फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 23th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Update: कल छह दिवसीय अमेरिका दौरे पर जाएंगे विदेश मंत्री जयशंकर; असम में छह बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा

Mon, 23 Dec 2024 03:16 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Mon, 23 Dec 2024 03:16 PM IST
विज्ञापन
News Updates 23th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका के छह दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रवाना होंगे। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद भारत से अमेरिका की पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी।

विज्ञापन

कर्नाटक में लोकायुक्त अधिकारी बन घूम रहा युवक गिरफ्तार
कर्नाटक के उल्लाल में खुद को लोकायुक्त अधिकारी बताकर व्हाट्सएप के जरिये पैसे ऐंठने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी धनंजय रेड्डी थोटा (31) ने लोकायुक्त अधिकारी बनकर पंचायत अधिकारी पुरुषोत्तम को फोन किया। उसने पंचायत अधिकारी से भ्रष्टाचार के एक मामले को निपटाने के लिए पैसे मांगे। इस पर पुरुषोत्तम ने अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद जांच शुरू हुई। कॉल ट्रेस करने के बाद पुलिस आंध्र प्रदेश पहुंची, जहां से थोटा को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसका लोकायुक्त से कोई संबंध नहीं था और वह कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर अधिकारियों का शोषण करने के लिए इस योजना का इस्तेमाल कर रहा था। आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन


असम में छह बांग्लादेशी युवक पकड़े, सीमा पार भेजे
असम पुलिस ने अवैध रूप से राज्य में प्रवेश कर रहे छह बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा। उनको वापस भेज दिया गया। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अवैध रूप से घुसपैठ करने वालों का असम में कोई स्थान नहीं है। सख्त निगरानी के चलते घुसपैठ का प्रयास कर रहे छह बांग्लादेशियों को असम पुलिस ने पकड़ा। उनको वापस सीमा पार भेज दिया गया। इसमें मुस्तफिजुर रहमान, कब्बो क्रूज, एमडी लेलिन मिया, सिराजुल इस्लाम, सैफुल इस्लाम और मुख्तार हुसैन शामिल है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आज 71 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नई भर्तियों के लिए 71 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को सुबह करीब 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 71,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। पीएमओ ने बताया कि इस अवसर पर वह उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। रोजगार मेला युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तीकरण में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। ये नियुक्तियां विभिन्न केंद्रीय सरकारी मंत्रालयों और विभागों के लिए की जा रही है। पीएमओ ने कहा कि देशभर से चयनित ये लोग केंद्रीय गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में शामिल होंगे।

कर्नाटक में मंसाहारी भोजन वितरण पर विवाद
कर्नाटक से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मांड्या में 87वें कन्नड़ साहित्य सम्मेलन में रविवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया जब प्रगतिशील समूहों ने मांसाहारी भोजन वितरित किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

प्रगतिशील समूहों की मांग
प्रगतिशील समूहों ने मांग की थी कि सम्मेलन के दौरान मांसाहारी भोजन परोसा जाना चाहिए। लेकिन हर साल की तरह इस बार भी शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया गया, जो प्रगतिवादियों को पसंद नहीं आया। सूत्रों के अनुसार, रविवार को सम्मेलन के आखिरी दिन प्रगतिशील समूहों के सदस्यों ने मांसाहारी भोजन बांटा। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।

जानकारी के अनुसार शाकाहारी भोजन के बगल में मांसाहारी भोजन रखा हुआ था। पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने भोजन जब्त कर लिया। सूत्रों ने बताया कि इस पर पुलिस और मांसाहारी भोजन परोसने वालों के बीच बहस हुई और हंगामा हुआ।

श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में भक्तों ने दान किया स्वर्ण मुकुट
आंध्र प्रदेश के तारिगोंडा में स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में भक्तों ने रविवार को स्वर्ण मुकुट दान में दिया।तिरुपति से 110 किलोमीटर दूर स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर को 340.930 ग्राम वजन का स्वर्ण मुकुट प्राप्त हुआ, जिसकी कीमत लगभग 27 लाख रुपये है। यह मुकुट चेन्नई के भक्त वसंत लक्ष्मी, माधवी और मनोहर ने भेंट किया।

मंदिर निकाय की प्रेस विज्ञप्ति
मंदिर निकाय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "तिरुपति से लगभग 110 किलोमीटर दूर तारिगोंडा में स्थित तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के उप-मंदिर श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर को रविवार को कीमती आभूषणों के रूप में दान प्राप्त हुआ।

असम में एसटीएफ का बड़ा एक्शन
असम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और कछार जिला पुलिस ने शनिवार देर रात कछार जिले में 60,000 याबा टैबलेट, 125 ग्राम हेरोइन बरामद कर जब्त कर लिया।
 

त्रिपुरा में अवैध प्रवेश के आरोप में 3 बांग्लादेशी गिरफ्तार
त्रिपुरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां अगरतला रेलवे स्टेशन पर अवैध प्रवेश के आरोप में तीन बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया। मामले में राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी (ओसी) ने बताया कि रविवार को त्रिपुरा के अगरतला रेलवे स्टेशन पर तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी अगरतला जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया विभाग के संयुक्त अभियान के बाद हुई।

गिरफ्तार लोगों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नोआखली के छोटन दास, बिष्णु चंद्र दास और हबीगंज के मोहम्मद मालेक के रूप में हुई है। ये लोग रेलवे स्टेशन पर किसी दूसरे राज्य के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचे थे। इसके साथ ही शुरुआती जांच में पता चला कि उनका गंतव्य कोलकाता था।

झारखंड में दो अपराधिक गिरोहों के 13 लोग गिरफ्तार
झारखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दो आपराधिक गिरोहों से जुड़े 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में रविवार को अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने झारखंड के विभिन्न जिलों से दो आपराधिक गिरोहों से जुड़े 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 1.41 लाख रुपये नकद और एक पिस्तौल बरामद की गई है।

जबरन वसूली का मामला
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये गिरोह के सदस्य ट्रांसपोर्ट, ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों से जबरन पैसे वसूलने के लिए धमकाते थे। पतरातू एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि इन्हें रामगढ़, हजारीबाग और पतरातू के कई इलाकों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।

बिहार में BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग
बिहार BPSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान राजद नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि BPSC परीक्षा रद्द होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक की जांच का आदेश भी नहीं देती। इसके तहत पेपर लीक होना नियमित हो गया है। 

छात्रों की मांग पर बोले तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने आगे कहा हम उनकी मांग का समर्थन करते हैं और सरकार और बीपीएससी अध्यक्ष से इस परीक्षा को रद्द करने का अनुरोध करते हैं। इसमें धांधली की बात कही जा रही है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर छात्रों को पेपर देरी से मिला, कई जगहों पर प्रश्नपत्र सील नहीं किया गया। हम इसे रद्द करने की मांग करते हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

गोवा जा रही वंदे भारत ट्रेन तकनीकी वजह से रास्ता भटकी

गोवा जा रही सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार सुबह तकनीकी वजह से रास्ता भटक गई और करीब डेढ़ घंटे की देरी से गोवा पहुंची। दरअसल महाराष्ट्र के ठाणे जिले के दिवा स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण वंदे भारत ट्रेन अपने नियमित मार्ग से भटक गई, जिसके चलते ट्रेन 90 मिनट की देरी से गोवा पहुंची। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन को दिवा-पनवेल रेलवे लाइन पर पनवेल स्टेशन की जाना था, लकेिन तकनीकी खराबी की वजह से एक्सप्रेस ट्रेन कल्याण की तरफ चली गई। इसके चलते मुंबई लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई। इस घटना के कारण मध्य रेलवे पर मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।

मध्य रेलवे के मुख्य पीआरओ स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना दिवा जंक्शन पर सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में खराबी की वजह से हुई। अपने निर्धारित मार्ग से भटकने के बाद सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस कल्याण स्टेशन पहुंच गई थी। उसके बाद उसे वापस दिवा जंक्शन पर लाया गया, जहां से वह गोवा के लिए रवाना हुई। 

 

 झारखंड में 28 दिसंबर से 'मंईयां सम्मान' योजना के तहत महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपये
 झारखंड की प्रमुख योजना 'मंईयां सम्मान योजना' के लाभार्थियों को 28 दिसंबर से 2,500 रुपये की बढ़ी हुई वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह धनराशि रांची के नामकुम में एक कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। इस कार्यक्रम में राज्य भर से हजारों महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

अगस्त में शुरू की गई इस योजना के तहत 18-50 वर्ष की आयु की महिलाओं को शुरू में 1,000 रुपये दिए गए। इस योजना से करीब 55 लाख महिलाओं को लाभ मिला।
 

360 करोड़ के पोंजी स्कीम घोटाले में मुख्य आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज
गुजरात हाईकोर्ट ने करोड़ों रुपये के पोंजी स्कीम घोटाले में कुछ क्रिकेटरों से लेकर स्कूल शिक्षकों तक के निवेशकों को ठगने के आरोपी भूपेंद्र सिंह जाला की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। जस्टिस एमआर मेंगडे की एकल पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जाला की याचिका खारिज कर दी।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि जाला को अलग-अलग खातों में 360 करोड़ रुपये मिले थे, जिसे उसने निकाल लिया। जब उसके खाते फ्रीज किए गए, तब उसमें केवल 1 करोड़ रुपए थे। जाला को किसी तरह की राहत दिए जाने का विरोध करते हुए अभियोजन पक्ष ने कहा कि घोटाले के पैमाने का पता लगाने के लिए गहन जांच की जरूरत है।

पुलिस ने बताया कि नवंबर में इस घोटाले का खुलासा तब हुआ, जब राज्य सीआईडी को जाला के बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन का पता चला था। जाला ने जमा राशि पर 36 फीसदी रिटर्न का वादा करके लोगों को धोखा दिया था। जांच में पाया गया कि बीजेड फाइनेंशियल सर्विस समेत जाला की चार संस्थाओं से जुड़े चार बैंक खातों में 2020 और 2024 के बीच 360.72 करोड़ रुपये आए। इसमें से जाला ने 100 करोड़ रुपये का इस्तेमाल 9 करोड़ रुपये की पांच लग्जरी कारों समेत 17 संपत्तियां खरीदने में किया। पुलिस ने बताया कि साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर तालुका निवासी जाला की इस योजना में पांच से छह क्रिकेटर और कई स्कूल शिक्षकों ने निवेश किया था। सीआईडी ने 27 नवंबर 2024 को उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

अल्लू अर्जुन मंगलवार सुबह 11 बजे चिक्कड़पल्ली पुलिस के सामने पेश हों

हैदराबाद पुलिस ने 'पुष्पा' फिल्म के अभिनेता अल्लू अर्जुन को एक नोटिस जारी किया है। उन्हें 4 दिसंबर को 'पुष्पा 2' फिल्म के प्रीमियर के दौरान हुई संध्या थिएटर की घटना के संबंध में उनके सामने पेश होने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि घटना के सिलसिले में बयान देने के लिए अल्लू अर्जुन को मंगलवार को सुबह 11 बजे चिक्कड़पल्ली पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है। खबरों के मुताबिक वकीलों के एक समूह को जुबली हिल्स में अल्लू अर्जुन के घर पर देखा गया था। वकीलों के पास दस्तावेजों के फोल्डर्स और बैग देखे गए। लंबी चर्चा के बाद वकील रात में चले गए।

असम : बाल विवाह के खिलाफ अभियान में 5,348 गिरफ्तारियां
असम में बाल विवाह के खिलाफ चलाए गए अभियान में अब तक 5,348 गिरफ्तारियां हुई हैं। पिछले दो साल में कुल 5,842 मामले दर्ज किए गए हैं। बाल विवाह के खिलाफ पहला अभियान फरवरी 2023 में और दूसरा अक्तूबर 2023 में शुरू किया गया था। प्रथम चरण के अभियान में पुलिस ने 3,425 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और 4,387 मामले दर्ज किए। दूसरे चरण में पुलिस ने 913 लोगों को गिरफ्तार कर 682 मामले दर्ज किए हैं। एडीजीपी (सीआईडी) एमपी गुप्ता ने कहा, हमारा उद्देश्य 2025 तक बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को मिटाना है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed