते हुए मुकदमे का सामना करने का फैसला किया। मामले की अगली सुनवाई और फैसला 31 जुलाई को होगा। रेड्डी ने पहले भी इन आरोपों को झूठा और आधारहीन बताते हुए खारिज किया था। उन्होंने दावा किया था कि ये राजनीति से प्रेरित हैं।

विज्ञापन


कांग्रेस ने अपने सासंदों से कहा- सदन में मौजूद रहें
कांग्रेस पार्टी ने अपने लोकसभा सांसदों को अगले तीन दिनों तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है। इसके लिए तीन पंक्ति का व्हिप जारी किया है। 
विज्ञापन


तमिलनाडु: सीएम स्टालिन को अस्पताल से मिली छुट्टी
तमिलनाडुके मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।  विशेषज्ञों की टीम ने मेडिकल उपचार के बाद उन्हें स्वस्थ घोषित किया था। मुख्यमंत्री आज शाम चेन्नई के ग्रीम्स रोड पर स्थित अपोलो अस्पताल से घर आएंगे। अस्पताल ने कहा है कि उन्हें तीन दिन बाद अपनी सामान्य दिनचर्या शुरू करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में उठी आवाज
कोलकाता में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता अशुतोष चटर्जी ने कहा कि बंगाल में एसआईआर की कोई जरूरत नहीं है और यह अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर भाजपा की राजनीति है। उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा पर फौरन पूरी तरह से बाड़ लगाने की मांग की और चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।

गैस मिस्त्री बनकर प्रोफेसर की पत्नी से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा के बालासोर में फकीर मोहन यूनिवर्सिटी के क्वार्टर में घुसकर एक व्यक्ति ने महिला से दुष्कर्म की कोशिश की। आरोपी शंकर पात्रा शनिवार दोपहर गैस सिलेंडर मिस्त्री बनकर असिस्टेंट प्रोफेसर के घर में घुसा। उसने रसोई में जांच के बहाने दरवाजा बंद कर महिला पर हमला किया। महिला किसी तरह एक कमरे में बंद होकर चिल्लाई और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।

अरुणाचल के पूर्वी जिलों में शांति बहाली के लिए राज्यपाल ने की ये अपील
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल केटी परनाइक ने तिरप, चांगलांग और लोंगडिंग जैसे उग्रवाद प्रभावित जिलों में विकास और सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए साझा और मानवीय दृष्टिकोण की वकालत की है। नमसाई में सुरक्षा समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी हितधारकों से संवाद, एकता और समर्पण की भावना से काम करने की अपील की। बैठक में उपमुख्यमंत्री चाउना मेइन समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

संसद में बार-बार व्यवधान के कारण सरकार से ज्यादा विपक्ष को होता है नुकसान : रिजिजू
संसद के मानसून सत्र का पहला हफ्ता पहलगाम, ऑपरेशन सिंदूर और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष की हंगामे की भेंट चढ़ गया।

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कहा कि संसद में बार-बार व्यवधान से सरकार से ज्यादा विपक्ष को नुकसान होता है। रिजिजू ने कहा, संसद नहीं चलने से विपक्ष सरकार को जवाबदेह ठहराने का महत्वपूर्ण अवसर खो देता है। रिजिजू ने कहा, नौकरशाह कभी-कभी संसद के स्थगित होने पर राहत महसूस करते हैं। मैं आपको बता दूं जब संसद नहीं चलती है तो अधिकारी राहत महसूस करते हैं, क्योंकि वे पूछताछ से बच जाते हैं।
 

सीएम ममता की भाषाई आतंकवाद रोकने की मांग  
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को बांग्ला भाषी मुसलमानों के भारत से बिना सही प्रक्रिया के निर्वासन किए जाने की आलोचना की। उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच की एक रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट में कहा गया गया है कि भाजपा शासित राज्यों से बंगाली बोलने वाले मुसलमानों को बिना सही प्रक्रिया के बांग्लादेश भेजा जा रहा है। ममता ने इसे देश के लिए शर्मनाक बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बनर्जी ने लिखा कि ह्यूमन राइट्स वॉच ने भाजपा सरकारों में बांग्ला बोलने वाले लोगों के उत्पीड़न, प्रताड़ना और अवैध निर्वासन की ओर ध्यान खींचा है। यह रिपोर्ट 23 जुलाई को न्यूयॉर्क से प्रकाशित हुई थी। 
 

गुवाहाटी में शहीद स्मारक क्षेत्र का पहला चरण पूरा, 860 शहीदों की मूर्तियां होंगी स्थापित
असम के मंत्री अतुल बोरा ने बताया कि गुवाहाटी में बन रहे 'शहीद स्मारक क्षेत्र' परियोजना के पहले चरण में 95 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं। इस स्मारक में असम आंदोलन के 860 शहीदों की मूर्तियां 'हॉल ऑफ फेम' में स्थापित की जाएंगी। मुख्य मूर्ति विश्व की छठी सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। वहीं, बोरा ने आदिवासी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान का भी समर्थन किया और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पहल की सराहना की।

सरकार में दखलंदाजी नहीं कर रहे सुरजेवाला: जी परमेश्वर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने रविवार को कहा कि एआईसीसी के राज्य प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला प्रशासन में कोई दखलअंदाजी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों की ओर से सूरजवाला को 'सुपर सीएम' कहने पर कहा कि यह केवल आरोप है और पूरी तरह गलत है। 

परमेश्वर ने कहा कि पार्टी के महासचिव प्रभारी होने के नाते सुरजेवाला का राज्य में बार-बार आना- जाना स्वाभाविक है, क्योंकि उन्हें यह देखना होता है कि कांग्रेस सरकार चुनाव से पहले जनता को किए गए वादों को पूरा कर रही है या नहीं। हाल ही में सुरजेवाला ने कई विधायकों और मंत्रियों के साथ एक-एक कर बैठकें कीं, जिस पर भाजपा और जेडी(एस) ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उन्हें 'सुपर सीएम' कहा। विपक्ष ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भरोसा खो दिया है और कर्नाटक में 'रणदीप शासन' थोप दिया है।

परमेश्वर ने विपक्ष की इस आलोचना पर कहा,  यह सिर्फ आरोप हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। सुरजेवाला हमारी पार्टी के कर्नाटक प्रभारी हैं। उन्हें एआईसीसी ने नियुक्त किया है। यह कोई नई बात नहीं है। वह चुनाव से पहले भी यहां थे और अब भी हैं। स्वाभाविक रूप से वह यह देखने के लिए राज्य का दौरा करते रहते हैं कि सरकार चुनाव के वादों को पूरा कर रही है या नहीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरजेवाला ने किसी अधिकारी को बैठक के लिए नहीं बुलाया है और न ही उन्हें कोई निर्देश दिए हैं। प्रशासन में उनकी कोई दखलअंदाजी नहीं है।

केरल: कुख्यात अपराधी पर बयान देने वाला जेल अधिकारी निलंबित
केरल के गृह विभाग ने एक वरिष्ठ जेल अधिकारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस अधिकारी के एक कुख्यात कैदी को लेकर दिए गए बयान के कारण की गई, जिसे दो दिन पहले कन्नूर केंद्रीय कारागार से फरार होने के बाद फिर से पकड़ लिया गया था। सरकार ने इस बयान को अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। 

सरकारी आदेश के अनुसार, उप जेल अधिकारी अब्दुल सत्तार को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह आदेश उप महानिरीक्षक (जेल) की ओर से जारी किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने आदेश की एक प्रति मीडिया को भी जारी की। आदेश में जिक्र किया गया है कि अधिकारी ने हाल ही में एक मलयालम टेलीविजन चैनल से बातचीत में कहा था कि गोविंदचामी उर्फ गोविंदस्वामी (41 वर्षीय) ने पहले ही यह कह दिया था कि वह जेल से फरार हो जाएगा। गोविंदस्वामी शुक्रवार को कन्नूर केंद्रीय कारागार से फरार हुआ था।

मैसूर में एमडीएमए ड्रग बनाने की फैक्ट्री पर छापा, महाराष्ट्र और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
महाराष्ट्र पुलिस ने मैसूर पुलिस के साथ मिलकर एक एमडीएमए (जिसे 'एक्स्टसी' भी कहा जाता है) ड्रग  बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई शनिवार को की गई। पुलिस ने बताया कि इस फैक्ट्री में कथित रूप से एमडीएमए ड्रग तैयार किया जा रहा था। छापे के दौरान बड़ी मात्रा में यह नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया गया है।

कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इस छापेमारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह छापा महाराष्ट्र पुलिस ने मैसूरु पुलिस के सहयोग से मारा गया। दावणगेरे में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, मैसूर में एमडीएमए ड्रग बनाने वाली एक फैक्ट्री पर मुंबई पुलिस ने छापेमारी की। उन्हें यह जानकारी किसी गिरफ्तार आरोपी से मिली थी, जिसके आधार पर वे हमारे पुलिस अधिकारियों से मिले और मदद मांगी। उन्होंने कुछ लोगों को पकड़ा है। यह बहुत ही चिंता की बात है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

केरल : महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने की कोशिश के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
दक्षिणी कोल्लम जिले के पठानपुरम में इलाज के बहाने एक महिला डॉक्टर के डेंटल क्लिनिक में आकर उसके साथ छेड़छाड़ व हमला करने की कोशिश करने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला डॉक्टर के मुंह में कपड़े ठूंसकर उस पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, महिला लोगों को सूचना देने में कामयाब रही। बाद में कुछ लोग क्लिनिक पहुंचे और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला के पिता की दुकान भी क्लिनिक के पास ही है। डॉक्टर का विस्तृत बयान दर्ज किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए रविवार को आरोपी को क्लिनिक ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed