फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: फ्रांस के राजदूत बने संजीव कुमार सिंगला; त्रिपुरा के कदमतला में निषेधाज्ञा, मणिपुर में हथियार बरामद

Mon, 07 Oct 2024 12:56 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 07 Oct 2024 12:56 PM IST
विज्ञापन
News Updates 7 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

संजीव कुमार सिंगला को फ्रांस में भारत के अगले राजदूत नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय की तरफ से साझा की गई हैं। बता दें कि संजीव कुमार सिंगला फिलहाल इस्राइल में भारत के राजदूत हैं। 

विज्ञापन




मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार बरामद
मणिपुर के काकचिंग और थौबल जिलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक जब्त किए हैं। जानकारी के मुताबिक ककचिंग जिले के वबागई नतेखोंग तुरेनमेई इलाके में 5 अक्टूबर को तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने मैगजीन के साथ तीन कार्बाइन, एक एयर गन राइफल और 9 एमएम पिस्तौल, दो सिंगल बैरल बंदूकें, बिना डेटोनेटर वाले 14 ग्रेनेड, एक 51 एमएम मोर्टार, दो एमके-III ग्रेनेड, 4.755 किलोग्राम वजनी विस्फोटक आईईडी का एक संदिग्ध कंटेनर जब्त किया है।
विज्ञापन


थौबल जिले के चिंगखम चिंग इलाके में शनिवार को एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एसएमजी कार्बाइन, मैगजीन और एसएसबीएल के साथ एक .32 पिस्तौल जब्त की। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि एक 81 एमएम मोर्टार शेल, चार हैंड ग्रेनेड, तीन डेटोनेटर, 45 जिंदा गोला-बारूद, पांच हरे ग्रेनेड, सात आंसू गैस के ग्रेनेड, 11 आंसू गैस के गोले, दो स्टन शेल (सामान्य) और अन्य सामान भी जब्त किए गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

पीएम मोदी के सम्मान में हर साल विकास सप्ताह मनाएगी गुजरात सरकार
गुजरात सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में हर साल सात अक्तूबर से विकास सप्ताह मनाएगी। मंत्री रुशिकेश पटेल ने रविवार को बताया कि 7-15 अक्तूबर तक विकास सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय सीएम भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने 1 अप्रैल 2005 से पहले निश्चित वेतन के आधार पर नियुक्त 60000 से अधिक कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना और अन्य लाभ प्रदान करने का भी निर्णय लिया है।

तेलंगाना में वादे के मुताबिक ऋण माफी दी जा रही है: सीएम रेवंत रेड्डी 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को कहा कि राज्य में फलस ऋण माफी योजना सफलतापूर्वक लागू की जा रही है। सीएम रेड्डी ने पीएम नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में किसान अभी भी ऋण माफी का इंतजार कर रहे हैं। रेड्डी ने पीएम मोदी की टिप्पणियों के जवाब में उन्हें एक पत्र भी लिखा। मुख्यमंत्री ने मोदी को लिखे अपने पत्र में कहा कि वह पीएम की टिप्पणियों से दुखी और आश्चर्यचकित हैं, क्योंकि यह जमीनी हकीकत को प्रतिबिंबित नहीं करता है।

एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सरकार के वादे के मुताबिक दो लाख रुपये से कम का हर फसल ऋण पूरी तरह माफ कर दिया गया है। रेड्डी ने कहा, 'हमारी सरकार में...वादे के मुताबिक दो लाख रुपये से कम का हर फसल ऋण पूरी तरह माफ कर दिया गया। इसमें 17869.22 करोड़ रुपये की राशि के साथ कुल 2222067 किसानों को शामिल किया गया, जो कि तेलंगाना के गठन के बाद से सबसे बड़ी कृषि ऋण माफी है।'

नौसेना ने ओमान में प्रशिक्षण के लिए तैनात किए तीर-शार्दुल पोत
भारतीय नौसेना ने अपने प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टीएस) की तैनाती ओमान में की है। भारतीय जहाज तीर, शार्दुल और भारतीय तटरक्षक के जहाज वीरा लंबी दूरी की प्रशिक्षण तैनाती पर पांच अक्तूबर को मस्कट पहुंचे। नौ अक्तूबर तक चलने वाला यह प्रशिक्षण भारत और ओमान के बीच समुद्री रिश्ते मजबूत करने का संकेत है। इस दौरान भारतीय नौसेना ओमान की रॉयल नेवी के साथ संयुक्त अभ्यास, समुद्री सुरक्षा और अंतर-संचालन के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत करेगी।

जहाजों की तैनाती के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच प्रशिक्षण का आदान-प्रदान और पेशेवर बातचीत पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पिछले दस वर्षों में यह 1टीएस की तीसरी ओमान यात्रा है। ये बातचीत नौसेना सहयोग को मजबूत करने और दोनों नौसेनाओं के बीच मौजूदा साझेदारी को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल वी श्रीनिवास भी छह से नौ अक्तूबर तक ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह चीफ ऑफ स्टाफ सुल्तान्स आर्म्ड फोर्सेज (सीओएसएसएएफ) अब्दुल्ला बिन खामिस बिन अब्दुल्ला अल रइसी और रॉयल नेवी ऑफ ओमान (सीआरएनओ) के कमांडर रियर एडमिरल सैफ बिन नासिर बिन मोहसेन अल-रहबी के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। वह ओमान में प्रमुख रक्षा और प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे।

साइबर धोखाधड़ी की 319 वारदात में शामिल 18 जालसाज गिरफ्तार
तेलंगाना सहित देशभर में साइबर धोखाधड़ी के 319 मामलों में शामिल 18 जालसाजों को पुलिस ने धर दबोचा है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि एक विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी निवेश का झांसा देकर, डिजिटल अरेस्ट (गिरफ्तारी), सेक्सटॉर्शन, ओटीपी और बीमा धोखाधड़ी के जरिये आम लोगों को निशाना बनाते थे और अब तक कुल 6,94,09,661 रुपये की धोखाधड़ी कर चुके थे।

हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने कहा कि अपराध शाखा ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों में छह टीमों के साथ एक विशेष अभियान चलाया और 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से 5 लाख रुपये नकद, 26 मोबाइल फोन जब्त किए हैं और उनके बैंक खातों में 1,61,25,876 रुपये फ्रीज कर दिए हैं। उधर, पुलिस ने साइबर अपराध के बारे में चेताते हुए एक सलाह जारी की है। कहा गया कि घबराएं नहीं, सतर्क रहें। 

राजनाथ सिंह सोमवार को ‘डिफकनेक्ट 4.0’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को एक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जिसमें सशस्त्र बल, रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां, नवोन्मेषक और नीति निर्माता स्वदेशी नवाचार को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए एक मंच पर आएंगे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘डिफकनेक्ट 4.0’ का आयोजन दिल्ली छावनी स्थित मानेकशॉ सेंटर में किया जाएगा। यह स्वदेशी नवाचार को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

कोलकाता: पुलिस थाने में SI ने महिला नागरिक स्वयंसेवक से 'छेड़छाड़' की, जांच जारी

कोलकाता पुलिस की एक महिला नागरिक स्वयंसेवक ने आरोप लगाया है कि शहर के पार्क स्ट्रीट पुलिस थाने में एक सब-इंस्पेक्टर ने उसका यौन उत्पीड़न किया, जिसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि कथित वारदात 5 अक्टूबर को हुई, जब आरोपी एसआई ने महिला को थाने की चौथी मंजिल पर मौजूद शौचालय में बुलाया।

अधिकारी ने आगे बताया, दुर्गा पूजा के लिए उपहार के तौर पर कपड़े देने के बहाने आरोपी पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर उससे छेड़छाड़ की। हम उसकी शिकायत की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला 2017 में नागरिक स्वयंसेवक के तौर पर नियुक्ति के बाद से ही पार्क स्ट्रीट पुलिस थाने में काम कर रही थी। वहीं महिला ने आरोप लगाया कि उसने लालबाजार में मौजूद कोलकाता पुलिस मुख्यालय और डीसी साउथ के कार्यालय में अपनी शिकायत दी थी, क्योंकि पार्क स्ट्रीट पुलिस थाने के अधिकारियों ने उसकी शिकायत लेने से इनकार कर दिया था।

त्रिपुरा के कदमतला में निषेधाज्ञा लागू

उत्तरी त्रिपुरा के कदमतला इलाके में रविवार से निषेधाज्ञा लागू की गई है। धर्मनगर के एसडीएम सजल देबनाथ ने दुर्गा पूजा की चंदा वसूली को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए यह निर्णय लिया है। एसडीएम देबनाथ ने कदमतला में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत बुधवार तक निषेधाज्ञा लागू की है। 

पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने बताया कि रविवार को दुर्गा पूजा के लिए चंदा वसूली को लेकर कदमतला में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव हो गया। गड़बड़ी भांपते हुए, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ ने दो घरों में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस तैनाती की गई है। उन्होंने कहा पुलिस इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

16 करोड़ ग्रामीणों को मिल रहा नल से जल: जल शक्ति मंत्रालय
देश में करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों को अब पीने योग्य पानी मिल रहा है, जो कि ग्रामीण घरों का 78.58 फीसदी है। यह आंकड़ा जल जीवन मिशन के शुरू होने पर केवल 17 फीसदी था। जलशक्ति मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

मंत्रालय ने बताया कि यह मिशन ग्रामीण-शहरी विभाजन को खत्म करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। मिशन का लक्ष्य 2024 तक हर ग्रामीण परिवार को घर पर नल का कनेक्शन प्रदान करना है। मंत्रालय ने बताया कि छह अक्तूबर तक 15.19 करोड़ ग्रामीण घरों को पानी के नल का कनेक्शन प्रदान किया गया है, जिससे 78.58 फीसदी ग्रामीण घरों की अब पीने योग्य पानी तक पहुंच है। 
   
 

दिल्ली के सुषमा स्वराज  भवन में नौ अक्तूबर को शाम 4.30 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। 

गोवा: अलेमाओ ने भाजपा और आरएसएस पर साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने का आरोप 
गोवा के विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने सोमवार को दावा किया कि गोवा वासियों ने भाजपा और आरएसएस के सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के प्रयासों को नाकाम कर दिया है। पिछले दो दिनों में स्थानीय लोगों और राजनीतिक नेताओं ने पूर्व गोवा आरएसएस प्रमुख सुभाष वेलिंगकर के उस बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने संत फ्रांसिस जेवियर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। 

पणजी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलेमाओ ने आरोप लगाया कि वेलिंगकर ने संत फ्रांसिस जेवियर के दस साल में होने वाले उत्सव को ध्यान में रखते हुए जानबूझकर यह बयान दिया है। उत्तरी गोवा के बिलोचिम पुलिस ने वेलिंगकर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अलेमाओ ने कहा कि भाजपा निर्दयी है और यह मणिपुर में हुए हालात से स्पष्ट है। उन्होंने कहा,गोवा को मणिपुर में तब्दील नहीं किया जाना चाहिए। हमने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया था, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने हमारे प्रस्ताव को चर्चा के लिए स्वीकार नहीं किया। 
 

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मणिपुर कांग्रेस प्रमुख ईडी के सामने नहीं हुए पेश
मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष के मेघचंद्र सिंह सोमवार को धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 (पीएमएलए) के तहत जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हुए।

हालांकि, कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने दावा किया कि समन कुछ दिन पहले जारी किया गया था, लेकिन पार्टी प्रमुख को इसके बारे में सोमवार को ही पता चला। इसलिए वह समय पर पेश नहीं हो पाए। सहायक निदेशक अमित कुमार की ओर से तीन अक्तूबर को जारी समन में कहा गया है कि साक्ष्य और प्रासंगिक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए मेघचंद्र की सात अक्तूबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थिति आवश्यक है। नोटिस में चेतावनी दी गई कि अनुपालन न करने पर पीएमएलए के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है।

उधर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में समन जारी करने की आलोचना करते हुए कहा कि मेघचंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के मुखर विरोधी रहे हैं। आज उन्हें ईडी से समन मिला है। यह प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है।

मेघालय के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मार्टिन डांगो ने भाजपा छोड़ी
मेघालय के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मार्टिन एम डांगो ने सोमवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए भाजपा से इस्तीफा दे दिया। वह पिछले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। डांगो 2003 से 2008 के बीच राज्य विधानसभा के अध्यक्ष थे, उस दौरान वह कांग्रेस में थे। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को त्यागपत्र भेजकर पार्टी छोड़ने के उनके अनुरोध पर विचार करने का आग्रह किया।

डांगो पहली बार 1998 में पीपुल्स डेमोक्रेटिक मूवमेंट के उम्मीदवार के रूप में लैंग्रिन सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे। 2003 में वह कांग्रेस के टिकट पर इस सीट से चुने गए थे। परिसीमन के बाद इस स्थान को रानीकोर निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा बना दिया गया। उन्होंने रानीकोर से 2008, 2013 और 2018 का चुनाव जीता। हालांकि, 2018 में निर्वाचित होने के बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी में शामिल हो गए, लेकिन उसी वर्ष हुए उप-चुनाव में हार गए।

आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू ने पीएम मोदी से की मुलाकात
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

तेदेपा के मुखपत्र 'चैतन्य रथम' ने इस मुलाकात से पूर्व कहा था कि नायडू विशाखापत्तनम में रेलवे जोन, राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड का सेल लिमिटेड में विलय और राज्य में हाल ही में आई बाढ़ के लिए धन मुहैया कराने के मुद्दे को पीएम मोदी के समक्ष उठाएंगे। तेदेपा भाजपा का सबसे बड़ा सहयोगी दल है। 
 

सांसदों ने बीएसएनल सेवा पर जताई नाराजगी कंपनी का वादा छह महीने में सब ठीक होगा
संसदीय समिति ने सरकारी स्वामित्व वाली बीएसएनएल की सेवा की गुणवत्ता और घटते ग्राहक आधार पर नाराजगी जताई। कुछ सांसदों ने खराब सेवा का उदाहरण भी दिया। बीएसएनएल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले छह महीनों में बेहतर सेवा मिलेगी। लगभग 24,000 से एक लाख मोबाइल टावरों को 4जी सेवा से जोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि 54,000 टावर 4जी तकनीक के साथ स्थापित किए जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि बीएसएनएल छह महीने में 1,00,000 टावर लगाने का लक्ष्य हासिल कर लेगा। 4जी से 5जी में जाना तकनीकी रूप से आसान है। बैठक में दूरसंचार सचिव नीरज मित्तल और भारत संचार निगम लिमिटेड के सीएमडी मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed