फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 21st August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: पीएम मोदी बोले- बंगाल दौरे को लेकर उत्सुक; केरल- भाकपा नेता वजहूर सोमन का दिल का दौरा पड़ने से निधन

Thu, 21 Aug 2025 09:19 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 21 Aug 2025 09:19 PM IST
विज्ञापन
News Updates 21st August North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पीएम मोदी कल बिहार के साथ-साथ बंगाल का भी दौरा करेंगे। वहीं इससे पहले उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- मैं कोलकाता में भाजपा बंगाल कार्यकर्ताओं के बीच एक रैली में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। हर गुजरते दिन के साथ, टीएमसी के प्रति जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। हमारे विकास एजेंडे के कारण पश्चिम बंगाल उत्सुकता से भाजपा की ओर देख रहा है।

विज्ञापन


केरल में महिला को जिंदा जलाया
केरल के कन्नूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के उरुवंचल में 39 वर्षीय महिला प्रवीना को एक व्यक्ति ने उसके ही घर में पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी प्रवीना की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान कन्नूर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। पुलित ने आरोपी की पहचान जीजेश के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता और आरोपी दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे।  
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि बुधवार को जब यह घटना हुई तब आरोपी ने पहले घर के दरवाजे पर पानी मांगा और फिर अंदर जाकर रसोई में बैठी प्रवीना पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान वह खुद भी झुलस गया। घटना के वक्त घर में प्रवीना के ससुर, सास और भाभी के बच्चे मौजूद थे, जबकि पति अजीश विदेश में रहते हैं। शोर सुनकर पड़ोसी तुरंत पहुंचे और आग बुझाई, जिसके बाद प्रवीना को अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने इस मामले में शुरू में आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर अपराध करने की कोशिश और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन प्रवीना की मौत के बाद अब आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

 कर्नाटक परिषद में सौहार्द सहकारी संशोधन विधेयक खारिज
कर्नाटक विधान परिषद ने बुधवार को सौहार्द सहकारी (संशोधन) विधेयक, 2025 खारिज कर दिया। विधान परिषद में मतदान के दौरान इस विधेयक के पक्ष में 23 वोट और विरोध में 26 वोट पड़े। इस दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस के कई एमएलसी अनुपस्थित भी रहे। भाजपा और जेडीएस ने इसका विरोध किया। बता दें कि यह विधेयक विधानसभा में 19 अगस्त को पारित हुआ था और बुधवार को परिषद में पेश किया गया। मतदान से पहले हुई बहस में विपक्ष ने कई प्रावधानों पर आपत्ति जताई।

कर्नाटक सरकार ने भीड़ नियंत्रण कानून बिल पेश किया
कर्नाटक सरकार ने विधानसभा में भीड़ नियंत्रण से जुड़ा नया बिल पेश किया है। यह बिल उन लोगों के लिए सख्त सजा का प्रावधान करता है जो बिना अनुमति के बड़े कार्यक्रम या इवेंट आयोजित करते हैं। इस बिल को जून 4 को चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भीड़भाड़ की घटना के बाद पेश किया गया है, जिसमें 11 लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे।

बिल के मुताबिक, यदि किसी कार्यक्रम में भीड़ 7,000 से कम है तो पुलिस थाने का अधिकारी अनुमति देगा। यदि भीड़ 7,000 से 50,000 के बीच है तो डीएसपी और 50,000 से ज्यादा होने पर पुलिस अधीक्षक या कमिश्नर अनुमति देंगे। बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने पर तीन से सात साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

 

आदिवासी किसान की बेटी लीजा मझी ने NEET पास कर डॉक्टर बनने का किया सपना पूरा
ओडिशा के संदरगढ़ के एक आदिवासी किसान की बेटी लीजा मझी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET पास कर सुन्दरगढ़ सरकारी मेडिकल कॉलेज में नामांकन हासिल किया है। लीजा ने बामरा के ओडिशा आदर्श विद्यालय (ओएवी) से मैट्रिकुलेशन 82% अंकों के साथ पूरा किया और फिर भुवनेश्वर के ओएवी आइकॉनिक से साइंस की पढ़ाई की। 12वीं बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 81.6% अंक हासिल किए।

लीजा ने अपनी पढ़ाई की शुरुआत 2021 में बामरा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) से की थी। उन्होंने KGBV का आभार जताया जिसने मुफ्त आवासीय शिक्षा, मार्गदर्शन और पूर्ण सहयोग दिया। केजीबीवी केंद्र सरकार द्वारा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े समुदाय की लड़कियों के लिए बनाई गई आवासीय विद्यालय हैं।

प्रधानमंत्री मोदी 22 अगस्त को कोलकाता में नई मेट्रो नेटवर्क और सबवे का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को कोलकाता में 13.61 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन और हावड़ा मेट्रो स्टेशन पर नए बने सबवे का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे नोआपारा से जय हिंद विमानबंदर तक, सियालदह से एस्प्लानेड तक और बेलघाटा से हेमंत मुखर्जी तक चलने वाली नई मेट्रो सेवाओं को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह नई मेट्रो सेवाएं कोलकाता की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगी।

'बंगाल में काम करने वाले बाहरी लोगों की संख्या ज्यादा', बोले टीएमसी नेता कुणाल घोष
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि अगर बंगाल से 22 लाख लोग दूसरे राज्यों में काम कर रहे हैं, तो यहां भी 1.5 करोड़ लोग दूसरे राज्यों से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में काम की कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बाहर काम करने वाले बंगाल के लोगों के पुनर्वास के लिए कई योजनाएं भी बनाई हैं।

32 करोड़ के हीरे चोरी के मामले में कंपनी के मालिक और बेटे सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
गुजरात के सुरत में हीरे की कंपनी डीके सन्स से 32 करोड़ की हीरे की चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इसके तहत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि 18 अगस्त को हीरे की कंपनी डीके सन्स से 32 करोड़ 53 लाख रुपये के हीरे चोरी होने की शिकायत मिली। जांच में पता चला कि कंपनी पर 25 करोड़ रुपये का कर्ज था और वे बीमा कंपनी को धोखा देना चाहते थे। इस मामले में कंपनी के मालिक, उसके बेटे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ पर बोले वेंकटेश प्रसाद- क्रिकेट को सुधारने की जरूरत
चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन लोगों ने जान गंवाई और उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) में अब कई बदलाव करने की जरूरत है। सिर्फ बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि देश के कई स्टेडियमों में क्रिकेट से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है।

वहीं इस मामले में पूर्व केएससीए कोषाध्यक्ष विनय मृत्युंजय ने कहा कि हम इस घटना की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, हम खुद भी स्टेडियम की सुरक्षा का स्वतंत्र ऑडिट कराना चाहते हैं। सुरक्षा को लेकर जो भी सुझाव दिए जाएंगे, उन्हें 100% लागू किया जाएगा ताकि भविष्य में स्टेडियम पूरी तरह सुरक्षित रह सके।

कर्नाटक में आंतरिक आरक्षण को लेकर भाजपा नेताओं का विरोध
कर्नाटक कैबिनेट द्वारा आंतरिक आरक्षण को मंजूरी दिए जाने पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता चलवाड़ी नारायणस्वामी ने कहा कि यह फैसला स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार बनने से पहले इन्होंने सदाशिव आयोग की सिफारिशें लागू करने का वादा किया था, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। जनता अभी तक समझ नहीं पा रही है कि सरकार ने किस समिति की रिपोर्ट के आधार पर तीन समूह बनाए। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया ने चुनाव से पहले जनता से झूठ बोला था, यह पूरी तरह से राजनीतिक फैसला है।

भाजपा नेता सीटी रवि ने बताया आसमाजिक
इसके साथ ही भाजपा नेता सीटी रवि ने कहा कि यह सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि सामाजिक अन्याय है। सरकार ने सिर्फ दिखावटी बदलाव किए हैं। एक को खुश करने के लिए दूसरे के अधिकार छीने गए हैं। यह पूरी तरह से राजनीतिक निर्णय है, न कि जनहित में लिया गया कोई निष्पक्ष फैसला।

असम में मोरीगांव जेल से दो कैदी फरार, 10 माह में दूसरी घटना
असम के मोरीगांव जिला जेल से मंगलवार रात दो कैदी रहस्यमय परिस्थितियों में फरार हो गए। फरार कैदियों की पहचान जियारुल इस्लाम और शुभ्रत सरकार के रूप में हुई है। इस जेल से10 महीने पहले पांच कैदी दीवार तोड़कर भाग निकले थे, जिनमें से दो का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों कैदी दीवार फांदकर फरार हुए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही सटीक परिस्थितियों का पता लग पाएगा।

नाटक में छात्राओं को आतंकी की तरह पेश करने का आरोप, जांच
गुजरात शिक्षा विभाग ने भावनगर के एक प्राथमिक विद्यालय से स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित एक नाटक को लेकर रिपोर्ट मांगी है। स्कूल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित एक नाटक आयोजित किया था। इसमें कथित तौर पर बुर्का पहनी छात्राओं को आतंकवादी के रूप में दिखाया गया था, जिसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बंधारन बचाओ समिति के बैनर तले स्थानीय मुसलमानों ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि नाटक में उनके समुदाय को बुरी नजर के साथ दिखाया गया। भावनगर नगर निगम स्कूल बोर्ड के प्रशासनिक अधिकारी मुंजाल बदमालिया ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाया गया कि सफेद कपड़ों में छात्राएं कश्मीर की सुंदरता पर गीत प्रस्तुत कर रही थीं। तभी बुर्का पहनीं तीन छात्राएं बंदूकें लेकर आईं और गोलीबारी की। नाटक पहलगाम हमले पर आधारित था। 

बंगाल प्राथमिक स्कूल नियुक्ति घोटाले में मंत्री चंद्रनाथ के खिलाफ समन जारी करने का आदेश
बंगाल में प्राथमिक स्कूल नियुक्ति घोटाला मामले में ईडी की विशेष अदालत ने मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के खिलाफ बुधवार को समन जारी करने का निर्देश दिया। मंत्री को अगले 15 दिनों के भीतर कोर्ट में पेश होना होगा।
ईडी सूत्रों के अनुसार, इस मामले की जांच में बर्दवान जिले के निष्कासित तृणमूल युवा नेता कुंतल घोष से पूछताछ के दौरान चंद्रनाथ सिन्हा का नाम सामने आया था। जांच एजेंसी को उनके बैंक खाते में भारी रकम का पता चला है, जिसके स्रोत की जांच की जा रही है।

ईडी ने नक्सली संगठन पीएलएफआई सरगना दिनेश को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को झारखंड में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सरगना दिनेश गोप को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। गोप को पलामू जिले की केंद्रीय जेल से हिरासत में लिया गया, जहां वह झारखंड पुलिस और एनआईए (एनआईए) के दर्ज मामलों में पहले से बंद था। ईडी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद गोप को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रांची में पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गोप पर हत्या, वसूली और यूएपीए के तहत मामले दर्ज हैं।

पीएम बोले- IIM से शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) की शुरुआत के फैसले को असम में शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत करने वाला बताया है। उन्होंने कहा, असम में आईआईएम की स्थापना के बाद पूरे भारत से छात्र तथा शोधकर्ता यहां आएंगे। बता दें कि संसद के मानसून सत्र में एक विधेयक पारित हुआ है, जिसके तहत असम में आईआईएम स्थापित किया जाएगा। गुवाहाटी में बनने वाले देश के इस 22वें आईआईएम के लिए 555 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि नया संस्थान चालू शैक्षणिक वर्ष से ही छात्रों को प्रवेश देना शुरू कर देगा।

भाजपा के राज्यसभा सांसदों को व्हिप जारी, सदन में मौजदगी अनिवार्य
संसद का मानसून सत्र जारी है। आज भाजपा अपने राज्यसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर सदन में उपस्थित रहने और सरकार के रुख का समर्थन करने को कहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पार्टी ने क्यों ह्विप जारी किया है। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की विपक्ष की मांग को लेकर बुधवार को संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। बृहस्पतिवार को भी इस मुद्दे पर हंगामे के आसार हैं।

नवीन पटनायक के साथ देखे गए पूर्व बीजद नेता वीके पांडियन 
पूर्व बीजद नेता वीके पांडियन को बीते दिन नवीन पटनायक के साथ देखे गए। ये तब हुआ ओडिशा के पूर्व सीएम को भुवनेश्वर स्थित SUM अल्टीमेट मेडिकेयर से छुट्टी दी जा रही थी।

भाकपा नेता वजहूर सोमन का दिल का दौरा पड़ने से निधन
भाकपा के वरिष्ठ नेता और विधायक वजहूर सोमन का बृहस्पतिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 72 वर्षीय सोमन केरल विधानसभा में इडुक्की जिले के पीरूमडे का प्रतिनिधित्व करते थे। राजस्व मंत्री के. राजन ने बताया कि एक बैठक में भाग लेने के बाद सोमन पीटीपी नगर स्थित एक इमारत की सीढ़ियों से उतरते समय दिल का दौरा पड़ने से गिर पड़े। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पश्चिम बंगाल में सात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला
पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को अपने आईपीएस कैडर में फेरबदल करते हुए प्रमुख जिलों और कमिश्नरेट में सात वरिष्ठ अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस पुनर्गठन के तहत, कलिम्पोंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीहरि पांडे को खुफिया शाखा (आईबी) का वरिष्ठ अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने अपराजिता राय का स्थान लिया है, जिन्हें अब कलिम्पोंग की एसपी नियुक्त किया गया है।

वहीं डायमंड हार्बर पुलिस जिले के एसपी राहुल गोस्वामी का तबादला आरएएफ बटालियन, डबराग्राम के कमांडिंग ऑफिसर के पद पर किया गया है। अधिकारी ने बताया कि डायमंड हार्बर में उनके पद पर बिशप सरकार की नियुक्ति होगी, जो पहले हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर उपायुक्त (डीसी) के पद पर कार्यरत थे। अन्य तबादलों में, सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (यातायात) बिस्वा चंद ठाकुर को हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के डीसी, उत्तर में स्थानांतरित किया गया है, जबकि डायमंड हार्बर के अतिरिक्त एसपी (मुख्यालय) अमलान कुसुम घोष अब बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसी, यातायात के पद पर कार्यरत होंगे। इसके अतिरिक्त, काजी समसुद्दीन अहमद, जो एसएपी 10वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे, को सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में डीसी, यातायात के पद पर नियुक्त किया गया है। अधिकारी ने बताया कि यह फेरबदल नियमित प्रशासनिक पुनर्गठन का एक हिस्सा है जिसका उद्देश्य राज्य भर में दक्षता में सुधार और प्रभावी कानून-व्यवस्था प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed