फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: NIA ने अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले के वांछित आरोपी को गया से दबोचा; कल हैदराबाद नहीं जाएंगे शाह

Fri, 05 Sep 2025 10:13 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 05 Sep 2025 10:13 AM IST
विज्ञापन
News Updates 5th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
एनआईए ने अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले के वांछित आरोपी को गया से दबोचा
विज्ञापन

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को बिहार के गया से अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। यह हमला मार्च में हुआ था। गिरफ्तार आरोपी शरणजीत कुमार उर्फ सनी, पंजाब के गुरदासपुर जिले के भैनी बंगार, कादियां का रहने वाला है।

एनआईए ने कहा कि शरणजीत हमले की साजिश और उसके क्रियान्वयन में सक्रिय रूप से शामिल था। 15 मार्च को हुए इस हमले को दो बाइक सवार हमलावरों गुरसिदक सिंह और विशाल गिल ने अंजाम दिया था, जो विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में सामने आया कि यूरोप, अमेरिका और कनाडा में सक्रिय हैंडलर्स ने भारत में मौजूद अपने ऑपरेटिव्स को हथियार, ग्रेनेड, फंड और टारगेट की जानकारी मुहैया कराई थी। शरणजीत ने 1 मार्च को ग्रेनेड की खेप प्राप्त की थी और हमले से दो दिन पहले गुरसिदक और विशाल को एक ग्रेनेड सौंपा था। एजेंसी ने बताया कि तलाशी अभियान के बाद शरणजीत फरार हो गया था और लंबी जांच के बाद उसे गया से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन


ओडिशा के भद्रक में टीचर्स डे पर बड़ा हादसा
ओडिशा के भद्रक जिले में टीचर्स डे के मौके पर एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह बहुमाघेरी स्कूल की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे तीन छोटे बच्चे घायल हो गए। यह घटना बसुदेवपुर ब्लॉक के तटीय इलाके में हुई। घायल बच्चों की पहचान 'शिशु वाटिका' (प्री-स्कूल) की शुभाश्री कला और शकुंतला मंडल तथा कक्षा 3 की छात्रा श्रवाणी कला के रूप में हुई है। स्कूल अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब बच्चे स्कूल के बरामदे से गुजर रहे थे। तभी अचानक छत से सीमेंट के बड़े टुकड़े गिर गए, जो उनके सिर और शरीर पर लगे। घायल बच्चों को तुरंत बसुदेवपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। स्कूल के हेडमास्टर प्रसंता माजी ने घटना पर गहरी चिंता जताई और कहा, 'बच्चों की जान सिर्फ भगवान की कृपा और माता-पिता के आशीर्वाद से बची है।'
विज्ञापन
विज्ञापन


कल हैदराबाद नहीं जाएंगे गृहमंत्री अमित शाह 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शनिवार को हैदराबाद दौरा रद्द हो गया है। वे गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में भाग लेने के लिए वहां जाने वाले थे। भाजपा सूत्रों ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि  शाह को 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के संबंध में सांसदों के साथ बैठक में शामिल होना है।
वहीं, हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सी.वी. आनंद ने भी कहा कि अमित शाह का दौरा रद्द कर दिया गया है। इससे पहले, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने गुरुवार को कहा था कि शाह गणेश विसर्जन जुलूस में भाग लेने के लिए 6 सितंबर को हैदराबाद आएंगे।
 

अरुणाचल : 1.09 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी मामले में दो गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन में पुलिस ने 1.09 करोड़ रुपये के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) धोखाधड़ी का खुलासा किया है। फर्जी बिल रैकेट चलाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं। नाहरलागुन के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने बृहस्पतिवार को बताया कि धोखाधड़ी 28 जून को ताजू पारंग की ओर से कराई गई एफआईआर के बाद सामने आई। पारंग ने पुलिस को बताया था कि असम की कंपनी तिनसुकिया और जोरहाट से उनकी जानकारी के बिना एक करोड़ रुपये से ज्यादा के बिल उनकी कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से पक्षी टकराया, उड़ान रद्द
विजयवाड़ा से बंगलूरू जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान बृहस्पतिवार को पक्षी से टकरा गई, जिससे उसकी नोज यानी सबसे अग्रभाग क्षतिग्रस्त हो गया और उड़ान रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि घटना उस वक्त हुई, जब विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर जा रहा था। एक चील विमान की नोज से टकरा गई, जिसके चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी और 90 यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि यह घटना उसके नियंत्रण से बाहर थी।

गृह मंत्री शाह हैदराबाद के गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल होंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हैदराबाद जाएंगे और गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल होंगे। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने बृहस्पतिवार को बताया कि शाह यहां एक सभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, हैदराबाद का गणेश विसर्जन जुलूस देश के बड़े आयोजनों में से एक है। 

दिव्यांगों को लिखने के लिए सहायक देगा एसएससी
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिव्यांग अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षाओं में अब स्क्राइब (लिखने वाला सहायक) उपलब्ध कराने का फैसला किया है। अपना स्क्राइब लाने की सुविधा खत्म कर दी गई है। आयोग ने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की एक अगस्त को जारी नए दिशा-निर्देशों  के बाद यह कदम उठाया गया है।

राजनीतिक नहीं इंजीनियरिंग है सिंधु जल संधि : राघवन
पाकिस्तान में उच्चायुक्त रहे टीसीए राघवन ने कहा कि सिंधु जल संधि राजनीतिक संधि न होकर एक इंजीनियरिंग संधि है। उन्होंने कहा कि इस तरह के तकनीकी रूप से जटिल नदी जल समझौते पर सामान्य बुद्धि का प्रयोग करने से गलतियां हो सकती हैं। उत्तम कुमार सिन्हा की प्रकाशित पुस्तक ट्रायल बाय वॉटर: इंडस बेसिन एंड इंडिया-पाकिस्तान रिलेशंस पर चर्चा में बोलते हुए बुधवार को राघवन ने इस दावे पर टिप्पणी की कि भारत भीषण बाढ़ के समय अपना सारा पानी पाकिस्तान भेज रहा है। उन्होंने कहा कि संधि में कुछ नहीं दिया गया। आपको याद रखना होगा कि भूगोल व गुरुत्वाकर्षण यहां मुख्य कारक हैं।

पायलटों की थकान रोकने के लिए नए दिशा-निर्देशों का मसौदा जारी
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमान कंपनियों के लिए थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली (एफआरएमएस) के नए दिशा-निर्देशों का मसौदा जारी किया है। यह व्यवस्था मौजूदा उड़ान ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) नियमों के साथ मिलकर काम करेगी। पायलटों व विमानन कर्मचारियों में थकान को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच डीजीसीए पहले ही नए एफडीटीएल नियम लागू कर चुका है, जिन्हें धीरे-धीरे लागू किया जा रहा है। अब जारी मसौदे में कहा गया कि एफआरएमएस पायलटों की थकान पर निगरानी और नियंत्रण के लिए मंजूरी, लागू करने की प्रक्रिया और जांच की व्यवस्था बताएगी। इसका मकसद वैज्ञानिक तरीकों और डाटा के आधार पर थकान कम करके उड़ान सुरक्षा को और मजबूत करना है। डीजीसीए ने कहा कि थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली में वैज्ञानिक आधार पर उड़ान समय, ड्यूटी अवधि और उनकी सीमाएं तय होंगी। इसमें पायलटों और कर्मचारियों को पर्याप्त आराम देने के नियम और सुरक्षा की निगरानी करने की व्यवस्था भी शामिल होगी। डीजीसीए ने प्रस्ताव दिया है कि यह प्रणाली चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी और एयरलाइंस को नए नियमों के अनुरूप ढलने के लिए 12 महीने का समय दिया जाएगा। 

 केरल के घर में हुए विस्फोट की जांच में जुटी पुलिस

केरल पुलिस ने उत्तरी केरल के पलक्कड़ जिले के मंगोडे स्थित एक घर में हुए विस्फोट की जांच शुरू कर दी है। इस विस्फोट में दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने अब्दुल हकीम के पड़ोसी रशीद की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। गुरुवार को हकीम के घर में हुए विस्फोट में रशीद की बहू और उसका भाई घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3(ए) के तहत दुर्भावनापूर्वक विस्फोट करने और धारा 4(ए) के तहत विस्फोट की साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने हकीम के घर में विस्फोटक रखा था, जिससे विस्फोट हुआ और उनकी बहू शाहना और उसका भाई शरीफ घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच की जा रही है, क्योंकि घर में कोई अतिरिक्त विस्फोटक नहीं मिला है। उन्होंने आगे कहा कि यह पता लगाना ज़रूरी है कि क्या इस घटना में कोई और भी शामिल था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों के कारण विस्फोट हुआ। इससे पहले, भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि शरीफ और उनके परिवार के सोशलिस्ट डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) से संबंध हैं। हालांकि, एसडीपीआई ने इस आरोपों का खंडन करते हुए दावा किया कि शरीफ को कई महीने पहले पार्टी से निकाल दिया गया था।

मणिपुर में करोड़ों रुपये की ब्राउन शुगर के साथ 10 गिरफ्तार

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के चुराचांदपुर और सेनापति जिलों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करोड़ों रुपये की ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बुधवार को चुराचांदपुर ज़िले के लामजंग इलाके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 122 साबुन के डिब्बों में 1.5 किलो ब्राउन शुगर छिपाई गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने बुधवार को सेनापति जिले के ताडुबी चेक पोस्ट से एक महिला समेत छह लोगों को भी गिरफ्तार किया और उनके पास से 2.1 किलो ब्राउन शुगर बरामद की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। 
 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं
शिक्षक दिवस (पांच सितंबर) की पूर्व संध्या पर एक संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, वे मार्गदर्शक और भविष्य निर्माता होते हैं। देशवासियों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, जैसे-जैसे भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है, जिम्मेदार, ज्ञानवान और कुशल नागरिक तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह दिन महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और भारत के पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती का प्रतीक है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा का एक महान स्रोत हैं। सरकार की पहल को रेखांकित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षकों को सशक्त बनाने और शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

रैगिंग के आरोपी केरल के छात्र अरेस्ट
कर्नाटक में अल्पसंख्यकों से जुड़े एक कॉलेज के छात्रों पर हत्या के प्रयास के आरोप लगे हैं। उन्हें गिरफ्तार किया गया है। कॉलेज के सीनियर छात्रों पर जूनियर्स से रैगिंग के अलावा लाल बाग क्षेत्र में तलवार और अन्य हथियारों के साथ झगड़ा करने के आरोप लगे हैं। घटना बुधवार की है। वीडियो वायरल होने के बाद घटना सुर्खियों में आई। पुलिस के अनुसार, कॉलेज के अंदर हुई रैगिंग का विवाद बाहर आने के बाद हिंसक हो गया। प्रतिद्वंद्वी समूह ने बाहर मिलकर हंगामा किया और बाहरी दोस्तों को भी बुलाया। कुछ युवकों को मामूली चोटें आईं। हथियारों के इस्तेमाल को देखते हुए विल्सन गार्डन थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिथुन चक्रवर्ती के मुकदमे के जवाब में TMC नेता ने भी खोला मोर्चा
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने बताया है कि भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने उनके खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। घोष ने भी मिथुन पर मानहानि वाले बयान देने का आरोप लगाते हुए राज्य की बैंकशाल कोर्ट में आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। घोष के मुताबिक उन्हें मिथुन की तरफ से अभी तक उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है, लेकिन वे मुकदमे की सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मामला हाईकोर्ट में आएगा, तब वे मिथुन के खिलाफ लगाए गए आरोपों की सीबीआई जांच की अपील करेंगे।

असम में सरकारी कर्मचारियों को माता-पिता संग वक्त बिताने को नवंबर में दो दिन की खास छुट्टी
असम सरकार ने उसके कर्मचारियों को माता पिता के साथ वक्त बिताने का मौका देने के लिए नवंबर में दो दिन की स्पेशल कैजुअल लीव देने की घोषणा की है। ये छुट्टियां मातृ-पितृ वंदना योजना के तहत 14 और 15 नवंबर को दी जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों को एक विशेष पोर्टल के तहत आवेदन करना होगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 2021 में पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण में इस संबंध में घोषणा की थी। अधिसूचना में कहा गया, असम के राज्यपाल राज्य सरकार के कर्मचारियों को 14 और 15 नवंबर को मातृ-पितृ वंदना योजना के तहत विशेष आकस्मिक अवकाश का लाभ उठाने की अनुमति देते हैं। इन छुट्टियों का इस्तेमाल 16 नवंबर को रविवार के साथ किया जा सकता है।

तमिलनाडु में कारखाने से रासायनिक धुएं का रिसाव, 43 लोग अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु के कुड्डालोर में एसआईपीसीओटी औद्योगिक परिसर में एक रासायनिक निर्माण कारखाने से जहरीला धुआं निकलने के कारण इलाके के लोगों को बेचैनी होने लगी। 43 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक एस जयकुमार ने शुक्रवार को बताया कि आसपास के इलाके के लोगों ने आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। रिसाव कारखाने के अंदर एक स्टीम वाल्व से होने का संदेह है। बाद में धुएं पर काबू पाया गया। पुलिस अधीक्षक ने राजस्व विभाग और तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कारखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मैंने फैक्टरी अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के नेतृत्व में राजस्व विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम घटना की जांच के लिए गठित की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed