फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 22nd Oct North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: अभिनेता सिद्दीकी को गिरफ्तारी से दी गई राहत बढ़ी, 6 नवंबर तक नहीं मिलेंगे प्लेटफार्म टिकट

Tue, 22 Oct 2024 08:58 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 22 Oct 2024 08:58 PM IST
विज्ञापन
News Updates 22nd Oct North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

सुप्रीम कोर्ट ने मलयालम अभिनेता सिद्दीकी को एक युवा अभिनेत्री की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दो सप्ताह के लिए बढ़ा दी। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ केरल सरकार की इस दलील से सहमत नहीं हुई कि याचिकाकर्ता सबूत नष्ट कर रहा है। केरल सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रंजीत कुमार ने कहा कि उनकी आशंकाएं दोहरी हैं, एक तो वह सहयोग नहीं कर रहा है और दूसरा वह सबूत नष्ट कर रहा है। पीठ ने कहा कि घटना 2016 की है। कुमार ने कहा कि याचिकाकर्ता हर बार पुलिस के सामने पेश होने पर लिखित बयान लेकर आता है, जिसमें कहता है कि वह किसी भी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता।

विज्ञापन


25 से 6 नवंबर तक नहीं मिलेंगे प्लेटफार्म टिकट
छठ पूजा व दीपावली की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री बंद करने का निर्णय किया है। 25 अक्तूबर से 6 नवंबर तक नई दिल्ली, आनंद विहार, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन, गाजियाबाद और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट नहीं मिलेगा। त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में रेल यात्रा के टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लग जाती हैं।
विज्ञापन


श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर भारत-पाकिस्तान के बीच समझौता
करतारपुर पर फैसले के संबंध में विदेश मंत्रालय ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक माध्यमों से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर समझौते की वैधता को पांच साल की अवधि के लिए बढ़ाने पर सहमति बनी है। इस समझौते की वैधता के विस्तार से भारत से पाकिस्तान में पवित्र गुरुद्वारा जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कॉरिडोर का निर्बाध संचालन सुनिश्चित होगा। वहीं इस मामले में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट, भारत और पाकिस्तान ने अगले पांच वर्षों के लिए श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर समझौते को नवीनीकृत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार हमारे सिख समुदाय को उनके पवित्र स्थलों तक पहुंच की सुविधा प्रदान करना जारी रखेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
28 अक्तूबर को TASL एयरबस कारखाने का उद्घाटन करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके स्पेनिश समकक्ष पेड्रो सांचेज 28 अक्तूबर को वडोदरा में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लि. (टीएएसएल) एयरबस कारखाने का उद्घाटन करेंगे। दोनों नेता शहर में एक द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। गुजरात सरकार की ओर से कहा गया है कि परिवहन विमान सी-295 की विनिर्माण सुविधा की आधारशिला वडोदरा में 30 अक्तूबर, 2022 को पीएम मोदी ने रखी थी। अगले सोमवार को दोनों नेता संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। यह मेक इन इंडिया पहल है, इसका उद्देश्य स्वदेशी विमान निर्माण को बढ़ावा देना है। टाटा-एयरबस परियोजना भारतीय वायु सेना के लिए परिवहन विमान का उत्पादन करेगी, जो रक्षा क्षेत्र में विमानन में एक नए युग का संकेत है।

मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद
भारतीय सेना, असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और मणिपुर में तैनात अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने मणिपुर में कई जिलों से 12 हथियार, गोला-बारूद और युद्धक सामग्री के गोदाम बरामद किए। एक अधिकारी के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से मणिपुर में पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया। 15 अक्तूबर को सेना ने मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर लीरोंगथेल पित्रा के सामान्य क्षेत्र में अभियान चलाया था। यह मणिपुर के थौबल जिले के सीमांत क्षेत्रों में स्थित है। यहां पर एक एके 56 राइफल, एक एसएलआर, एक कार्बाइन मशीन गन, एक सिंगल बैरल राइफल, एक पिस्तौल, ग्रेनेड, गोला-बारूद और युद्धक सामग्री के भंडार बरामद किए। इसी तरह 16 एवं 24 अक्तूबर को असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के कन्नन वेंग गांव के पास एक .303 राइफल, पांच सिंगल बैरल राइफल, एक 9 मिमी पिस्तौल, गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामान को मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।

वक्फ बिल पर जेपीसी की बैठक: विपक्ष ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए
वक्फ (संशोधन) विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में तीखी बहस हुई। सोमवार की बैठक में विपक्षी सदस्यों ने विधेयक पर सलाह मशविरे की प्रक्रिया पर सवाल उठाए, जिसको लेकर भाजपा के सदस्यों के साथ उनकी गरमागरम बहस हुई। सोमवार को ही अल्पसंख्यक मंत्रालय के अधिकारियों ने वक्फ विधेयक पर मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत किए। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल समिति के अध्यक्ष हैं। विपक्ष के कुछ सदस्यों ने कहा कि सरकार राजनीतिक कारणों से यह विधेयक लेकर आई है, जिसका उद्देश्य मुश्लिम समुदाय को लक्षित करना है। उन्होंने विधेयक को जल्दबाजी में लानने की आवश्यकता पर सवाल उठाए। सूत्रों ने बताया कि एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने समिति के समक्ष करीब एक घंटे तक अपनी बात रखी और बिल की खामियों को गिनाया। इस दौरान भाजपा के सदस्यों के साथ उनकी नोकझोंक हुई। तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी ने पूछा कि क्या वक्फ को राज्य की ओर से मान्यता प्राप्त है। भाजपा के सदस्यों ने विधेयक का बचाव करते हुए कहा कि यह वक्फ संपत्ति प्रबंधन में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। जेपीसी की अब तक 20 बैठकें हो चुकी हैं जिनमें 15 दिल्ली में और पांच अन्य शहरों में हुई हैं।

डीडीए के उपाध्यक्ष सुभाशीष बने पीएमओ में अतिरिक्त सचिव
वरिष्ठ नौकरशाह सुभाशीष पांडा को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश कैडर के 1997 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी पांडा वर्तमान में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में उपाध्यक्ष हैं। कार्मिक मंत्रालय के अनुसार पांडा की नियुक्ति 2 जनवरी, 2027 तक है। आईएएस अधिकारी रघु जी और चंद्र मोहन ठाकुर को पीएमओ में उप सचिव नियुक्त किया गया है। 

प्रियंका गांधी वायनाड उपचुनाव के लिए कल दाखिल करेगी नामांकन
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को कलपेट्टा में वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी मौजूद रहेंगे।

सिद्दीकी हत्याकांड के 4 आरोपियों का रिमांड 25 तक बढ़ा
मुंबई की एक अदालत ने सोमवार को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के चार आरोपियों का पुलिस रिमांड 25 अक्तूबर तक बढ़ा दिया। वहीं, उदयपुर से गिरफ्तार 10वें आरोपी को 26 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने गुरमेल बलजीत सिंह, धर्मराज कश्यप, हरीश कुमार निसाद और प्रवीण लोणकर को एस्प्लेनेड कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट वीआर पाटिल के समक्ष पेश किया गया।

 

पुडुचेरी के उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया
पुडुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया, जिन्होंने केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसमें राशन की दुकानों के माध्यम से मुफ्त चावल और चीनी का वितरण करना शामिल है। इस योजना से लगभग 6.34 लाख परिवार लाभान्वित होंगे, जिन्हें 10 किलोग्राम चावल और 2 किलोग्राम चीनी मुफ्त में दिया जाएगा। यह योजना दिवाली से पहले शुरू की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।

कैलाशनाथन ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री की अपील पर कदम उठाया और दिल्ली में प्रधानमंत्री से भी चर्चा की और उन्हें राशन की दुकानों के माध्यम से चावल और चीनी वितरित करने के फायदे समझाए। उन्होंने कहा कि कभी-कभी, लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा किया गया पैसा चावल खरीदने के बजाय कुछ अन्य उद्देश्यों के लिए खर्च किया जा रहा था। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्ड धारकों को वस्तुओं के बराबर नकद भुगतान करने के बजाय उन्हें चावल और चीनी की आपूर्ति करने के प्रस्ताव पर सहमत हुए।

सीएम ममता ने कुल्तुली में दुष्कर्म-हत्या पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के कुल्तुली में दुष्कर्म और हत्या की शिकार लड़की के माता-पिता से मुलाकात की। उन्हें आश्वासन दिया कि दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। इस मुलाकात के दौरान लड़की के माता-पिता के साथ कैनिंग के तृणमूल कांग्रेस विधायक सौकत मोल्ला भी मौजूद थे। एक सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और तीन महीने के भीतर इस मामले की जांच पूरी करने का वादा किया। पुलिस ने घटना के संबंध में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

5 अक्तूबर को, कुल्तुली में एक तालाब से चौथी कक्षा की एक छात्रा का शव बरामद किया गया, जिसके बाद भारी विरोध प्रदर्शन हुआ और स्थानीय लोगों ने वाहनों को आग लगा दी, एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और इलाके में सड़क जाम कर दी।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री का मजाक उड़ाया
राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का मजाक उड़ाया। दावा किया कि उन्होंने एक अस्पताल के निरीक्षण के दौरान अपने सिर पर सर्जिकल शू कवर पहन रखा था। तेजस्वी यादव ने एक्स पर मंगल पांडे की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह सर्जिकल शू कवर सिर पर पहने हुए दिखाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि मंगल पांडे शू कवर और सिर कवर के बीच का अंतर नहीं जानते। इस मामले पर टिप्पणी के लिए पांडे से संपर्क नहीं किया जा सका, जबकि राज्य स्वास्थ्य विभाग ने तस्वीरों की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।

त्रिपुरा में 2800 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देगा केंद्र
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय त्रिपुरा की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 2800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देगा। यह आश्वासन नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मिला। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री माणिक साहा, जिनके पास पीडब्ल्यूडी विभाग है, भी बैठक में उपस्थित थे। इसमें कहा गया, 'बैठक के दौरान आठ परियोजनाओं पर चर्चा हुई, जिन्हें पूर्वोत्तर राज्य के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा मंजूरी दी जाएगी।'

अमित शाह को जन्मदिन के अवसर पर मिल रहीं बधाईयां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अथक परिश्रम करने वाला 'असाधारण प्रशासक' बताया। अमित शाह मंगलवार को 60 साल के हो गए। अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इतिहास रचते हुए 300 से अधिक सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें नई सरकार में गृह मंत्री बनाया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने छह जुलाई, 2021 को जब सहकारिता मंत्रालय का गठन किया तो अमित शाह को सहकारिता मंत्री का दायित्व भी मिला। सहकारिता क्षेत्र में अमित शाह का अनुभव विस्तृत एवं व्यापक है जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा एक पोस्ट में लिखा, 'अमित शाह को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह एक मेहनती नेता हैं जिन्होंने भाजपा को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है। शाह ने एक असाधारण प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है और वह विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए कई प्रयास कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।'

अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में रह रहे एक गुजराती परिवार में, कुसुम बेन और अनिलचंद्र शाह के घर हुआ। अमित शाह के दादा गायकवाड़ के बड़ौदा स्टेट की एक छोटी रियासत मानसा के नगर सेठ थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शाह को अत्यंत कर्मठ एवं परिश्रमी नेता बताया और कहा कि वह भारत की आंतरिक सुरक्षा को सशक्त करने में पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा, 'वह भारत और भाजपा दोनों के विकास एवं उत्थान के लिए जिस तरह का परिश्रम कर रहे हैं, वह सराहनीय है। मैं उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।'

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि राष्ट्र के प्रति शाह का परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कुशलता भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, 'देश के गृहमंत्री के रूप में राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा में आपका उल्लेखनीय योगदान अविस्मरणीय है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ व यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।' विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'राष्ट्र की सुरक्षा, विकास एवं सशक्तीकरण में आपका योगदान बहुमूल्य है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं।'

पश्चिम बंगाल के नादिया में सड़क हादसा, पेड़ से टकराई बस, 15 यात्री घायल

पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में मंगलवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 15 लोग घायल हो गए। दरअसल एक बस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसमें करीब 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना तेहट्टा इलाके में उस समय हुई, जब बस करीमपुर से कृष्णानगर जा रही थी। पुलिस के अनुसार घायलों को तेहट्टा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। 
 

लालकृष्ण आडवाणी को सौंपा गया सदस्यता का प्रमाण पत्र

भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत मंगलवार को पार्टी के सक्रिय सदस्य बने। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लालकृष्ण आडवाणी के आवास पहुंचकर उन्हें पार्टी की सदस्यता का प्रमाणपत्र सौंपा। भाजपा 2 सितंबर से देशभर में सदस्यता अभियान चला रही है। पार्टी के इस अभियान को शानदार सफलता मिल रही है और भाजपा बीते 18 दिनों में चार करोड़ सदस्यों को पार्टी से जोड़ चुकी है। इनमें से दो करोड़ सदस्य अकेले यूपी से बने हैं। पार्टी के इस अभियान के तहत पीएम मोदी पहले सदस्य बने। 
 

भूटान के प्रधानमंत्री से मिले एस जयशंकर

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को नई दिल्ली में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोगबे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा हुई। 
 

CAA विरोधी आंदोलन मामले में MLA अखिल गोगोई के खिलाफ UAPA के तहत आरोप तय

एक विशेष एनआईए अदालत ने मंगलवार को असम विधायक अखिल गोगोई और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ 2019 के हिंसक सीएए विरोधी आंदोलन में उनकी कथित भूमिका के लिए कड़े यूएपीए और आईपीसी के तहत आरोप तय किए। अदालत ने पहले मामले में सभी चार आरोपियों को क्लीन चिट दे दी थी, जिसके खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुवाहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसने मामले को फिर से खोलने और आरोप तय करने की अनुमति दी। विशेष एनआईए न्यायाधीश एसके शर्मा ने गोगोई के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की धारा 18 (आतंकवादी कृत्य की साजिश) और आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 153 बी (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक बयान) के तहत आरोप तय किए।

सुप्रीम कोर्ट ने तीस्ता सीतलवाड़ को एम्सटर्डम जाने की अनुमति दी

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ को एम्सटर्डम में अंतर्राष्ट्रीय वृत्तचित्र फिल्म महोत्सव में भाग लेने के लिए 14 नवंबर से 24 नवंबर के बीच यात्रा करने की अनुमति दे दी। सीतलवाड़ को वृत्तचित्र फिल्म साइकिल महेश के निर्माता के रूप में महोत्सव में भाग लेने के लिए आयोजकों से निमंत्रण मिला था। न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने सीतलवाड़ द्वारा दायर याचिका को स्वीकार कर लिया। सर्वोच्च न्यायालय ने जुलाई, 2023 में उन्हें 2002 के गोधरा कांड के बाद हुए दंगों के मामलों में निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए कथित तौर पर दस्तावेजों के निर्माण के मामले में नियमित जमानत दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने मलयालम अभिनेता सिद्दीकी को दो हफ्ते के लिए दिया अंतरिम संरक्षण

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कथित दुष्कर्म मामले में मलयालम फिल्म अभिनेता सिद्दीकी को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण अगले आदेश तक बढ़ा दिया। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने सिद्दीकी को केरल पुलिस द्वारा दायर स्थिति रिपोर्ट पर अपना जवाबी हलफनामा दाखिल करने की अनुमति दी, जिसमें उनकी ओर से जांच में सहयोग की कमी का आरोप लगाया गया था। मामले में सिद्दीकी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता वी गिरी ने स्थिति रिपोर्ट पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए समय मांगा, लेकिन दावा किया कि उनके मुवक्किल पुलिस की जांच में सहयोग कर रहे हैं। केरल पुलिस की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता रंजीत कुमार ने कहा कि सिद्दीकी जांच में बाधा डाल रहे थे और उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करने के अलावा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी नष्ट कर दिए थे।

NCP अजित पवार गुट के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अजित पवार की पार्टी एनसीपी ने स्टार प्रचारक लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में अजित पवार सहित प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल का नाम है। वहीं नवाब मलिक का नाम गायब दिखा। 

एनसीपी के स्टार प्रचारक की लिस्ट में ये नाम 
अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे,  धीरज शर्मा, रूपाली ताई चाकणकर, इद्रिस नायकवडी, सुरज चव्हाण, कल्याण आखाडे, सुनील मगरे, महेश शिंदे, राजलक्ष्मी भोसले, सुरेखाताई ठाकरे, छगन भुजबल, दिलीप वलसे पाटील, धनंजय मुंडे, हसन मुश्रीफ नरहरी झिरवल, आदितीताई तटकरे, नितीन पाटील, सयाजीराव शिंदे, अमोल मिटकरी, जल्लाउद्दीन सैय्यद,उदयकुमार आहेर, शशिकांत तरंगे, वासिम बुन्हाण, प्रशांत कदम और संध्या सोनवणे का नाम शामिल हैं।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed