News Updates: विशाखापत्तनम नौसेना जासूसी मामले में दो और आरोपी दोषी; केरल में खराब व्यवहार के लिए हटाए गए BLO
विशाखापत्तनम नौसेना जासूसी मामले में एनआईए कोर्ट ने मंगलवार को दो और आरोपियों राजस्थान के झुंझुनू निवासी अशोक कुमार और अलवर के विकास कुमार को दोषी करार देते हुए पांच साल 11 महीने की साधारण कैद की सजा सुनाई है। दोनों पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना न भरने पर एक साल अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। इससे पहले कुल 15 आरोपियों में से आठ को सजा मिल चुकी है। अशोक को दिसंबर 2019 में मुंबई से और विकास को कर्नाटक के कारवार से गिरफ्तार किया गया था। एनआईए ने जून 2020 में 14 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट और मार्च 2021 में एक अन्य आरोपी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया था। यह केस भारतीय नौसेना की महत्वपूर्ण जगहों और ठिकानों की जासूसी से जुड़ा है। शुरुआत में आंध्र प्रदेश पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने इसकी जांच की थी, जिसके बाद मामला एनआईए को सौंपा गया। शेष आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अभी जारी है।
भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास सूर्य किरण का 19वां संस्करण उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आयोजित हो रहा है। मंगलवार से 8 दिसंबर तक होने वाला यह युद्धाभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सेना ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकरोधी अभियान का अभ्यास कर सामरिक क्षमता मजबूत करना है। सेनाएं संयुक्त रूप से जंगल युद्धकला का प्रशिक्षण लेंगी। अभ्यास में नवीनतम तकनीक, निगरानी साधनों तथा आधुनिक हथियार प्रणालियों के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे दोनों सेनाओं के बीच अंत: क्रियाशीलता बढ़ेगी और साझा संचालन क्षमता में सुधार होगा।
केरस में बीएलओ पर कार्रवाई, खराब व्यवहार के बाद ड्यूटी से हटाया
उत्तरी केरल जिले के तवनूर मंडल में एसआईआर का काम कर रहे एक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) को फॉर्म भरते समय सार्वजनिक रूप से नग्नता प्रदर्शित करने के बाद ड्यूटी से हटा दिया गया। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि बीएलओ को मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। यह घटना बीते सप्ताह घटी थी, लेकिन इसका वीडियो आज वायरल हुआ है। जिला अधिकारी ने बताया कि यह घटना 23 नवंबर को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के संज्ञान में आई और जिला कलेक्टर वीआर विनोद ने सोमवार को बीएलओ को उसके पद से हटा दिया। उन्होंने कहा, 'एक अन्य बीएलओ को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।'
इसरो अगले महीने लॉन्च करेगा अमेरिका की संचार सैटेलाइट
इंडियन रेलवेज इंस्टीट्यूट ऑफ सिग्नल इंजीनियरिंग एंड टेलीकम्युनिकेशंस (इरिसेट) के 68वें वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए इसरो प्रमुख ने यह भी कहा कि देश का अंतरिक्ष कार्यक्रम 2040 तक लॉन्च, सैटेलाइट और दूसरी चीजों के मामले में किसी भी दूसरे उन्नत देश के बराबर होगा।
नारायणन ने बाद में पत्रकारों से कहा, हम व्यावसायिक तौर पर अपने लॉन्च व्हीकल मार्क-3 से अमेरिका की संचार सैटेलाइन लॉन्च करने जा रहे हैं। तारीख अभी तय नहीं हुई है लेकिन यह अगले महीने लॉन्च होगा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसरो कई सारे कार्यक्रमों पर काम कर रहा है। वर्तमान में 57 सैटेलाइट ऑर्बिट (कक्षा) में हैं और देश की सेवा के लिए तीन साल में यह संख्या तीन गुना बढ़ जाएगी।
तेलंगाना:हैदराबाद में एक इमारत में लगी भीषण आग
हैदराबाद में लाल दरवाजा के पास एक इमारत में आग लग गई। दस दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसने आग पर काबू पा लिया गया है और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद चारमीनार विधायक मीर जुल्फिकार अली भी मौके पर पहुंचे। अग्निशमन अधिकारी करीम ने कहा, " भूतल पर बिजली की दुकानें हैं और पहली मंजिल पर घर हैं हमें अभी तक पता नहीं है कि आग कैसे लगी। आग पर अभी काबू पा लिया गया है। इमारत में कोई हताहत नहीं हुआ है। 10 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं।"
#WATCH | Telangana | A fire broke out in a building near Lal Darwaza in Hyderabad. Ten fire vehicles are at the spot. The fire is under control, and no casualties have been reported so far. Charminar MLA Mir Zulfeqar Ali also arrived at the spot. pic.twitter.com/wa6qkZJFPC
— ANI (@ANI) November 24, 2025
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने बताया कि फर्जीवाड़े और स्पैम की शिकायतों पर पिछले एक साल में 21 लाख मोबाइल नंबरों और लगभग एक लाख उपकरणों पर कार्रवाई हुई है।
इन नंबरों और उपकरणों से धोखाधड़ी वाले संदेश भेजे जा रहे थे। इसलिए या तो इन मोबाइल नंबरों को बंद कर दिया गया या ब्लैकलिस्ट कर दिया गया, ताकि आगे कोई धोखाधड़ी न हो सके। ट्राई ने लोगों से अपील की है कि वे फर्जीवाड़े वाले नंबरों की शिकायत ट्राई डीएनडी एप पर करें। ट्राई के मुताबिक, सिर्फ अपने फोन में नंबर ब्लॉक करने से दूसरे लोग सुरक्षित नहीं होते, लेकिन एप पर शिकायत करने से उस नंबर पर कार्रवाई होती है और उसे बंद या ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।
पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों में तबाही मचाने वाली हैमर मिसाइल प्रणाली अब भारत में ही बनाई जाएगी। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. (बीईएल) और फ्रांस की कंपनी साफ्रान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस ने देश में इसका संयुक्त उपक्रम लगाने के लिए समझौता किया है। नई कंपनी हैमर हथियार प्रणाली का स्थानीय उत्पादन, आपूर्ति और रखरखाव सुनिश्चित करेगी।
इस करार पर बीईएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मनोज जैन और साफ्रान के कार्यकारी उपाध्यक्ष एलेक्जांद्र जिगलर ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और साफ्रान के सीईओ ओलिवियर एंड्रिएस भी मौजूद थे। यह संयुक्त उपक्रम दोनों पक्षों की आधी-आधी हिस्सेदारी वाली एक प्रा. लि. कंपनी होगी।
प्रस्तावित गोवा टाइगर रिजर्व में काली रिजर्व के निकट संरक्षित क्षेत्रों को शामिल करें: केंद्रीय पैनल
सुप्रीम कोर्ट की ओर से बनाई गई एक समिति ने प्रस्तावित गोवा टाइगर रिजर्व के पहले चरण में काली टाइगर रिजर्व के केंद्र से सटे और अपेक्षाकृत कम घरों वाले संरक्षित क्षेत्रों को शामिल करने की सिफारिश की है।
समिति ने सुप्रीम कोर्ट से यह भी सिफारिश की है कि भगवान महावीर वन्यजीव अभयारण्य और महादेई वन्यजीव अभयारण्य के दक्षिणी भाग जैसे ज्यादा संख्या में घरों वाले संरक्षित क्षेत्रों को रिजर्व के पहले चरण में शामिल नहीं किया जाएगा।
सीईसी ने 21 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसके बाद पैनल के दो सदस्यों - चंद्र प्रकाश गोयल और सुनील लिमये - ने एनजीओ गोवा फाउंडेशन सहित सभी हितधारकों से मुलाकात की।
एनजीओ ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर मांग की थी कि राज्य सरकार इस क्षेत्र को बाघ अभयारण्य घोषित करे। हाईकोर्ट ने गोवा सरकार को अपने वन्यजीव अभयारण्यों के एक हिस्से को बाघ अभयारण्य घोषित करने का आदेश दिया था। गोवा सरकार ने बाद में इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
लग्जरी कार की मांग पर झगड़ा हुआ जानलेवा, पिता ने बेटे के सिर पर मारी लोहे की रॉड, युवक की मौत
लग्जरी कार की मांग करने पर पिता ने अपने बेटे के सिर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में घायल 28 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के बताया कि युवक 9 अक्टूबर से गंभीर चोटों से जूझ रहा था, जिस दिन उसके पिता ने यहां वंचियूर स्थित अपने घर में दोनों के बीच हुए झगड़े के बाद उसे मारा था।
पिता ने पहले ही अपने बेटे के लिए एक महंगी मोटरसाइकिल खरीद दी थी, लेकिन 28 वर्षीय बेटा उससे संतुष्ट नहीं था और उसने एक लग्जरी कार मांगी। पुलिस ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच उनके घर पर बहस हो गई और बेटे ने अपने पिता पर हमला कर दिया, जिसके जवाब में पिता ने लोहे की छड़ से हमला किया।
पड़ोसियों और परिवार के रिश्तेदारों के हवाले से पुलिस ने यह भी बताया कि बेटा बेरोजगार था। उन्होंने ये भी बताया कि वह हमेशा महंगी चीजें मांगता था और मांग पूरी न होने पर गुस्सा हो जाता था। पुलिस ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में लोगों ने ईसी ऑफिस के मेन गेट को घेर लिया है। कोलकाता में चुनाव आयोग के ऑफिस के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। बंगाल में SIR पर संग्राम छिड चुका है। टीएमसी विरोध मार्च कर चुकी है। इसके बाद अब लोगों ने एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। स्थानीय लोगों ने कोलकाता में इलेक्शन कमीशन ऑफिस के मेन गेट को घेर लिया, जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए।
#WATCH | Visuals from outside the Election Commission office in Kolkata. People have surrounded the main gate of the office, protesting against the SIR exercise in West Bengal. https://t.co/wWb4o8tYkL pic.twitter.com/eFtkdfEssQ
— ANI (@ANI) November 24, 2025
वहीं भाजपा उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघना घोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये टीएमसी के गुंडे हैं और गुंडागर्दी करने आए हैं। इनके व्यवहार और कार्यों को देखिए। ये लोग बीएलओ नहीं हैं। ये आधी रात को सीओ कार्यालय में छेड़छाड़ करने आए थे। हमने उन्हें रोका।
तिरुवनंतपुरम में त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड की बैठक के बाद बोर्ड अध्यक्ष के. जयरामकुमार ने सबरीमाला मंदिर में अन्नदानम का मेन्यू बदलने का निर्णय घोषित किया। उन्होंने बताया कि 2026 नवंबर त्योहार के लिए बड़े बदलावों की तैयारी शुरू करनी होगी और इसके लिए मास्टरप्लान परियोजनाओं की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को इस संबंध में अगली बैठक होगी, जिसमें प्राथमिकता तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार तीर्थयात्रियों के प्रबंधन में बड़ी सफलता मिली है। मंदिर परिसर एक बार में एक लाख श्रद्धालुओं को संभाल सकता है, लेकिन सभी को एक साथ प्रवेश नहीं दिया जा सकता। पुलिस और देवस्वम बोर्ड ने मिलकर बेहतर ‘सीक्वेंसिंग’ लागू की है, जिसका प्रभाव दिखा। सोमवार को एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, लेकिन किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई।
ओडिशा शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की ओर: सीएम मोहन
समृद्धा ओडिशा 2036 कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री मोहन चरण ने कहा कि यूसीसीआईएल राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में ओडिशा देश की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आईटी, सेमीकंडक्टर और फिनटेक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा जल्द ही इन क्षेत्रों का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे रोजगार और निवेश को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
‘स्वावलंबन 2025’ में नौसेना ने बढ़ाया स्वदेशी तकनीक का दायरा
स्वावलंबन 2025 के चौथे संस्करण में भारतीय नौसेना के असिस्टेंट चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (एसआर) कमोडोर प्रशांत हंदू ने बताया कि पिछले चार वर्षों में नौसेना ने छोटी और मध्यम उद्योगों को महत्वपूर्ण तकनीक उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों ने जो उत्पाद विकसित किए हैं, वे सेमिनार में प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में तीन मुख्य भाग रखे गए। तकनीकी प्रदर्शनी, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रक्रियागत चर्चा और युवाओं को तकनीक के मूल स्तर पर सीखने का अवसर।
उन्होंने कहा कि स्वावलंबन का मुख्य लक्ष्य इंडिजेनाइजेशन है। नौसेना चाहती है कि तकनीक भारत में विकसित हो और देश रक्षा क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी भर नहीं, बल्कि रक्षा नवाचार को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का बड़ा मंच है, जहां युवा और स्टार्टअप्स एक नई रक्षा सोच को आकार दे रहे हैं।
अयोध्या में धर्म ध्वज फहरने पर इस्राइल के राजदूत की बधाई
अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण पर इस्राइल के भारत में राजदूत रेवुएन अज़ार ने बधाई दी और इसे भारत के महत्वपूर्ण सभ्यतागत प्रतीक की बहाली बताया। उन्होंने मंदिर निर्माण के दौरान की अपनी यात्रा की तस्वीरें भी साझा कीं। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर के 191 फुट ऊंचे शिखर पर धर्म ध्वज फहराया। ध्वज पर ‘ॐ’, सूर्य और कोविडार वृक्ष के प्रतीक अंकित हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल ध्वजारोहण नहीं, बल्कि 500 वर्षों से संजोए संकल्प की सिद्धि है। उन्होंने इसे भारत के आत्मविश्वास और सभ्यता के पुनर्जागरण का क्षण बताया। पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए राम के आदर्शों को आचरण में लाना होगा। उन्होंने सभी वर्गों के विकास को बीते 11 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
भारतीय सेना और मोरक्को नौसेना के बीच रक्षा सहयोग पर चर्चा
भारतीय सेना ने बताया कि मोरक्को रॉयल नेवी के इंस्पेक्टर रियर एडमिरल मोहम्मद ताहिन ने लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेन्द्र सिंह से मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा वैश्विक शांति एवं सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को बढ़ाने पर चर्चा की। भारतीय सेना ने इसे आपसी सैन्य सहयोग का महत्वपूर्ण कदम बताया।
एक अन्य कार्यक्रम में सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर ‘ऑपरेशन पवन’ में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ मेजर जनरल अशोक के. मेहता (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट कर्नल अतुल कोचर (MVC सेवानिवृत्त) और मेजर रामास्वामी परमेस्वरन (PVC मरणोपरांत) की पत्नी उमा परमेस्वरन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना ने कहा कि यह समारोह बलिदानियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का प्रतीक है।
भूटान में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियों पर प्रदर्शनी
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियों का भूटान में 17 दिन का प्रदर्शन भारत–भूटान के आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करता है। यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय शांति प्रार्थना और भूटान के चौथे राजा के जन्मदिन के अवसर से भी जुड़ा रहा। उन्होंने बताया कि भूटान के राजा ने स्वयं अस्थियों के सम्मानजनक प्रदर्शन की व्यवस्था की, ताकि आम लोग भी इनके दर्शन कर सकें।
रिजिजू ने कहा कि भूटान सरकार और जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने अस्थियों के प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि यह न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव का भी प्रतीक है। यह आयोजन दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक बंधन, विश्वास और सदियों पुराने संबंधों को और गहरा करता है।
भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरी इलाकों में तैनात त्रिशक्ति कोर ने 14,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर उन्नत बिना हथियार वाली लड़ाकू प्रशिक्षण ड्रिल ‘अमर’ शुरू कर दी है। सेना के अनुसार, यह प्रशिक्षण अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन और कठिन भूभाग के बीच आयोजित किया जा रहा है, ताकि सैनिक उन परिस्थितियों में भी प्रभावी ढंग से जवाब देने में सक्षम हों, जब परंपरागत हथियार तुरंत उपलब्ध न हों। ‘अमर’ एक आधुनिक प्रणाली है, जो भारतीय पारंपरिक मार्शल आर्ट्स और वैश्विक कॉम्बैट तकनीकों का मिश्रण है।
इस ड्रिल में बेयर-हैंड फाइटिंग, तनाव नियंत्रण, शारीरिक-मानसिक मजबूती और उच्च पर्वतीय अभियानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई अभ्यास शामिल हैं। सेना की मानें तो यह प्रशिक्षण सैनिकों की रिफ्लेक्स क्षमता, संतुलन, स्टैमिना, स्थितिजन्य जागरूकता और नियंत्रित आक्रामकता को बढ़ाता है, जो पहाड़ी क्षेत्रों में नजदीकी मुकाबले के दौरान बेहद अहम होते हैं।
श्रीलंका जाएंगे सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी, रक्षा साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी आगामी 1 से 2 दिसंबर तक श्रीलंका के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। भारतीय सेना ने इसे भारत-श्रीलंका रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यात्रा के दौरान वे श्रीलंका के शीर्ष सैन्य नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। सेना के अनुसार, यह दौरा सैन्य प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, संयुक्त अभ्यासों और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाएगा। भारत और श्रीलंका के बीच पिछले एक दशक में उच्च-स्तरीय सैन्य संवाद और आदान-प्रदान लगातार गहरा हुआ है। इससे पहले 2021 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने श्रीलंका का दौरा किया था। सेना का कहना है कि जनरल द्विवेदी की आगामी यात्रा भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति की भावना को मजबूत करती है और श्रीलंका के साथ सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।