फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 2 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: कर्नाटक में कांग्रेस MLC प्रत्याशी के नाम का एलान; झारखंड में बदमाशों ने NTPC का रेलवे ट्रैक उड़ाया

Wed, 02 Oct 2024 08:07 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 02 Oct 2024 08:07 PM IST
विज्ञापन
News Updates 2 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दक्षिण कन्नड़ स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से कर्नाटक विधान परिषद के आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में राजू पुजारी की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।

विज्ञापन







साहिबगंज में बदमाशों का आतंक, NTPC का रेलवे ट्रैक उड़ाया
झारखंड के साहिबगंज जिले में कोयला परिवहन के लिए एनटीपीसी की ओर से संचालित रेलवे लाइन का एक हिस्सा बुधवार को उड़ा दिया गया। पुलिस के मुताबिक यह घटना बरहेट थाना क्षेत्र के रंगा गांव के पास आधी रात के आसपास हुई। साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना में आपराधिक गिरोहों के शामिल होने का संदेह है। उन्होंने बताया कि यह लाइन भारतीय रेलवे नेटवर्क का हिस्सा नहीं है। इसे एनटीपीसी गोड्डा के लालमाटिया से पश्चिम बंगाल के फरक्का में अपने बिजली घर तक कोयला पहुंचाने के लिए संचालित करती है। इस विस्फोट में करीब 470 सेमी ट्रैक उड़ गया है।

विज्ञापन

ईडी ने सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा को तलब किया
प्रवर्तन निदेशालय ने मुडा भूमि आवंटन घोटाले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ शिकायत करने वाले एक्टिविस्ट स्नेहमयी कृष्णा को तलब किया। उन्हें बृहस्पतिवार को घोटाले से संबंधित सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड पेश करने के लिए कहा गया है। स्नेहमयी कृष्णा की शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने मैसूरू शहरी विकास प्राधिकरण की भूमि आवंटन मामले में सिद्धरमैया और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सूत्रों के अनुसार कृष्णा ने ईडी से संपर्क कर मामले में शामिल मनी लॉन्ड्रिंग पहलू की जांच करने का अनुरोध किया था।

विज्ञापन

आबकारी विभाग ने लाइसेंस शुल्क की किस्त जमा करने की समय सीमा बढ़ाई
उत्पाद शुल्क विभाग ने लाइसेंस शुल्क की किस्त जमा करने की अंतिम तिथि दो सप्ताह यानी 14 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। यह फैसला विभाग के मल्टीपर्पज उत्पाद शुल्क आपूर्ति श्रृंखला सूचना प्रबंधन प्रणाली (ईएससीआईएमएस) पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण किया गया है, जिसके कारण होटल, क्लब और रेस्तरां को लाइसेंस शुल्क की दूसरी किस्त जमा करने में परेशानी हो रही थी। ईएससीआईएमएस पोर्टल लिकर स्टॉक के ऑर्डर, होटल, क्लब और रेस्तरां के लाइसेंसधारकों द्वारा विभिन्न औपचारिकताओं और दस्तावेजीकरण के लिए उपयोग किया जाता है। सितंबर में अधिकांश दिनों तक पोर्टल डाउन रहने के कारण सरकारी निगम चलित शराब की दुकानों और होटल, क्लब और रेस्तरां में शराब की कमी हो गई थी। इसके अलावा, उत्पाद शुल्क विभाग को भी सितंबर में बिक्री और राजस्व में महत्वपूर्ण गिरावट का सामना करना पड़ा था।

विज्ञापन

ओडिशा में माता-पिता ने 7000 रुपये में बेचा नवजात, पुलिस ने बचाया
ओडिशा के जाजपुर जिले में एक महीने के नवजात को 7,000 रुपये में एक निःसंतान दंपती को बेचने की घटना सामने आई। बच्चे को पुलिस ने मंगलवार को बचा लिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना एक सप्ताह पहले जिले के दशरथपुर इलाके में हुई थी। मामला तब सामने आया जब बच्चे की मां ने बाद में अपना मन बदल लिया और उसे वापस पाने के लिए पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि नवजात के माता-पिता ने गरीबी के कारण उसे बिचौलिए के माध्यम से 7,000 रुपये में बेच दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम ने हलदीपाड़ा गांव से मंगलवार को बच्चे को बरामद कर लिया। चाइल्डलाइन के समन्वयक बरेंद्र कृष्ण दास ने कहा कि बच्चा फिलहाल सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त संगठन चाइल्डलाइन के संरक्षण में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारी ने कहा, बच्चे को अगली कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा।

मणिपुर में दो युवकों के अपहरण के विरोध में 48 घंटे का बंद शुरू
मणिुपर में थौबल जिले में दो युवकों के अपहरण करने के मामले में संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) के बुलाए गए 48 घंटे के बंद ने मंगलवार को सामान्य जीवन प्रभावित किया। कई जगह रास्ते बंद कर दिए गए। वहीं, चुराचांदपुर जिले में अज्ञात हमलावरों ने यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के सदस्य की हत्या कर दी। थौबल में मंगलवार सुबह 3 बजे बंद शुरू हुआ। जेएसी ने कहा था अगर युवकों को सोमवार रात तक नहीं छोड़ा गया, तो वे पूरे जिले में लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करेंगे। जेएसी के संयोजक एल सुबोल ने कहा, सरकार ने सोमवार रात तक युवकों की रिहाई का आश्वासन दिया था, लेकिन असफल रही। गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 102 अवरुद्ध कर दिया, जबकि महिला प्रदर्शनकारियों ने यातायात को बाधित किया।

घर में घुसकर मारी गोली
चुराचांदपुर में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकुएनए) के सदस्य सत्खोहाओ हाओकिप की हत्या कर दी गई। मंगलवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने उनके आवास पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

तिरुपति प्रसादम विवाद की एसआईटी जांच पर लगी अस्थायी रोक
आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारका तिरुमाला राव ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तिरुपति के लड्डू में पशु चर्बी के कथित मिलावट मामले की जांच अस्थायी रूप से रोक दी है, क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। राव ने मंगलवार को कहा कि पिछले दो दिनों में एसआईटी ने खरीद और नमूना की प्रक्रियाओं की जांच की है। साथ ही यह समझने की कोशिश की है कि लड्डुओं में मिलावट कैसे संभव है। डीजीपी ने संवाददाताओं से कहा, सबसे पहले उन्हें (एसआईटी को) प्रक्रिया को समझना होगा, उसका अध्ययन करना होगा और सारी जानकारी लेनी होगी, लेकिन इस बीच, सुप्रीम कोर्ट से एक आदेश आ गया और उसके अनुरूप हमने इसे (जांच को) रोक दिया है। उन्होंने कहा कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन है तो इस पर अधिक बात करना उचित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में तीन अक्तूबर को मामले पर अगली सुनवाई होगी।

आरजी कर पीड़िता के लिए न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे नागरिक समाज सदस्य
कोलकाता में महालय से पहले, नागरिक समाज के सदस्यों ने मंगलवार रात शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरकर आरजी कर पीड़िता के लिए न्याय की मांग की। नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पातल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सजा और महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर हजारों महिलाएं श्यामबाजार, जादवपुर, केस्टोपुर, नेताजीनगर और हरिदेवपुर में सड़कों पर उतरीं।

इस बीच, टॉलीगंज के हरिदेवपुर इलाके में कुछ प्रदर्शनकारियों और लोगों के एक समूह के बीच उस समय झड़प हो गई जब वे 'जस्टिस फॉर आरजी कर' का नारा लगा रहे थे। क्षेत्र में रैली के आयोजक नागरिक समाज के एक प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 115 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक पार्षद के नेतृत्व में टीएमसी समर्थकों ने बिना किसी उकसावे के उन पर हमला किया। पुरुषों और महिलाओं की सभा को तितर-बितर करने की कोशिश की। दूसरी ओर, स्थानीय टीएमसी सदस्यों ने आरोप लगाया कि जुलूस में शामिल लोग विरोध के नाम पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। इसलिए उन्होंने प्रतिक्रिया की, जिससे यह स्थिति पैदा हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थिति अब शांतिपूर्ण है।

ओडिशा में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या के दोषी को मृत्युदंड
ओडिशा के संबलपुर जिले की एक पॉक्सो अदालत ने मंगलवार को आठ साल की लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। विशेष अभियोजक संतोष पांडा ने बताया कि पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश अभिलाष सेनापति ने प्रशांत बघार को दोषी ठहराया, जो जिले के जमनकिरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना 25 मार्च, 2022 को हुई थी, जब मृतक लड़की अपने गांव के एक खेत में शौच के लिए गई थी। आरोपी ने उसे वहां से जबरन ले जाकर अपराध को अंजाम दिया था। बाद में, आरोपी ने कुल्हाड़ी से लड़की का सिर काट दिया और कटे हुए सिर के साथ गांव लौट आया।

भाजपा की त्रिपुरा प्रदेश उपाध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित किया गया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बताया कि उसने पार्टी की त्रिपुरा इकाई की उपाध्यक्ष पाताल कन्या जमातिया को ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों के कारण संगठन से निष्कासित कर दिया है। 

यह कार्रवाई 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हुईं मुखर आदिवासी नेता जमातिया द्वारा त्रिपुरा पीपुल्स सोशलिस्ट पार्टी (टीपीएसपी) बनाने के एक दिन बाद हुई है। उन्होंने पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर अम्पीनगर निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था लेकिन वह हार गयी थीं।

भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘(त्रिपुरा) भाजपा की उपाध्यक्ष पाताल कन्या जमातिया को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य के निर्देश के बाद यह निर्णय लिया गया।'

कोलकाता में खुदाई मशीन की चपेट में आया छात्र, मौत

दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोनी इलाके में बुधवार सुबह खुदाई करने वाली मशीन की चपेट में आने से नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लड़का ट्यूशन की पढ़ाई के लिए जा रहा था तभी दिनेश नगर ऑटो स्टैंड के पास यह हादसा हुआ।स्थानीय लोग उसे टॉलीगंज के बांगुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की दयनीय स्थिति के कारण दुर्घटना हुई, जिसकी लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद पुलिस देर से मौके पर पहुंची। कुछ लोगों ने जिस मशीन से दुर्घटना हुई थी, उसमें तोड़फोड़ की। कोलकाता नगर निगम के वार्ड 113 की पार्षद अनीता कार मजूमदार ने कहा कि भूमिगत जल निकासी कार्य के बाद क्षेत्र में सड़क मरम्मत का काम चल रहा था। 

इस बीच ओडशा से दिल दहला देने वाली खबर आई। यहां भुवनेश्वर में दो चोरों ने एक घर में लूटपाट के बाद घर की महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार देर करीब दो बजे शहर के मैत्री विहार इलाके की है। एक फ्लैट में महिला अपनी दो साल की बेटी के साथ थी और घटना के समय फ्लैट में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।

पुलिस ने संदेह जताया कि चोर डंडे के सहारे इमारत में घुसे होंगे। चोरों ने पहले चाकू दिखा कर महिला के गहने और मोबाइल फोन लूटे। इसके बाद उन्होंने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर वह मदद के लिए चिल्लाई तो वे उसकी बेटी को मार देंगे। महिला एक निजी कंपनी में काम करती है और 10 दिन पहले ही फ्लैट में रहने आई थी।

मणिपुर में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

मणिपुर के तेंगनौपाल जिले के सेनाम गांव में सुरक्षाबलों ने 21 बड़े और मध्यम आईईडी सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि विस्फोटक उग्रवादियों के ड्रोन हमले और पिछले महीने की शुरुआत में हिंसा के बढ़ने की खबरों के दौरान जब्त किए। पुलिस को अन्य चीजों के अलावा 10 बड़े आईईडी, 11 मध्यम आकार के आईईडी, 42 देशी ग्रेनेड, सात नंबर.36 हैंड ग्रेनेड, दो चीनी ग्रेनेड और 34 पेट्रोल बम बरामद हुए। इसके अलावा एक देशी लेथोड बंदूक, एक राइफल और पिस्तौल, दो पोम्पी बंदूकें और डेटोनेटर बरामद किए गए।

ओडिशा में डायरिया का प्रकोप पांच लोगों की मौत, 20 बीमार

ओडिशा में कंधमाल जिले के कुछ गांवों में डायरिया का प्रकोप फैलने से पिछले दो सप्ताह में पांच लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य बीमार हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह प्रकोप 18 सितंबर को कनीबाली गांव में फैला और कोटागढ़ ब्लॉक के दुर्गापंग पंचायत के छह अन्य पड़ोसी गांवों में फैल गया। सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक नीलकंठ मिश्रा ने बताया कि लगता है कि गांव में भोज के बाद यह बीमारी फैली, विभाग की टीमों को इलाकों में भेज दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हम स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि डायरिया पीड़ितों को कंधमाल के कोटागढ़, बालीगुडा और पड़ोसी रायगढ़ जिले के मुनिगुडा के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed