Updates: प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का आरोप; बुजुर्ग की मौत पर NHA ने मांगी रिपोर्ट
ब्रिटिश नागरिक प्रफुल्ल मोहंती ने आरोप लगाया है कि उनको 18वें प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में शामिल होने से रोक दिया गया। उनके पास पैन कार्ड नहीं होने के कारण उनका आवेदन खारिज कर दिया गया था। यह पूरी तरह से गलत है। इसे लेकर सूत्रों का कहना है कि प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में पंजीकरण के लिए पैन कार्ड की आवश्यकता नहीं है। प्रफुल्ल मोहंती ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण नहीं कराया था।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ न मिलने पर बुजुर्ग ने की खुदकुशी
बंगलूरू में आयुष्मान भारत पीएम जन आरोग्य वरिष्ठ नागरिक चिकित्सा योजना का लाभ न मिलने पर एक कैंसर पीड़ित एक 72 वर्षीय बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। इसे लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण से रिपोर्ट मांगी है।
एक करोड़ किसानों को जारी किए गए डिजिटल कार्ड
डिजिटल कृषि मिशन के तहत एक करोड़ किसानों के डिजिटल कार्ड जारी किए गए हैं। यह ऐसा कार्ड है, जिसकी सहायता से किसान केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। डिजिटल कार्ड से लाभान्वित होने वाले किसानों में सबसे अधिक गुजरात से 32 लाख किसान हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 30 लाख, मध्य प्रदेश के 28 लाख किसान हैं। इस कार्ड को किसानों और उनकी खेती का आधार कार्ड भी कहा जाता है। इससे भूमिहीन और भूमि वाले किसानों का पता लग सकेगा। भूमिहीन किसानों के कल्याण के लिए केंद्र को योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। किसान को भी अपने कार्ड की मदद से कृषि ऋण से लेकर समस्त कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
गूगल मैप ने असम पुलिस को नगालैंड पहुंचाया, लोगों ने बना लिया बंधक
गूगल मैप उपयोगी है लेकिन कई बार लोगों को मुसीबत में भी फंसा देता है। ताजा मामले में छापा मारने जा रही असम पुलिस की 16 सदस्यीय टीम को गूगल मैप ने गलती से नगालैंड के मोकोचंग पहुंचा दिया।
असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जोरहाट पुलिस टीम जैसे ही मंगलवार को नगालैंड पहुंची स्थानीय लोगों ने उन्हें अपराधी समझकर उन पर हमला बोल दिया और रातभर उन्हें बंदी बनाए रखा। 16 पुलिसकर्मियों में केवल तीन ही वर्दी में थे और बाकी सादा वर्दी में थे, जिससे वहां के लोगों को भ्रम हुआ। उन्होंने बताया कि गूगल मैप पर उस इलाके को चाय बागान दिखाया जा रहा था, जबकि वास्तव में वह क्षेत्र नगालैंड में पड़ता है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। जानकारी मिलने पर जोरहाट पुलिस ने तत्काल मोकोचंग के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया।
टीएमसी पार्षद की हत्या में पार्टी के ही दो नेता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद दुलाल सरकार की हत्या मामले में जिला पुलिस ने तृणमूल के ही जिला सदर अध्यक्ष नरेंद्र नाथ तिवारी सहित दो लोगों को पूछताछ के बाद बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
राज्य पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), दक्षिण बंगाल सुप्रतीम सरकार ने कोलकाता में दावा किया कि पार्षद की हत्या के लिए 50 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार तृणमूल के इंग्लिशबाजार जिला सदर अध्यक्ष नरेंन्द्र नाथ तिवारी और स्वप्न शर्मा ही घटना के मास्टरमाइंड है। सबूतों के अनुसार तिवारी ने ही सुपारी दी थी। एडीजी ने कहा, हत्या मामले में पहले गिरफ्तार पांच लोगों से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर मालदा जिला पुलिस ने दोनों को मंगलवार रात पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था। एसपी और एसआईटी टीम ने पूछताछ के दोनों को गिरफ्तार किया है। एडीजी ने कहा, स्वप्न शर्मा इलाके का एक कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ इलाके में हत्या, बमबाजी सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज है। उल्लेखनीय है कि दो जनवरी की सुबह मालदा में अज्ञात हमलावरों ने सत्तारूढ़ दल के पार्षद दुलाल सरकार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घरेलू एयरलाइंस को आईएमडी से साझा करना होगा मौसम का डाटा
सरकार घरेलू एयरलाइंस के टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान इकट्ठा किए गए मौसम डाटा को भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के साथ अनिवार्य रूप से साझा करने को लेकर योजना बना रही है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा कि इस कदम से मौसम पूर्वानुमान में काफी सुधार होगा।
मंत्रालय इस विषय पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ बातचीत कर रहा है और जल्दी ही इस नियम को घरेलू एयरलाइनों के लिए अनिवार्य कर दिया जाएगा। रविचंद्रन ने कहा कि मौसम डाटा साझा करना अनिवार्य होना चाहिए। यह डाटा न केवल एयरलाइनों के सुरक्षित संचालन में मदद करेगा, बल्कि पूरे देश में मौसम पूर्वानुमान को बेहतर बनाएगा।
गोदावर्ती वेंकट श्रीनिवास ओमान में होंगे भारत के अगले राजदूत
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गोदावर्ती वेंकट श्रीनिवास को ओमान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है। गोदावर्ती वेंकट श्रीनिवास (आईएफएस: 1993) वर्तमान में मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वह जल्द ही कार्यभार संभाल लेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UT) को पत्र लिखकर टीबी को खत्म करने के लिए जेलों में अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वे भारत से टीबी को खत्म करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता के तहत जेलों और सुधार संस्थानों में टीबी उन्मूलन पर 100 दिनों का गहन अभियान चलाएं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UT) को पत्र लिखकर कहा है कि वे भारत से तपेदिक (TB) को खत्म करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता के तहत जेलों और सुधार संस्थानों में तपेदिक (TB) उन्मूलन पर 100 दिनों का गहन अभियान आयोजित करें। pic.twitter.com/HjECUSX2xY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 9, 2025
तमिलनाडु के रानीपेट में बस और ट्रक की टक्कर में चार तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के रहने वाले तीर्थयात्री चेन्नई के पास एक मंदिर में दर्शन के बाद रोडवेज बस से वापस लौट रहे थे। बस सब्जी से लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में करीब 30 लोग घायल हो गए।
बाइक और बस की टक्कर में एक परिवार के तीन लोगों की मौत
कर्नाटक में रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में दो बच्चों सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। हादसा रमनगरा और कनकपुरा के बीच अचलू गांव में हुआ। बाइक चालक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कनकपुरा से रमनगरा जा रहा था। विपरीत दिशा से आ रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
सरकार ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में पाकिस्तान समेत उन सभी देशों के अधिकारियों को आमंत्रित किया है, जो कभी अविभाजित भारत का हिस्सा थे। इस समारोह में शामिल होने के लिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान, म्यांमार, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, श्रीलंका और नेपाल के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। मध्य पूर्व और दक्षिण-पश्चिम एशिया के प्रतिनिधि भी अतिथि सूची में हैं।
आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हम चाहते थे कि आईएमडी की स्थापना के समय अविभाजित भारत का हिस्सा रहे सभी देशों के अधिकारी समारोह में शामिल हों।' जहां पाकिस्तान ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है, वहीं आईएमडी अभी भी बांग्लादेश से जवाब मिलने का इंतजार कर रहा है। इस समारोह को यादगार बनाने के लिए वित्त मंत्रालय ने 150 रुपये के विशेष स्मारक सिक्के को मंजूरी दी है। इस कार्यक्रम में मैराथन से लेकर प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं से लेकर ओलंपियाड तक, उत्सवों के भारत के मौसम की तरह ही जीवंत होने की उम्मीद है।
पहली बार, IMD गणतंत्र दिवस परेड में अपनी खुद की झांकी प्रदर्शित करेगा। ब्रिटिश काल के दौरान 1875 में स्थापित, IMD 15 जनवरी को 150 साल का हो जाएगा। इसका निर्माण 1864 में कलकत्ता में आए चक्रवात और 1866 और 1871 में लगातार मानसून की विफलता के बाद हुआ था। एक साधारण सेटअप के रूप में शुरू हुआ यह मौसम पूर्वानुमान, संचार और वैज्ञानिक नवाचार का एक पावरहाउस बन गया है। टेलीग्राम के युग में, IMD पुराने तरीके से मौसम की चेतावनी भेजता था। बाद में, यह एक तकनीकी अग्रणी बन गया, जिसने वैश्विक डेटा एक्सचेंज के लिए भारत का पहला संदेश-स्विचिंग कंप्यूटर और मौसम संबंधी शोध के लिए सबसे शुरुआती इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटरों में से एक पेश किया। भारत ने चौबीसों घंटे मौसम की निगरानी और चक्रवात अलर्ट के लिए अपना खुद का भूस्थिर उपग्रह, INSAT लॉन्च करने वाला पहला विकासशील देश बनकर भी इतिहास रच दिया।