फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 3 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: वक्फ संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकेंगे सीएम नायडू!; बीरभूम में TMC नेता की पीट-पीटकर हत्या

Sun, 03 Nov 2024 08:07 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sun, 03 Nov 2024 08:07 PM IST
विज्ञापन
News Updates 3 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में अहम सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) की आंध्र प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष नवाब जान ने रविवार को कहा कि सबको मिलकर वक्फ संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकना चाहिए। नवाब जान ने यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में जमीयत उलेमा-ए-हिंद (एएम समूह) की ओर से आयोजित 'संविधान बचाओ सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ऐसे इंसान हैं, जो मुसलमानों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी विधेयक को पारित नहीं होने देंगे। तेदेपा नेता ने दावा किया कि वक्फ संशोधन विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के पास भेजना भी नायडू की वजह से मुमकिन हुआ और उन्होंने फिलहाल इस विधेयक को पारित होने से रुकवा दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीएम नायडू ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि चाहे मुस्लिम संस्था हो, या हिंदू संस्था हो या फिर ईसाई संस्था हो, उसमें उसी धर्म के लोग होने चाहिए।

विज्ञापन

 

दिल्ली में 5-6 नवंबर को होगा पहला एशियाई बौद्ध शिखर सम्मेलन
पहला एशियाई बौद्ध शिखर सम्मेलन 5-6 नवंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए एशिया भर में विभिन्न बौद्ध परंपराओं से विभिन्न संघ नेता, विद्वान और अभ्यासकर्ता पहुंचेंगे, जो बौद्ध समुदाय के सामने आने वाली समसामयिक चुनौतियों को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) के सहयोग से संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले पहले एशियाई बौद्ध शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य अतिथि होने की उम्मीद है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, शिखर सम्मेलन का विषय 'एशिया को मजबूत बनाने में बौद्ध धर्म की भूमिका' है।

विज्ञापन
विज्ञापन

बहस की चुनौती देने से पहले अपनी पार्टी के असंतुष्ट नेताओं से बात करें विजयेंद्र: सीएम सिद्धारमैया
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवाई विजयेंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रमुख उन्हें बहस की चुनौती देने से पहले अपनी पार्टी के असंतुष्ट नेता बसनगौड़ा पाटिल यतनाल और रमेश जराकीहोली के साथ चर्चा करें। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर विजयेंद्र को उस भाजपा नेता का बयान याद दिलाया, जिसमें उसने कहा था कि विजयेंद्र ने अपने पिता बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा आलाकमान को दो हजार करोड़ रुपये दिए। इसके अलावा, खुद पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए कुछ और करोड़ रुपये दिए। सिद्धारमैया एक्स पर विजयेंद्र के दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि कर्नाटक में कांग्रेस के डेढ़ साल के शासन में कोई विकास नहीं हुआ है, जिसमें केवल व्यापक भ्रष्टाचार देखा गया है। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में दलितों का शोषण और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है।

विज्ञापन

हैदराबाद में घर में लगी आग की घटना के तीन दिन बाद किशोरी की मौत 
घर में लगी आग की घटना के बाद तीन दिन से अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही किशोरी आखिरकार हार गई। शनिवार सुबह उसने इलाज के दौरान सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। आग लगने की घटना सोमवार देर रात उस समय घटी जब उनका परिवार दिवाली के लिए खाने का सामान तैयार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि गैस स्टोव से निकली चिंगारी पटाखों के डिब्बे पर गिरी, जिससे विस्फोट हो गया और धुआं पूरे दो कमरे के घर में फैल गया, जिसके कारण उसके दादा-दादी की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि, किशोरी का इलाज चल रहा था। किशोरी की मौत के बाद मजलिस बचाओ तहरीक (एमबीटी) के प्रवक्ता और पूर्व नगर पार्षद अमजद उल्लाह खान ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इलाज के संबंध में सीएम कार्यालय और अन्य अधिकारियों से उनके अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जबकि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा था कि उन्होंने अधिकारियों को किशोरी का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

केरल मंदिर आग हादसा: एक और व्यक्ति की जलने से मौत
कासरगोड जिले में 28 अक्तूबर को एक मंदिर उत्सव के दौरान आग लगने की दुर्घटना में घायल हुए एक और व्यक्ति की रविवार को जलने से मौत हो गई। जिला प्रशासन ने कहा कि मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रथीश के रूप में हुई है, जिसका पड़ोसी कोझिकोड जिले के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 32 वर्षीय व्यक्ति वेंटिलेटर सपोर्ट पर था।

अधिकारी ने कहा कि इसके साथ ही मंदिर अग्नि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई।

कासरगोड जिला प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में 154 लोग घायल हुए हैं और उनमें से 100 को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

वायनाड में प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया रोड शो

वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस की उपचुनाव उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड में रोड शो किया।
   

प्रियंका के समर्थन में राहुल ने किया प्रचार

केरल के वायनाड में उपचुनाव को लेकर अपनी बहन के लिए प्रचार कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ऐसी ताकतें हैं जो भारत के संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रही हैं। वे भारत को धर्मों, भाषाओं और कई राज्यों के बीच बांटना चाहते हैं और हम उन्हें ऐसा करने की कभी अनुमति नहीं देंगे। वायनाड में कुछ कठिनाइयां हैं। इसमें रात्रि यातायात प्रतिबंध का मुद्दा है, इसमें मेडिकल कॉलेज का मुद्दा है, इसमें मानव-पशु संघर्ष का मुद्दा है। हमने मेडिकल कॉलेज के लिए राज्य सरकार पर बहुत दबाव डाला लेकिन मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि हमारे यहां अभी भी एक उचित मेडिकल कॉलेज नहीं है। आपने देखा कि जब हमारे यहां त्रासदी हुई थी, तब प्रधानमंत्री वायनाड आए थे, लेकिन उन्होंने वास्तव में वायनाड को आर्थिक रूप से सहायता नहीं की। यह आपके संसद सदस्य को चुनने का चुनाव है और मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि यूडीएफ उम्मीदवार मेरी बहन प्रियंका गांधी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह वही करेंगी जो मैंने किया, वह आपके लिए करेंगी।
 

हावड़ा में दो समूहों में झड़प
पश्चिम बंगाल के हावड़ा के शालीमार में दो समूहों के बीच झड़प के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। डीसीपी सेंट्रल सुबीर मल पाल ने कहा, 'एक मोबाइल शॉप पर विवाद हुआ था। मामूली पथराव भी हुआ। पुलिस तुरंत पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। रवि और सुल्तान नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।'


मणिपुर में दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े छह उग्रवादी गिरफ्तार 
मणिपुर के थौबल और बिष्णुपुर जिलों में दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के पांच उग्रवादियों को अपहरण और जबरन वसूली में कथित संलिप्तता के लिए थौबल के चरंगपत मयाई लीकाई से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों की पहचान थोकचोम बिक्रम सिंह (29), सिनम बिजेन सिंह (37), थंगजाम दीपक सिंह (30), लांबामयुम नाओबी सिंह (26) और हुईनिंगसुंबम टोन सिंह (21) के रूप में हुई है। शुक्रवार को गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक हथगोला, संगठन के पांच मांग पत्र, पांच मोबाइल हैंडसेट, 13 सिम कार्ड और एक चार पहिया वाहन जब्त किया गया। एक अन्य घटना में, पुलिस ने शनिवार को बिष्णुपुर जिले के कुम्बी इलाके से पीआरईपीएके (पीआरओ) संगठन से जुड़े एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया।आतंकवादी की  पहचान नोंगमाईथेम गुनामणि उर्फ अल्लू (32) के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर जबरन वसूली में भी शामिल था। उसके पास से एक हथगोला बरामद किया गया।

तेलंगाना कांग्रेस की जाति सर्वे बैठक में भाग लेंगे राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पांच नवंबर को हैदराबाद में तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक तेलंगाना सरकार द्वारा शुरू किए गए जाति सर्वेक्षण को लेकर रखी गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने कहा कि राज्य इकाई जाति सर्वेक्षण पर हितधारकों से सुझाव लेने के लिए बैठक करेगी। उन्होंने कहा कि टीपीसीसी ने इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी आमंत्रित किया है।

कोच्चि में दो जल मेट्रो नावें एक-दूसरे से टकराईं, सभी यात्री सुरक्षित

कोच्चि जल मेट्रो सेवा के तहत दो नावें रविवार को फोर्ट कोच्चि के पास एक-दूसरे से टकरा गईं, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बच गए। कोच्चि जल मेट्रो लिमिटेड (केडब्ल्यूएमएल) के अनुसार, जब रोरो फेरी सेवा क्रॉसिंग कर रही थी, तब ये दोनों नावें धीमी हो गईं और एक-दूसरे से टकरा गईं।

केडब्ल्यूएमएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, आपातकालीन प्रक्रियाओं के तहत, अलार्म बजा और आपातकालीन दरवाजे अपने आप खुल गए। नावें और यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने कहा कि एक नाव में सवार तीन व्लॉगर्स ने हंगामा किया और नाव नियंत्रण केबिन के अनधिकृत क्षेत्र में प्रवेश करना चाहते थे। सुरक्षा कारणों से चालक दल ने इसकी अनुमति नहीं दी। हालांकि, उन्होंने अंदर घुसने की कोशिश की और फिर उनके साथ दुर्व्यवहार करने की शिकायत की। बयान में कहा गया कि केडब्ल्यूएमएल आंतरिक जांच करेगा।

वायनाड में भूस्खलन के संदिग्ध पीड़ित का शव बरामद

वायनाड में जिला अधिकारियों ने बताया कि रविवार को यहां से एक शव बरामद किया गया, जिसके बारे में संदेह है कि वह वायनाड में हाल ही में हुए भूस्खलन के पीड़ित का है। उन्होंने बताया कि शव का एक हिस्सा सुबह पहाड़ी जिले के परप्पनपारा इलाके में एक पेड़ में फंसा हुआ मिला। बाद में इसे अग्निशमन बल, एनडीआरएफ और वन कर्मियों की मदद से अट्टामाला क्षेत्र में लाया गया। एक बयान में कहा गया कि इसे आगे की प्रक्रियाओं के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। 30 जुलाई को वायनाड के मुंडक्कई और चूरालामाला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ, जिससे दोनों क्षेत्र लगभग तबाह हो गए और 300 से अधिक लोग मारे गए और कई घायल हो गए।

ओडिशा सरकार ने हाथियों की अप्राकृतिक मौतों की जांच के आदेश दिए

ओडिशा के वन मंत्री गणेश राम सिंहखूंटिया ने करीब 60 जंगली हाथियों की अप्राकृतिक मौतों पर चिंता जताते हुए इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) सत्यव्रत साहू को पत्र लिखा है। उन्होंने मौतों की संभागवार गहन जांच के आदेश दिए हैं और निर्देश दिया है कि जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने एक महीने के भीतर इस पर रिपोर्ट भी मांगी है। बयान के अनुसार, मामले को बेहद चिंताजनक बताते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसी मौतों को रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाथियों की अप्राकृतिक मौतों को रोकने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, हालांकि, हाथियों की सुरक्षा के लिए वैधानिक सुरक्षात्मक उपायों के साथ सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए वन अधिकारियों की ओर से अधिक सावधानी और ईमानदारी की जरूरत है। उन्होंने कहा, इस मामले को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

एनजीटी ने गुजरात-ओडिशा में अपशिष्ट प्रबंधन में कमियों का किया खुलासा

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति का जायजा लेने के दौरान गुजरात और ओडिशा की ओर से पेश की गई प्रगति रिपोर्ट के विश्लेषण के बाद दोनों राज्यों में उठाए गए कदमों में कई कमियों का जिक्र किया है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति सुधीर कुमार अग्रवाल और विशेषज्ञ ए सेंथिल वेल की पीठ ने कहा कि दोनों राज्यों ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और पर्याप्त सीवेज उपचार संयंत्रों (एसटीपी) की स्थापना के संबंध में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा देते हुए अलग-अलग प्रगति रिपोर्ट दायर की है।पिछले साल अधिकरण ने अपशिष्ट प्रबंधन में कमियों के लिए कई राज्यों पर पर्यावरणीय जुर्माना (ईसी) लगाया था, जिसकी धनराशि 'रिंग-फेंस्ड' खाते में रखी जानी थी।

ओडिशा: कोयल नदी में नहाने के दौरान बहे तीन लड़के, दो बचाए गए

ओडिशा में सुंदरगढ़ जिले के कोयल नदी में बहे दो लड़कों को रविवार को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि एक लड़का अब भी लापता है। पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच राउरकेला के पास उस दौरान हुई थी जब स्कूल के ये चार बच्चे नदी में नहाने के लिए गए थे। नदी किनारे खड़े एक लड़के ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने उनमें से दो लड़कों को बचा लिया। लेकिन सार्थक नामक एक लड़का पानी के तेज बहाव में बह गया और उसे बचाया नहीं जा सका।

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद ही अग्निशमन सेवा और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की टीम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने स्कूबा गोताखोरों और 'रबर बोट की मदद से लापता लड़के की तलाश शुरू की। ओडीआरएएफ के एक सदस्य ने बताया, 'स्कूबा गोताखोरों को इस तरह की खोज और बचाव अभियान के लिए खासतौर पर प्रशिक्षित किया जाता है। जब तक लड़का नहीं मिल जाता तब तक तलाश जारी रहेगी।'

बीरभूम में स्थानीय TMC नेता की पीट-पीटकर हत्या

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक स्थानीय टीएमसी नेता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने बताया कि कंकलिताला पंचायत के सदस्य समीर थांदर पर शनिवार रात बोलपुर शहर के पास पारुलडांगा में कुछ लोगों ने हमला किया, जब वह घर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि रविवार को बर्दवान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके बेटे प्रतीक थांदर ने कहा, कुछ ग्रामीणों ने मेरे पिता पर हमला किया। हमने उन्हें बचाया और अस्पताल ले गए, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। टीएमसी के सूरी विधायक विकास रॉय चौधरी ने कहा कि घटना के पीछे गांव का विवाद होने का संदेह है। उन्होंने कहा, हम उचित जांच और कार्रवाई की मांग करते हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

केरल के IAS अधिकारी ने अपने व्हाट्सएप नंबर को हैक करने का लगाया आरोप

केरल के एक आईएएस अधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनके निजी व्हाट्सएप नंबर को हैक कर लिया गया है और इसका इस्तेमाल धार्मिक समूह बनाने के लिए किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि उन्होंने तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें घटना की जांच का अनुरोध किया गया है। अधिकारी के करीबी एक सूत्र ने बताया कि विवादास्पद व्हाट्सएप ग्रुप में कई समुदायों के अधिकारियों को जोड़ा गया था और समूह का नाम हिंदू समुदाय समूह रखा गया था। इस पर ध्यान देने के बाद, अधिकारी ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई और समूह को खत्म कर दिया। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उन्होंने उक्त विवादास्पद समूह में किसी भी अधिकारी को नहीं जोड़ा था। सूत्रों ने बताया कि यह घटना दो दिन पहले हुई थी।

पश्चिम बंगाल: 2,335 और प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 5 की होगी पढ़ाई

पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले शैक्षणिक वर्ष से 2,335 और प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 5 की पढ़ाई शुरू करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने कहा कि यह फैसला बच्चों के मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अनुपालन में लिया गया है। उन्होंने कहा कि करीब 18,000 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 5 की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। अधिकारी ने कहा कि अन्य 2,335 प्राथमिक विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है, ताकि जनवरी 2025 से ही कक्षा 5 की पढ़ाई शुरू की जा सके। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी 29,000 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालय बचे रहेंगे और धीरे-धीरे वहां भी कक्षा 5 की पढ़ाई शुरू की जाएगी। पहले प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 4 तक की पढ़ाई होती थी, जबकि कक्षा 5 माध्यमिक शिक्षा का हिस्सा थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed