फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th Jan North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: गुजरात में किशोरी ने नाले में फेंका भ्रूण; रूसी सेना के युवक की मौत मामले में केरल में तीन लोग पकड़े

Sun, 19 Jan 2025 10:24 AM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Sun, 19 Jan 2025 10:24 AM IST
विज्ञापन
News Updates 19th Jan North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

गुजरात के सूरत में नाले में भ्रूण पड़ा मिला। भ्रूण के पास पक्षी मंडरा रहे थे। बच्चों ने भ्रूण पड़ा देख शोर मचाया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि भ्रूण लड़की का था। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया जांच में पता चला कि यह भ्रूण एक किशोरी ने फेंका था। उसे सिविल अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया तो डॉक्टर ने पाया कि वह गर्भवती थी। उसने इंस्टाग्राम पर एक लड़के से मुलाकात की और वे दोस्त बन गए। इसके बाद किशोरी और लड़के के बीच संबंध बन गए और किशोरी गर्भवती हो गई। लड़के को जब यह पता चला तो वह अपने घर उत्तर प्रदेश भाग गया। लड़के ने उसे गर्भपात करने वाली गोलियां भेजीं। किशोरी ने गोलियां खा लीं और उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद उसने भ्रूण को फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि हमने लड़के और लड़की के डीएनए नमूने ले लिए हैं और जांच चल रही है। लड़के को हिरासत में ले लिया गया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। 

विज्ञापन


केरल में युवक की मौत के मामले में तीन लोग पकड़े
रूसी सेना शामिल हुए युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि त्रिशूर के निवासी संदीप थॉमस, सुमेश एंटनी और सिबी लोगों को नौकरी देने का वादा करके रूस ले जाते थे। तीनों को रूसी सेना में शामिल बिनिल की मौत के मामले में पकड़ा गया। बिनिल और उसका साथी जैन दोनों आईटीआई मैकेनिकल डिप्लोमा धारक थे और वे इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर के रूप में काम करने की उम्मीद में चार अप्रैल को रूस गए थे। रूस में  उनके भारतीय पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और बाद में उन्हें रूसी सैन्य सहायता सेवा के हिस्से के रूप में युद्ध क्षेत्र में तैनात किया गया। बिनिल और उसके साथी को युद्ध के मोर्चे पर अग्रिम पंक्ति में तैनात किया गया था। 13 जनवरी को उसकी मौत हो गई। बिनिल की पत्नी और जैन के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। 
विज्ञापन


इसरो प्रमुख ने की स्पैडेक्स की सफलता की पुष्टि
इसरो के द्वारा हाल ही में एक गए अंतरिक्ष-डॉकिंग परीक्षण (स्पैडेक्स) सफल रहा। इस बात की पुष्टि इसरो प्रमुख वी नारायणन ने की। उन्होंने कहा कि हाल ही में किया गया अंतरिक्ष-डॉकिंग परीक्षण (स्पैडेक्स) सफल रहा है। बता दें कि स्पैडेक्स की सफलता का अर्थ ये हुआ कि दो उपग्रहों को अंतरिक्ष में जोड़ने का परीक्षण सफलतापूर्वक हुआ है। इस प्रयोग के परिणाम कई बड़े मिशनों के लिए फायदेमंद होंगे, जैसे चंद्रयान 4, गगनयान, और भारत के अंतरिक्ष स्टेशन। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसरो प्रमुख ने दी जानकारी
वी नारायणन ने कहा कि अब वैज्ञानिक परिणामों का अध्ययन कर रहे हैं और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। इस प्रयोग से चंद्रयान 4 मिशन में मदद मिलेगी, क्योंकि इस मिशन में दो रॉकेट का इस्तेमाल होगा जो भारी मॉड्यूल को चंद्रमा पर भेजेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रयोग भारत के अंतरिक्ष स्टेशन बनाने के लिए भी मददगार होगा, क्योंकि अंतरिक्ष में कई इकाइयों को जोड़ना होगा। गगनयान मिशन के लिए भी यह प्रयोग महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें मानव अंतरिक्ष यात्री भेजे जाएंगे।  गौरतलब है कि स्पैडेक्स प्रयोग से भारत अब अमेरिका, रूस और चीन के बाद चौथा देश बन गया है जिसने यह तकनीकी सफलता हासिल की है।

रक्षा राज्य मंत्री ने की एनसीसी कैडेटों की सराहना
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को दिल्ली छावनी में चल रहे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर के दौरान एनसीसी कैडेटों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये कैडेट भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनाने के लक्ष्य के लिए काम करने में मदद करेंगे। साथ ही सेठ ने एनसीसी कैडेट को विकसित भारत का राजदूत भी बताया।

एनसीसी की विस्तार योजना पर जताई खुशी
मंत्री ने एनसीसी की विस्तार योजना पर खुशी जताई और कैडेटों की देश सेवा में उनकी निस्वार्थ भाव से किए जा रहे योगदान की सराहना की। उन्होंने एनसीसी के उत्साही सांस्कृतिक प्रदर्शनों को देखकर कहा कि इन प्रदर्शनों ने 'लघु भारत' का आदर्श दिखाया है। सेठ ने कैडेटों से 2047 तक भारत को 'विकसित भारत' बनाने के विजन के लिए अपना प्रयास जारी रखने का अनुरोध किया। उन्होंने एनसीसी के तीनों विंग से आए कैडेटों द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया।

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर बकरों की बलि को लेकर तनाव
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर हाल ही में तनाव बढ़ गया, क्योंकि कई मुस्लिम संगठनों के नेताओं ने सिकंदर बदूशा दरगाह पर बकरों की बलि देने की अनुमति मांगी। इसके बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए। प्रदर्शनकारी चाहते थे कि उन्हें दरगाह पर पशु बलि देने की अनुमति मिले, लेकिन पुलिस ने केवल नमाज अदा करने की अनुमति दी और बलि की अनुमति देने से मना कर दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से बातचीत की और बाद में जगह छोड़ दी।

बता दें कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर भगवान मुरुगन का एक पवित्र मंदिर भी है, जो धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पहले भी, कुछ मुस्लिम समूहों को मस्जिद के उद्घाटन पर विरोध करने के कारण हिरासत में लिया गया था। इन समूहों का कहना है कि सिकंदर बदूशा दरगाह का निर्माण लगभग 400 साल पहले सुल्तान सिकंदर ने किया था।

दक्षिण कोरिया और जापान की यात्रा पर जाएंगे असम के सीएम हिमंत सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाने वाले है। इस बात को लेकर सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह दक्षिण कोरिया के सियोल और जापान की 5 दिवसीय यात्रा पर जा रहे हैं। इस यात्रा के दौरान, वह असम के विकास और व्यापारिक अवसरों के बारे में निवेशकों और व्यापार नेताओं को बताएंगे। उनका उद्देश्य असम को दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में प्रदर्शित करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक्ट ईस्ट नीति के तहत असम की भूमिका को मजबूत करना है।
 

 

गृह मंत्रालय ने इस साल अब तक 67 संस्थाओं को दी एफसीआरए की मंजूरी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस साल अब तक 67 संस्थाओं को विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) की मंजूरी दी है। ये संस्थाएं सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, धार्मिक गतिविधियों में लगी हुई है। दिल्ली के परम पावन दलाई लामा चैरिटेबल ट्रस्ट, संभावना ट्रस्ट, व्योमिनी सोशल फाउंडेशन और सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन को एफसीआरए के तहत अलग-अलग प्रमाणपत्र प्रदान किए गए हैं। इन चार संस्थाओं के अलावा 63 अन्य को भी एफसीआरए प्रमाणपत्र दिए गए।

मणिपुर में एनपीपी विधायक एन कायिसि का 58 की उम्र में निधन
मणिपुर के पूर्व मंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के विधायक एन कायिसि का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। नगा समुदाय से संबंध रखने वाले कायिसि सेनापति जिले के ताडुबी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कायिसि के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि मणिपुर के लोगों के प्रति उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। बीरेन सिंह ने कायिसि के आवास का दौरा किया और अपनी संवेदना व्यक्त की। 

कलिंग मोयोंग अरुणाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चुने गए
पूर्व विधायक कलिंग मोयोंग को शनिवार को सर्वसम्मति से भाजपा अरुणाचल प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। वह इस पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। वह राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में बियुराम वाहगे का स्थान लेंगे। मोयोंग 2014 से पासीघाट पूर्व विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार विधायक रहे थे। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मोयोंग के चयन के साथ प्रदेश से तीन राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की नियुक्ति की भी घोषणा की। 

फिल्म प्रदर्शन से पहले भेड़ की बलि तेलुगु अभिनेता के प्रशंसक गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने 12 जनवरी को फिल्म डाकू महाराज के प्रदर्शन से पहले यहां सिनेमाघर में एक भेड़ की बलि देने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि पेटा की ओर से ईमेल के माध्यम से भेजी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शंकरैया, रमेश, सुरेश रेड्डी, प्रसाद और मुकेश बाबू को भेड़ की बलि देने और उसका खून फिल्म के मुख्य अभिनेता एन बालकृष्ण के पोस्टर पर लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया। अभिनेता और विधायक बालकृष्ण मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के रिश्तेदार हैं।

मणिपुर में शाह से मिले राज्यपाल ने दी राज्य के हालात की जानकारी
पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने हिंसाग्रस्त मणिपुर के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद पहली बार शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान भल्ला ने शाह को मणिपुर की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।

राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के बाद भल्ला विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से मिल रहे हैं और उनसे पूर्वोत्तर राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने के बारे में फीडबैक ले रहे हैं। गृह सचिव रहते भल्ला ने पांच साल तक शाह के साथ काम किया। ऐसा कहा जा रहा है कि शाह ने उन्हें अशांत राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने का काम सौंपा है।

ओडिशा में सीमेंट प्लांट में ढही लोहे की संरचना से 3 श्रमिकों के शव बरामद
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक सीमेंट प्लांट में शनिवार को मलबे से तीन मजदूरों के शव बरामद किए गए। यह मलबा एक लोहे की संरचना के ढहने से आया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना 36 घंटे के बाद खोजने के अभियान के दौरान हुई। मृतकों की पहचान सुशांत राउत, रंजीत भोल और दशरथ पात्रा के रूप में हुई है, जो एक ठेकेदार के तहत काम कर रहे थे।

बता दें कि गुरुवार शाम को एक बड़ी लोहे की संरचना, जिसे कोयला हॉपर कहा जाता है, ढह गई थी और इससे ये मजदूर फंस गए थे। हालांकि, दुर्घटना के दिन 60 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया था। बचाव अभियान में अग्निशमन सेवा, ओडीआरएएफ और पुलिस की टीमें शामिल थीं। घटना के बाद सरकार ने डालमिया सीमेंट कंपनी को निर्देश दिया कि वे अपने कोयला बंकर और बिजली संयंत्र के संचालन को तुरंत बंद करें। यह घटना 26 नवंबर को पहले भी घट चुकी थी, लेकिन तब कोई हताहत नहीं हुआ था।

बिहार में इस मामले को लेकर 53 पुलिस अफसरों पर केस
बिहार के गोपालगंज जिले में 53 पुलिस अधिकारियों पर केस दर्ज किया गया है। इन पर आरोप है कि दूसरी जगह तबादला होने के बावदूज उन्होंने प्रभार लेने वाले अधिकारियों को केस फाइलें नहीं सौंपी। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कहा कि इन अधिकारियों के खिलाफ चार थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।

अधिकारी ने कहा कि अगर ये अधिकारी अगले एक हफ्ते में भी केस फाइल सौंपने में विफल रहते हैं तो इनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। जिला पुलिस के सूत्रों ने कहा कि कई मामलों में जांच लंबित है क्योंकि जांच अधिकारियों का तबादला हो गया है और उन्होंने फाइलें अपने रिलीवर्स को नहीं सौंपे। पिछले साल दिसंबर में भी मुजफ्फरपुर जिले में इसी तरह के मामले में 134 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।

प. बंगाल में महिला की मौत मामले में 12 डॉक्टरों पर गैर इरादतन हत्या का केस
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक्सपायर हो चुकी दवा चढ़ाने से प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में निलंबित 12 डॉक्टरों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। गैर इरादतन हत्या का आरोप एक गैर-जमानती अपराध है। इस मामले में जुर्माना या 10 वर्ष की कैद हो सकती है।

अधिकारी ने दी जानकारी
एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि छह स्नातकोत्तर प्रशिक्षुओं सहित 12 डॉक्टरों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें जीवन को खतरे में डालने और लोक सेवकों के दूसरों को चोट पहुंचाने के लिए कानून का उल्लंघन करने से संबंधित धाराएं शामिल हैं। मामले में मृतक महिला के परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को अस्पताल के 12 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया था। आरोप है कि एक्सपायर दवा चढ़ाने से महिला की मौत और चार अन्य मरीज की तबीयत बिगड़ गई थी। 13 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति और सीआईडी ने पाया था कि डॉक्टरों ने लापरवाही बरती।

बंगाल में पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने वाला आरोपी मुठभेड़ में ढेर
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के गोआलपोखर में पुलिसकर्मियों पर हमले के मुख्य आरोपी सज्जाक आलम को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ में मार गिराया। वह सुबह चोपड़ा सीमा से बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहा था। सज्जाक को हत्या के मामले में बीते बुधवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से जेल लौटते समय उसने दो पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और फरार हो गया था। 

केरल में एंबुलेंस का रास्ता रोकने पर डॉक्टर पर केस
केरल के कन्नूर जिले में एक डॉक्टर पर मामला दर्ज कर उसे दंडित किया गया है। दरअसल, डॉक्टर ने एक मरीज को लेकर अस्पताल जा रही एंबुलेंस का रास्ता रोका था। आरोपी की पहचान राहुल राज के तौर पर की गई। एंबुलेंस चालक की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं के तहत डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया। मोटर वाहन विभाग ने भी आरोपी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

केरल में एंबुलेंस का रास्ता रोकने पर डॉक्टर पर केस
केरल के कन्नूर जिले में एक डॉक्टर पर मामला दर्ज कर उसे दंडित किया गया है। दरअसल, डॉक्टर ने एक मरीज को लेकर अस्पताल जा रही एंबुलेंस का रास्ता रोका था। आरोपी की पहचान राहुल राज के तौर पर की गई। एंबुलेंस चालक की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं के तहत डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया। मोटर वाहन विभाग ने भी आरोपी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

अपात्र होने के भय से 4,500 लाडकी बहनों ने छोड़ी योजना
महाराष्ट्र में लाडकी बहिन योजना के लाभार्थियों की जांच शुरू हो गई है। सरकारी सत्यापन में अपात्र घोषित होने के भय से 4,500 महिलाओं ने इस योजना से तौबा कर लिया है। राज्य की महिला व बाल कल्याण मंत्री अदिति तटकरे ने शनिवार को जांच की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि परिवहन एवं आयकर विभागों की मदद से मुख्यमंत्री योजना के लाभार्थियों की जांच की प्रक्रिया जारी है।

जाफना में सांस्कृतिक केंद्र का नाम 'तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र' हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तमिल दार्शनिक, कवि और विचारक तिरुवल्लुवर के सम्मान में जाफना में भारतीय सहायता से निर्मित प्रतिष्ठित सांस्कृतिक केंद्र का नाम बदलकर 'तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र' रखने का स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, जाफना में भारतीय सहायता से निर्मित प्रतिष्ठित सांस्कृतिक केंद्र का नाम बदलकर 'तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र' रखने का स्वागत करता हूं। महान तिरुवल्लुवर को श्रद्धांजलि देने के अलावा, यह भारत और श्रीलंका के लोगों के बीच गहरे सांस्कृतिक, भाषाई, ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों का भी प्रमाण है।

तिरुपति मंदिर में भीड़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा करने कल जाएंगे केंद्रीय अफसर
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर में हाल में हुई आपदा में छह लोगों की मौत को गंभीरता से लिया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए मंत्रालय ने मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों की समीक्षा करने के लिए 20 जनवरी को अपने एक वरिष्ठ अधिकारी को भेजने का फैसला किया है। मंत्रालय ने इस संबंध में मंदिर का प्रबंधन करने वाले तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के चेयरमैन को पत्र के जरिये सूचना दे दी है। पत्र में कहा गया है कि मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (आपदा प्रबंधन) संजीव कुमार जिंदल रविवार की रात को तिरुपति पहुंचेंगे। वह देवस्थानम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

गुजरात सरकार के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीजीपी डॉ. शमशेर सिंह का ट्रांसफर कर उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया गया।

गोवा : कांग्रेस नेता ओलेंसियो सिमोस पर महिला का पीछा करने और धमकाने का मामला दर्ज
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव ओलेंसियो सिमोस पर एक महिला का पीछा करने और उसे धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी अनिच्छा के बावजूद सिमोस ने उससे दोस्ती करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता ने 7 जनवरी को मडगांव शहर में अपनी कार चलाते समय उसका रास्ता रोका और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। सिमोस नेशनल फिशवर्कर्स फोरम के महासचिव भी हैं। यह देश में पारंपरिक मछुआरों के अधिकारों से संबंधित एक संस्था है। पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 (गलत तरीके से रोकना), 78 (पीछा करना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

धनंजय शुक्ला बने आईसीएसआई के अध्यक्ष
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) ने रविवार को कहा कि धनंजय शुक्ला को अध्यक्ष और पवन जी चांडक को उपाध्यक्ष चुना गया है। शुक्ला को कॉर्पोरेट कानून, प्रतिभूति कानून और कराधान के क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल है। आईसीएसआई के 75,000 से अधिक सदस्य और करीब 2 लाख छात्र हैं।

झारखंड : हजारीबाग में बस पलटने से तीन यात्रियों की मौत, 12 घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले में रविवार शाम एक निजी बस के पलट जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और लगभग 12 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना बिष्णुगढ़-गोमिया रोड पर नारकी मोड़ के पास हुई। बस हजारीबाग से बोकारो जिले के फुसरो जा रही थी, एक तीव्र मोड़ पर चालक की ओर से नियंत्रण खो देने से हादसा हुआ। पुलिस ने शव बरामद कर लिए और घायलों को गोमिया और बिष्णुगढ़ के अस्पतालों में पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया।
 

तिरुवनंतपुरम के होटल में मृत पाए गए महाराष्ट्र के भाई-बहन
 महाराष्ट्र की एक महिला समेत दो लोग रविवार सुबह एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि मृतक पुणे के मूल निवासी और भाई-बहन हैं। दोनों ने पिछले शुक्रवार को होटल में चेक इन किया था। होटल के कर्मचारियों ने जब सुबह देखा कि कमरा बंद है, तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कहा कि पुरुष को फांसी पर लटका हुआ पाया गया जबकि महिला बिस्तर पर मृत पाई गई। कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिससे पता चलता है कि दोनों के पास न तो घर था और न ही नौकरी।

एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों तिरुवनंतपुरम क्यों आए और उन्होंने आत्महत्या क्यों की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed