फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 29th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कर्नाटक में बारिश के बाद भूस्खलन में एक बच्चे की मौत; केरल के निपाह मरीज वायरस से मुक्त

Fri, 30 May 2025 12:33 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 30 May 2025 12:33 PM IST
विज्ञापन
News Updates 29th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
कर्नाटक के तटीय इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उल्लाल तालुक में भूस्खलन हुआ। इसमें छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि कई लोग मलबे में फंस गए। अफसरों ने बताया कि गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं में भूस्खलन की वजह से रिहायशी इलाके प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि मोंटेपदावु में पांच लोग ढही हुई पहाड़ी के नीचे फंसे हुए हैं। बचाव दल ने अब तक दो व्यक्तियों को बाहर निकाल लिया है तथा शेष पीड़ितों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
विज्ञापन


मंगलुरु के डेरालाकाटे में शुक्रवार सुबह एक घर पर दीवार गिर गई। इसमें छह वर्षीय लड़की की मौत हो गई। उसकी पहचान फातिमा नईम के रूप में हुई। तटीय क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण अधिकारियों ने क्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी कर दी है।
विज्ञापन


केरल के निपाह मरीज वायरस से मुक्त, स्वास्थ्य में सुधार
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शुक्रवार को कहा कि निपाह वायरस से संक्रमित एक मरीज के दो अलग-अलग नमूनों की जांच में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। अब उसे तकनीकी रूप से संक्रमण मुक्त माना जा रहा है। मरीज के स्वास्थ्य संकेतकों में लगातार सुधार हो रहा है। जॉर्ज ने कहा कि पिछले 12 दिनों से मरीज बिना वेंटीलेटर की मदद के सांस ले रहा है। उसे किसी श्वसन सहायता की आवश्यकता नहीं है। मरीज का इलाज पेरिंथलमन्ना के ईएमएस कोऑपरेटिव अस्पताल में चल रहा है। मंत्री ने मरीज की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के लिए अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई के डॉ. जितेश से बात की। 8 मई को वलंचेरी नगरपालिका के वार्ड 2 की 42 वर्षीय महिला में निपाह वायरस की पुष्टि हुई थी। मंत्री ने कहा कि मरीज के बुनियादी स्वास्थ्य संकेतक जैसे हृदय गति, रक्तचाप और ऑक्सीजन सभी सामान्य सीमा के भीतर हैं। हेल्पलाइन और सहायता सेवाएं कुछ और दिनों तक सक्रिय रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


केंद्र ने अमरनाथ यात्रा के लिए भेजीं 581 CAPF कंपनियां
केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 581 कंपनियों की तैनाती का आदेश दिया है। इसके तहत करीब 42,000 जवान तैनात होंगे। यात्रा तीन जुलाई से शुरू होकर नौ अगस्त को समाप्त होगी। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया, सीएपीएफ की 424 कंपनियों को केंद्र शासित प्रदेश में भेजा जा रहा है, जबकि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर में भेजी गई 80 कंपनियों समेत बाकी को स्थानांतरित करके अमरनाथ यात्रा के मार्ग, तीर्थयात्रियों और श्रीनगर सहित अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन सुरक्षा बलों को तुरंत रवाना होने और जून के दूसरे सप्ताह तक जम्मू-कश्मीर में मोर्चा संभालने का निर्देश दिया है। 

राष्ट्रव्यापी ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने पेयजल और स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) की तरफ से राष्ट्रव्यापी ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण, स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण (एसएसजी) 2025 का शुभारंभ किया है। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से नवाचार के साथ-साथ सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने की प्रक्रिया जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, स्वच्छता एक बार का लक्ष्य नहीं है, बल्कि एक सतत यात्रा है। इस मौके पर जल शक्ति और रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना भी मौजूद थे। उन्होंने कहा, एसएसजी महज सर्वेक्षण नहीं, राष्ट्रीय सत्यापन अभ्यास और ग्रामीण स्वच्छता प्रदर्शन के आधार पर राज्यों और जिलों को रैंकिंग देने का सशक्त साधन है।

सीडीएस का सिंगापुर दौरा आज से शांगरी-ला डायलॉग में लेंगे भाग
रक्षा प्रमुख जनरल अनिल चौहान 30 मई से एक जून तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एशिया के प्रमुख रक्षा सम्मेलन शांगरी-ला डायलॉग में भाग लेंगे। रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि कार्यक्रम में 40 देशों के नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह आयोजन रक्षा सहयोग को मजबूत करने, पारस्परिक सुरक्षा हितों पर विचार-विमर्श करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने का एक मंच प्रदान करेगा।

गोवा कैसीनो में सुरक्षाकर्मियों की पिटाई, एक ने तोड़ा दम
गोवा कसीनो में उपद्रवी ने दो सुरक्षा कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में घायल एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) राहुल गुप्ता ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार सुबह की है, जब कैम्पल कैसीनो कार्निवल में एक उपद्रवी ने लाठी से सुरक्षाकिर्मयों पर हमला कर दिया है। हमले में मध्य प्रदेश के सतना निवासी धीरू शर्मा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, स्थानीय सुरक्षाकर्मी सत्यम गांवकर के सिर में चोट लगी है। पुलिस ने आरोपी हैदराबाद निवासी अब्दुल अल्ताफ को गिरफ्तार कर लिया है।

कोरापुट मुठभेड़ के बाद माओवादी गिरफ्तार, गोला-बारूद बरामद
ओडिशा के कोरापुट जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद एक माओवादी को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार माओवादी की पहचान छत्तीसगढ़ के बीजापुर क्षेत्र के कुंजम हिडमा के रूप में हुई है। एसपी रोहित वर्मा ने बताया कि घटना पेटागुड़ा जंगल में हुई। एसपी ने बताया कि खुफिया जानकारी पर पेटागुड़ा के जंगल में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान उपद्रवी गोलीबारी कर जंगल में भाग गए। तलाशी के दौरान झाड़ियों में छिपे हिडमा को पकड़ा और एके-47 राइफल सहित गोला-बारूद का बड़ा जखीरा जब्त किया।

असम : सुरक्षाबलों संग मुठभेड़ में एक हथियारबंद शिकारी ढेर
असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में सुरक्षा कर्मियों और शिकारियों के बीच भीषण मुठभेड़ में एक हथियारबंद शिकारी मारा गया। उद्यान की फील्ड डायरेक्टर सोनाली घोष ने बताया कि वारदात में शामिल बाकी संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। घोष ने बताया कि मुठभेड़ की जगह से एक एके-56 राइफल, 10 राउंड जिंदा कारतूस, गोला-बारूद सहित एक .303 राइफल और एक बैग बरामद किया गया। इस बैग में एक कुल्हाड़ी, खाद्य सामग्री और एक टॉर्च थी। 

तेलंगाना: 17 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम जिले में शुक्रवार को सीपीआई (माओवादी) के 17 कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने बताया कि ये लोग ऑपरेशन चेयुथा योजना के तहत आत्मसमर्पित माओवादियों और आदिवासियों को दी जा रही सुविधाओं से प्रभावित होकर सामने आए। इस साल अब तक जिला पुलिस के सामने 282 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने जारी बयान में कहा कि माओवादी अब तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्रों में सक्रिय हैं और ग्रामीणों से उन्हें किसी भी सहयोग से बचने की अपील की गई है। हाल ही में मुलुगु जिला पुलिस को ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर 20 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 12 हथियार बरामद किए गए थे।

बंगाल में ट्रेनों पर पथराव करने वाले तीन गिरफ्तार
 बंगाल में चलती ट्रेनों पर पथराव करने वाले तीन लोगों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर डिवीजन में वंदे भारत एक्सप्रेस और धौली एक्सप्रेस पर पथराव किया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची आरपीएफ ने हल्दीपाड़ा निवासी सत्यनारायण साहू और पश्चिम बंगाल के दो नाबालिगों को हिजली स्टेशन के पास पकड़ा। आरोपी साहू पर रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ ने कहा कि आरोपियों ने आदतन अपराधी होने की बात कबूल की है। वह ट्रेनों पर पत्थर मारकर लोगों का सामान चुराने का काम करते थे।

आंध्र प्रदेश : बम विस्फोट की साजिश रच रहे दो आतंकी गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों बम विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे। दोनों की पहचान लिफ्ट तकनीशियन सैयद समीर (28) और विजयनगरम के निवासी सिराज उर रहमान (29) के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी 17 मई को हुई थी। पुलिस के अनुसार, सिराज साजिश का मास्टरमाइंड था, जबकि समीर ने विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश को आगे बढ़ाने में उसकी सहायता की। इस बीच, सिराज ने विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों के माध्यम से विस्फोटक बनाने की सामग्री खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और उन्होंने भारत और विदेशों में कई संदिग्ध व्यक्तियों के साथ संपर्क स्थापित कर लिया था। विजयनगरम टाउन-II पुलिस ने दोनों को स्थानीय जिला अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। मामला फिलहाल आंध्र प्रदेश पुलिस के अधिकार क्षेत्र में है, हालांकि अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच अपने हाथ में ले सकती है। स्थानीय अदालत की ओर से दी गई पुलिस हिरासत पूरी करने और दोनों से पूछताछ करने के बाद उन्हें वापस विशाखापत्तनम सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

राहुल गांधी ने न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री से की मुलाकात
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। पीटर्स से मुलाकात के दौरान गांधी के साथ लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई भी थे। राहुल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री माननीय विंस्टन पीटर्स से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।

ओडिशा के पहले भाजपा विधायक प्रसन्ना पटनायक का 76 वर्ष की आयु में निधन
ओडिशा के पहले भाजपा विधायक प्रसन्ना पटनायक (76) का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल, कई मंत्रियों और विधायकों ने राज्य से पार्टी के पहले विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ओडिशा की राजनीति के एक मेहनती नेता और राज्य के पहले भाजपा विधायक प्रसन्ना पटनायक के निधन पर मुझे गहरा दुख है। शिक्षा, समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में उनके योगदान और हमारी पार्टी के संगठन को मजबूत करने में उनके अतुल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भगवान जगन्नाथ उनकी अमर आत्मा को शांति प्रदान करें।

बंगलूरू : कमल हासन के पोस्टर जलाने के आरोप में कन्नड़ कार्यकर्ता पर एफआईआर
कन्नड़ भाषा के बारे में अभिनेता कमल हासन के हालिया विवादास्पद बयान के विरोध में उनके पोस्टर जलाने के आरोप में एक कन्नड़ कार्यकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यहां बसवेश्वरनगर में बी रोड स्थित पवित्र पैराडाइज सर्किल के पास अभिनेता के पोस्टर जलाने का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, 28 मई को रात करीब 11.45 बजे नम्मा करुणादा युवा सेना के अध्यक्ष रविकुमार पवित्र पैराडाइज सर्किल के पास पहुंचे और हासन के पोस्टर जलाने लगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके कृत्य से न केवल सार्वजनिक शांति भंग हुई, बल्कि आधी रात को सड़क पर वाहनों की आवाजाही में भी बाधा उत्पन्न हुई।

अभिनेता-राजनेता हासन ने अपनी आगामी फिल्म ठग लाइफ के प्रचार कार्यक्रम के दौरान हाल ही में कहा था कि कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है, जिससे कन्नड़ समर्थक समूहों और सांस्कृतिक संगठनों में व्यापक आक्रोश है।

 कर्नाटक : कोविड से संक्रमित बुजुर्ग की मौत राज्य में कुल मौतों का आंकड़ा 3 हुआ
मैसूर के एक निजी अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक को 15 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत 25 मई को हुई। राज्य में कोरोना वायरस से संबंधित मौतों का आंकड़ा तीन हो गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज की मौत सेप्टिक शॉक के साथ एमओडीएस (मल्टीपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम), एकेआई (एक्यूट किडनी इंजरी) के साथ ऑलिगुरिया, कोविड निमोनिया के साथ एआरडीएस (एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम) और हाइपोनेट्रेमिया के कारण हुई। इसके अलावा, मरीज को सीकेडी (क्रोनिक किडनी डिजीज) और ब्रोन्किइक्टेसिस जैसी बीमारियां भी थीं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार 30 मई तक कर्नाटक में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 234 थी, जिसमें शुक्रवार को 114 नए मामले सामने आए हैं। 

आंध्र प्रदेश : बम विस्फोट की साजिश रच रहे दो आतंकी गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों बम विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे। दोनों की पहचान लिफ्ट तकनीशियन सैयद समीर (28) और विजयनगरम के निवासी सिराज उर रहमान (29) के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी 17 मई को हुई थी। पुलिस के अनुसार, सिराज साजिश का मास्टरमाइंड था, जबकि समीर ने विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश को आगे बढ़ाने में उसकी सहायता की। इस बीच, सिराज ने विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों के माध्यम से विस्फोटक बनाने की सामग्री खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और उन्होंने भारत और विदेशों में कई संदिग्ध व्यक्तियों के साथ संपर्क स्थापित कर लिया था। विजयनगरम टाउन-II पुलिस ने दोनों को स्थानीय जिला अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। मामला फिलहाल आंध्र प्रदेश पुलिस के अधिकार क्षेत्र में है, हालांकि अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच अपने हाथ में ले सकती है। स्थानीय अदालत की ओर से दी गई पुलिस हिरासत पूरी करने और दोनों से पूछताछ करने के बाद उन्हें वापस विशाखापत्तनम सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed