फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 4th september north east west south india elections 2025 politics crime national news in hindi

Updates: शुक्रवार को हैदराबाद में गणेश विसर्जन में शामिल होंगे अमित शाह; टीएमसी विधायक जफिकुल इस्लाम का निधन

Thu, 04 Sep 2025 05:00 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: बशु जैन Updated Thu, 04 Sep 2025 05:00 PM IST
विज्ञापन
news updates 4th september north east west south india elections 2025 politics crime national news in hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 6 सितंबर को हैदराबाद में गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होंगे। तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने बताया कि शाह मोज़मजाही मार्केट पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति की 46 साल की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। बाद में शाह सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 28वीं बटालियन मुख्यालय की आधारशिला वर्चुअली रखेंगे।
विज्ञापन

राव ने केंद्र सरकार के जीएसटी स्लैब में कमी के फैसले को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इससे जरूरी सामान सस्ते होंगे और गरीब व मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। वहीं, उन्होंने पूर्व बीआरएस नेता के. कविता पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी में भ्रष्ट लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
विज्ञापन


केरल में कांग्रेस नेता की पिटाई के मामले की जांच करेगा NHRC
केरल राज्य मानवाधिकार आयोग (केएसएचआरसी) ने त्रिशूर जिले के कुन्नमकुलम थाने में दो साल पहले हुई घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें यूथ कांग्रेस नेता वी. एस. सुजीत को पुलिस ने कथित तौर पर पीटा था। बुधवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पांच पुलिसकर्मी उन्हें थाने के अंदर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। सुजीत ने बताया कि उन्होंने यह फुटेज लंबी कानूनी लड़ाई और आरटीआई के जरिए हासिल किया। उन्हें पांच अप्रैल 2023 को हिरासत में लिया गया था, जब उन्होंने अपने दोस्तों से पुलिस के दुर्व्यवहार का विरोध किया था। आयोग की सदस्य वी. गीता ने त्रिशूर जिला पुलिस प्रमुख को तुरंत जांच के आदेश दिए और तीन सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा। कांग्रेस नेताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की है। पुलिस ने कहा कि 2023 में शिकायत के बाद पांच अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी और मामला न्यायालय में चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पीएम और सिंगापुर के प्रधानमंत्री वोंग की द्विपक्षीय वार्ता आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के बीच बृहस्पतिवार को द्विपक्षीय वार्ता होगी। पीएम के रूप में पहली बार भारत आए वोंग के इस दौरे के दौरान वित्त, डिजिटल नवाचार, कौशल विकास, नागरिक उड्डयन, समुद्री सहयोग और अंतरिक्ष तकनीक सहित कई अहम क्षेत्रों में समझौते होने की उम्मीद है। वोंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।

सिलीगुड़ी में 3 बांग्लादेशी घुसपैठिये किए गिरफ्तार
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अमाल रॉय, गौतम रॉय और प्रीतम रॉय शामिल हैं। ये तीनों चचेरे भाई हैं और लंबे समय से खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के पानीटंकी कस्बे में अवैध रूप से रह रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना पर तीनों को गिरफ्तार किया गया है।

बच्ची से दुष्कर्म-हत्या में डीजीपी-डीएम को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पटना के मनेर इलाके में बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले में डीजीपी और डीएम को नोटिस जारी किया है। उसने 26 अगस्त को हुई घटना से संबंधित मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने कहा है कि मीडिया रिपोर्ट सही हैं तो इससे मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठता है, इसलिए उसने अधिकारियों से दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। 

इंडिगो की उड़ान में यात्री ने धार्मिक नारे लगाए, मुकदमा दर्ज
दिल्ली से कोलकाता जा रही इंडिगो की एक उड़ान में सोमवार को शराब के नशे में एक यात्री हंगामा खड़ा कर दिया, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। उड़ान संख्या 6ई 6571 में बैठे के यात्री ने नशे की हालत में धार्मिक नारे लगाने शुरू कर दिए और केबिन क्रू से दुर्व्यवहार किया। एयरलाइन ने यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि यात्री ने केबिन क्रू से अनुरोध किया कि उसे विमान से बाहर जाने दिया जाए ताकि वह धूम्रपान कर सके। जब मांग अस्वीकार कर दी गई तो उसने धार्मिक नारे लगाने शुरू कर दिया। आरोप है वह बार-बार सह-यात्रियों से भी नारे लगाने के लिए कह रहा था।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर ओडिशा 50000 अंत्योदय घरों के लिए काम आदेश करेगा जारी
ओडिशा सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 50,000 अंत्योदय घरों के लिए कार्य आदेश जारी करेगी। पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नाइक ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग या वर्तमान में कच्चे घरों में रहने वाले लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि 25 वर्ग फुट के न्यूनतम कारपेट एरिया वाले पक्के घर के निर्माण के लिए 1.2 लाख रुपये की आवास सहायता प्रदान की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि अब तक इस योजना के तहत एक लाख से अधिक लाभार्थियों को शामिल किया जा चुका है। इसके अलावा, उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के घरों के लिए कार्य आदेश नवंबर में जारी किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि नई प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण में लगभग 35 लाख लाभार्थियों ने आवेदन किया है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार नवंबर तक सभी प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी कर कार्य आदेश जारी करना शुरू कर देगी। इससे पहले, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार मोदी के जन्मदिन पर 75 लाख पौधे लगाएगी।

माझी ने कहा कि यह पौधारोपण 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत किया जाएगा। माझी ने कहा, 'ओडिशा के विकास के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता और जनता के प्रति उनकी सद्भावना को देखते हुए, 17 सितंबर को एक ही दिन में राज्य भर में 75 लाख पेड़ लगाए जाएंगे। यह प्रधानमंत्री को जनता का उपहार होगा।' इसके अलावा, सत्तारूढ़ भाजपा ने प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रमों की योजना भी बनाई है।

केरल में दर्दनाक हादसा: कार-बस टक्कर में तीन की मौत, दो बच्चे शामिल
केरल के कोल्लम जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा ओचिरा के वलियाकुलंगारा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जब परिवार का एसयूवी वाहन सामने से आ रही केएसआरटीसी बस से टकरा गया। हादसा सुबह करीब 6.30 बजे हुआ, जब परिवार कोच्चि एयरपोर्ट पर एक रिश्तेदार को छोड़कर घर लौट रहा था। मृतकों की पहचान प्रिंस थॉमस, उनके बेटे अतुल और बेटी अल्का के रूप में हुई है, जो कोल्लम के थेवलकारा के पाइप जंक्शन इलाके के निवासी थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर एसयूवी के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, प्रिंस और उनके दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि हादसे के वक्त प्रिंस वाहन चलाते समय झपकी ले सकते थे और कार तेज रफ्तार में थी। हालांकि, सही कारण का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा।
 

मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने इम्फाल पूर्व और पश्चिम जिलों में कार्रवाई कर तीन प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी कथित रूप से रंगदारी वसूली की घटनाओं में शामिल थे। गिरफ्तारियां बुधवार को हुईं। पुलिस के अनुसार, कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वॉर ग्रुप) के सक्रिय सदस्य युमनाम सुरचंद्र सिंह (35) और हाओरोंगबाम टोम्बा मीतई (29) को इम्फाल पश्चिम के लैरेनकबी गांव से पकड़ा गया। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सक्रिय सदस्य कंगुजाम नोंगमैखोम्बा मीतई (50) को इम्फाल पूर्व के बासिखोंग से गिरफ्तार किया गया। उस पर बिष्णुपुर जिले में जनता, व्यापारियों और शैक्षणिक संस्थानों से रंगदारी वसूलने का आरोप है। इसके अलावा, केसीपी (सिटी मीतई) संगठन के दो सदस्य भी इम्फाल पश्चिम के लैरेनकबी और इम्फाल पूर्व के सेक्टा क्षेत्र से पकड़े गए। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

मणिपुर में 184 किलो गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 184.13 किलो गांजा जब्त किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह कार्रवाई बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। न्यू केइथेलमन्बी पुलिस पिकेट प्वॉइंट पर एक ट्रक को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान खोंद्रम देबेन (43) के रूप में हुई है। आरोपी गांजा की खेप लेकर जा रहा था। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मणिपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया गया है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 

भाजपा पर विश्वासघात का आरोप
टीटीवी दिनाकरण के नेतृत्व वाली एएमएमके ने बुधवार को विश्वासघात के खिलाफ विरोध जताते हुए भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन से बाहर निकलने की घोषणा की। अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम विपक्षी गुट छोड़ने वाली दूसरी पार्टी है। इससे पहले एआईएडीएमके के निष्कासित नेता ओ पन्नीरसेल्वम ने अपने दल को गठबंधन से बाहर कर दिया था। दिनाकरन ने कहा कि एएमएमके को कुछ लोगों के विश्वासघात के खिलाफ शुरू किया गया था। हमें विश्वास था कि वे बदलेंगे या बदल दिए जाएंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हम मूर्ख नहीं हैं कि उन्हें अपने कंधों पर ढोएं। हमने कुछ महीनों तक इंतजार किया कि दिल्ली में बैठे लोग (भाजपा) कोई अच्छा फैसला लेंगे, लेकिन ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा है। हम एनडीए छोड़ रहे हैं। हम दिसंबर में अपनी अगली कार्रवाई के बारे में बताएंगे।
 

मंगलूरु हवाई अड्डे पर सोना चोरी के आरोप में चार हवाईअड्डा कर्मचारी गिरफ्तार
मंगलूरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार सामान संभालने वाले कर्मचारियों को एक यात्री के ट्रॉली बैग से सोने के आभूषण चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बाजपे पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना के समय कर्मचारी सामान उतारने और चढ़ाने का काम कर रहे थे। 30 अगस्त को सीआरपीएफ जवान हरिकेश की पत्नी राजेश्वरी पद्मशाली सुबह 9.30 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से बेंगलूरु से मंगलूरु पहुंचीं। वह एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रही थीं। टर्मिनल पर अपना सामान लेने के बाद, उसने देखा कि उसके ट्रॉली बैग का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर, उसने पाया कि 56 ग्राम वजन की सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये है, गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। और हवाई अड्डे के चार लोडिंग कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है।

महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को एनएचआरसी का नोटिस
एनएचआरसी ने एक शिकायत के आधार पर राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर आरोपों की जांच करने और एक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि महाराष्ट्र में एक टाउनशिप परियोजना को धर्म-विशिष्ट आवासीय एन्क्लेव के रूप में विज्ञापित किया जा रहा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। 3 सितम्बर की कार्यवाही के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आयोग के ध्यान में मुम्बई के निकट एक अत्यधिक परेशान करने वाली घटना को लाया, जहां एक टाउनशिप परियोजना को कथित तौर पर केवल एक धर्म के लोगों के लिए प्रचारित और विकसित किया जा रहा है।

ओडिशा में गौकशी के शक में दलित की पीट-पीटकर हत्या, छह गिरफ्तार
ओडिशा के देवगढ़ जिले में गौकशी के शक में भीड़ ने 35 वर्षीय दलित व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके साथी को घायल कर दिया। घटना बुधवार को कुंदेजुरी गांव में हुई। मृतक की पहचान किशोर के रूप में हुई, जबकि घायल गौतम नायक है। दोनों पास के गांव के निवासी और मरे हुए जानवरों की खाल निकालने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने उन्हें जंगल में गोमांस काटते हुए देखा। किशोर ने समझाया कि गाय प्राकृतिक रूप से मरी थी, लेकिन भीड़ ने उसकी बात नहीं मानी और हमला कर दिया। किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि गौतम किसी तरह भाग निकला। देवगढ़ एसपी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विजयवाड़ा एयरपोर्ट पर विमान से टकराई चील; बंगलूरू जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान रद्द
विजयवाड़ा हवाई अड्डे पर पक्षी के टकराने के बाद बंगलूरू जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान रद्द कर दी गई। विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उड़ान भरने के लिए रनवे पर टैक्सी करते समय एक चील विमान के अगले हिस्से से टकरा गई। जिसके कारण एयरलाइन को उड़ान रद्द करनी पड़ी। हालांकि बाद में विमान में सवार 90 यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।  एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। इतना ही नहीं सभी प्रभावित यात्रियों को मुफ्त में पुनर्निर्धारण या पूरे रिफंड के साथ टिकट रद्द करने के विकल्प दिए गए हैं।

आईएएस अधिकारी पीयूष गोयल ने नए खान सचिव का पदभार ग्रहण किया
आईएएस अधिकारी पीयूष गोयल ने गुरुवार को नए खान सचिव का पदभार ग्रहण किया है। पीयूष गोयल की नई भूमिका चुनौतीपूर्ण होगी क्योंकि भारत का खनन क्षेत्र चुनौतियों और अवसरों का सामना कर रहा है, विशेष रूप से लिथियम, कोबाल्ट, निकल और दुर्लभ मृदा तत्वों जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती मांग के कारण। ये खनिज वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन, इलेक्ट्रिक वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों और उन्नत विनिर्माण को शक्ति प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। इन संसाधनों की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करना भारत की आत्मनिर्भरता और शुद्ध-शून्य लक्ष्यों की कुंजी होगी।

पीयूष गोयल 1994 बैच के नागालैंड कैडर के अधिकारी हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पदभार से पहले, उन्होंने गृह मंत्रालय के तहत NATGRID के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया था। पीयूष गोयल वी एल कांता राव का स्थान लेंगे, जो वर्तमान में जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
 

राष्ट्रपति मुर्मू ने ओणम और मिलाद-उन-नबी की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को ओणम और पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन मिलाद-उन-नबी की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी। अपने संदेश में, उन्होंने कहा कि नई फसल की खुशी में मनाया जाने वाला ओणम का त्योहार केरल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपरा का एक अनूठा उदाहरण है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, 'यह त्योहार हमें सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताओं से परे एकता, सहयोग और सद्भाव के महत्व की याद दिलाता है।' उन्होंने यह भी कहा कि यह किसानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा, 'इस अवसर पर, आइए हम अपनी सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लें।'
 

अरुणाचल प्रदेश में 1.09 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन में पुलिस ने 1.09 करोड़ रुपये के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) धोखाधड़ी का खुलासा किया है। फर्जी बिल रैकेट चलाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
नाहरलागुन के एसपी न्येलम नेगा ने गुरुवार को बताया कि धोखाधड़ी 28 जून को ताजू पारंग की ओर से कराई गई एफआईआर के बाद सामने आई। पारंग ने पुलिस को बताया था कि असम की कंपनी तिनसुकिया और जोरहाट से उनकी जानकारी के बिना एक करोड़ रुपये से ज्यादा के बिल उनकी कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से दोस्ती कर धोखे से उसके जीएसटी यूजरनेम और पासवर्ड ले लिए थे। दोनों ने परंग की फर्म का इस्तेमाल कर 1.09 करोड़ रुपये के फर्जी बिल जारी किए, जिन्हें बाद दो कंपनियों को बेचकर मोटी रकम ली।

धर्मस्थल मामला- बंगलूरू में यूट्यूबर के फ्लैट पर पुलिस ने की तलाशी
दक्षिण कन्नड़ जिले की बेल्थंगडी पुलिस ने गुरुवार को यूट्यूबर समीरा एमडी के बंगलूरू मौजूद किराए के मकान पर तलाशी अभियान चलाया। धर्मस्थल थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में यह कार्रवाई बेल्थंगडी अदालत से तीन सितंबर को जारी किए गए सर्च वारंट के तहत की गई। समीरा वर्तमान में जमानत पर हैं। पुलिस टीम में सर्कल इंस्पेक्टर नागेश कद्री और फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक कंप्यूटर और एक मोबाइल फोन जब्त किया, जिन्हें कथित तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग में इस्तेमाल किया गया था। इन उपकरणों को आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

गुजरात हाईकोर्ट से आप विधायक चैतर वसावा को अंतरिम जमानत
गुजरात हाईकोर्ट ने आप विधायक चैतर वसावा को तीन दिन की अस्थायी जमानत दी है। उन्हें यह जमानत 8 से 10 सितम्बर तक गांधीनगर में होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने के लिए मिली है। इस आदेश में संशोधन की मांग पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। वसावा का पक्ष रख रहे अधिवक्ता जुबिन भराड़ा ने कहा कि एस्कॉर्ट की जरूरत नहीं है और खर्च वहन करना संभव नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वसावा तीन दिन बाद खुद जेल में समर्पण कर देंगे और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं होगी।

गौरतलब है कि विधायक वसावा 6 जुलाई से हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के आरोप में जेल में हैं। उन्होंने पहले नर्मदा की सत्र अदालत से अस्थायी जमानत मांगी थी। अदालत ने तीन दिन की जमानत तो दी थी, लेकिन शर्त रखी थी कि पांच पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम हर समय उनके साथ रहेगी और उसका खर्च लगभग तीन लाख रुपये वसावा को उठाना होगा।

गाने पर बवाल: भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता में एक कार्यक्रम में अभिनेता-संगीतकार अनिर्बाण भट्टाचार्य और उनकी रॉक बैंड 'हूलिगैनिज्म' के गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता और वकील तरुंज्योति तिवारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि बैंड ने अपने व्यंग्यात्मक गाने में 'सनातन धर्म' का अपमान किया और धार्मिक भावनाएं आहत कीं। यह गाना 31 अगस्त को गाया गया था और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लगभग छह मिनट लंबे इस गाने में देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों और नेताओं पर तंज कसे गए हैं।

तरुंज्योति तिवारी ने मांग की है कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करे। वहीं, गाने में नाम आने पर टीएमसी और सीपीएम नेताओं ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया और नाराजगी नहीं जताई। अनिर्बाण भट्टाचार्य 'मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

ओडिशा तट पर 'सागर कवच-2' सुरक्षा अभ्यास संपन्न
ओडिशा तट पर 3 और 4 सितम्बर को 'सागर कवच-2' नाम के सुरक्षा अभ्यास किया गया। इस अभ्यास में 18 एजेंसियों ने भाग लिया, जिनमें भारतीय नौसेना, कोस्ट गार्ड, सीआईएसएफ, मरीन पुलिस, ओडिशा पुलिस और पारादीप पोर्ट प्राधिकरण शामिल थे।

अभ्यास के दौरान समुद्र में 100 नॉटिकल मील तक गश्त की गई, जबकि तट पर सुरक्षा बलों ने विभिन्न गतिविधियां कीं। मछुआरों को भी प्रशिक्षित किया गया कि समुद्र में संदिग्ध व्यक्ति या विदेशी नागरिक दिखने पर तुरंत सूचना दें। अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा, निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना था 'सागर कवच' श्रृंखला की शुरुआत 26/11 मुंबई हमलों के बाद हुई थी और यह हर साल दो बार आयोजित होती है।
 

बंगाल: टीएमसी विधायक जफिकुल इस्लाम का निधन
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल से तृणमूल कांग्रेस के विधायक जफिकुल इस्लाम का गुरुवार को निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे। टीएमसी सांसद अबू ताहिर ने बताया कि जफिकुल दो साल से अधिक समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनको पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने सीपीआई (एम) उम्मीदवार मुस्तफिजुर रहमान को 47,000 मतों से हराकर पहली बार 2021 का विधानसभा चुनाव जीता था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed