Updates: मासूम से दुष्कर्म और हत्या के दोषी को मौत की सजा; महिला इंस्पेक्टर से बदसलूकी, ओडिशा के DIG निलंबित
ओडिशा की भाजपा सरकार ने महिला इंस्पेक्टर से बदसलूकी के मामले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंडित राजेश उत्तमराव को निलंबित कर दिया है। उत्तमराव, अग्निशमन सेवा एवं होमगार्ड्स विभाग में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर कार्यरत थे।
विस्तार
एक विशेष पॉक्सो अदालत ने 2022 में गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में आठ वर्षीय बच्ची से बलात्कार और हत्या के दोषी 32 वर्षीय व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। कोडिनार शहर में विशेष न्यायाधीश एस आई भोरानिया ने सोमवार को पारित आदेश में कहा कि दोषी सोमाभाई सोलंकी को तब तक लटकाया जाए जब तक कि उसकी मौत न हो जाए।
अदालत ने उसे 25,000 रुपये का जुर्माना भी भरने का निर्देश दिया। साथ ही नाबालिग लड़की के परिवार को गुजरात पीड़ित मुआवजा योजना, 2019 के तहत 17 लाख रुपये का भुगतान करने का भी निर्देश दिया। अदालत ने इसे दुर्लभतम मामला माना, क्योंकि उसने पाया कि आरोपी ने बहुत क्रूर और निर्दयी तरीके से अपराध किया है, इसलिए उसके पास उसे मौत की सजा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। एजंेसी
इस बीच ओडिशा की भाजपा सरकार ने महिला इंस्पेक्टर से बदसलूकी के मामले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंडित राजेश उत्तमराव को निलंबित कर दिया है। उत्तमराव, अग्निशमन सेवा एवं होमगार्ड्स विभाग में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर कार्यरत थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, महिला इंस्पेक्टर से शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उत्तमराव ने 27 जुलाई की रात अपने पद का दुरुपयोग कर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई। अपनी चार दिवसीय दिल्ली यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार शाम इस पर संज्ञान लिया और दोषी उत्तमराव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।
दिल्ली आ रहे विमान को तकनीकी खराबी के बाद लौटना पड़ा बागडोगरा
पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली आ रहे स्पाइसजेट के विमान को मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण लौटना पड़ा। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही विमान संख्या एसजी 8199 ने बागडोगरा हवाईअड्डे पर एहतियातन लैंडिंग की। उस वक्त विमान में चालक दल के सदस्य और 160 यात्री सवार थे। सुरक्षा कारणों से सभी को उतार दिया गया। विमान को सुबह 8.10 बजे उड़ान भरनी थी और 10.15 बजे दिल्ली पहुंचना था। कंपनी ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।