फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 17th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: धनखड़ ने ऑपरेशन सिंदूर से लादेन के हत्या की समानता बताई; 18 मई को पोप लियो 14वें का शपथ ग्रहण

Sat, 17 May 2025 01:42 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 17 May 2025 01:42 PM IST
विज्ञापन
News Updates 17th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान में अमेरिकी सेना की तरफ सो ओसामा बिन लादेन की हत्या के बीच समानताएं बताईं। पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों पर हमलों को भारत की तरफ से अब तक का सबसे बड़ा सीमा पार हमला बताते हुए उपराष्ट्रपति ने 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमलों को याद किया।

विज्ञापन


बिन लादेन का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि 2 मई, 2011 को अमेरिका के अंदर 11 सितंबर के हमलों की योजना बनाने, निगरानी करने और उसे अंजाम देने वाले एक वैश्विक आतंकवादी के साथ अमेरिकी सेना ने इसी तरह निपटा। उन्होंने दिल्ली में जयपुरिया संस्थानों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'भारत ने यह कर दिखाया है। और दुनिया को पता है कि यह कर दिखाया है।' उन्होंने कहा कि एक नया वैश्विक मानक स्थापित किया गया है। शांति की भावना को बनाए रखते हुए, आतंकवाद पर प्रहार करना उद्देश्य रहा है।
विज्ञापन


पहली बार, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ों पर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार सटीक हमले किए गए। उन्होंने कहा कि हमले इतने सटीक थे कि केवल आतंकवादियों को ही नुकसान पहुंचा। धनखड़ ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार से वैश्विक समुदाय को एक संदेश दिया था। उन्होंने कहा, 'वे खोखले शब्द नहीं थे। दुनिया को अब एहसास हो गया है।' उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम आतंकी हमला, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए, मुंबई आतंकी हमले के बाद नागरिकों पर सबसे घातक हमला था।\
विज्ञापन
विज्ञापन


PM की फोटो से छेड़खानी करने वाला तेलंगाना में गिरफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की। इस संबंध में करीमनगर जिले में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि छेड़छाड़ की गई तस्वीर में प्रधानमंत्री को दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्त में हाथों में हथकड़ी लगाए दिखाया गया है। सोशल मीडिया प्रोफाइल के आधार पर आरोपी की पहचान एमडी मुजाहिद के रूप में की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर करीमनगर जिले के रामदुगु पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी और उसे सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार नोटिस दिया जाएगा। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाले एक भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह पोस्ट तीन दिन पहले एक सरकारी कर्मचारी ने डाली थी। उन्होंने दावा किया कि पोस्ट से पता चलता है कि प्रधानमंत्री 'जल्द ही पाकिस्तान की अदियाला जेल जाएंगे।'

24 को नीति आयोग की बैठक  की अध्यक्षता करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मई को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बैठक का एजेंडा अभी तय किया जा रहा है। गवर्निंग काउंसिल, नीति आयोग का शीर्ष निकाय है, जिसमें सभी मुख्यमंत्री, केंद्रशासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होते हैं। प्रधानमंत्री मोदी नीति आयोग के अध्यक्ष हैं। आमतौर पर, यह पूर्ण परिषद बैठक हर साल आयोजित की जाती है। पिछली बैठक पिछले साल 27 जुलाई को हुई थी।

जम्मू से बिहार पहुंचा बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर में बलिदान हुए बीएसएफ जवान मनीष कुमार का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा। जहां से पार्थिव शरीर को  बिहार के नवादा जिले में उनके पैतृक गांव कोआकोल ले जाया गया। पैतृक गांव में जवान का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

कोलकाता के श्रद्धालु ने तिरुपति मंदिर को दान किए 3.6 करोड़ के आभूषण
कोलकाता के श्रद्धालु संजीव गोयनका ने शुक्रवार को भागवान वेंकटेश्वर के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर को 3.6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण दान किए। आभूषणों का वजन 5.2 किलोग्राम था, जिनमें हीरे और रत्न जड़े हुए थे। टीटीडी के अनुसार, श्रद्धालु ने सोने की कटी और वरद हस्तम दान की है। आभूषणों को तिरुमाला के रंगनायकुला मंडपम में टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी चौधरी वेंकैया चौधरी को सौंप दिया गया।

शिवराज ने नगालैंड के किसानों को दिया 380 करोड़ का तोहफा
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को नागालैंड के किसानों के लिए 380 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की। यह घोषणा पेरेन जिले के जलुकी में किसान मेले के उद्घाटन के दौरान की गई। बता दें कृषि मंत्री चौहान ने बृहस्पतिवार को नागालैंड के पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन महाविद्यालय के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया।

नई ट्रेन श्रेणियां भी रेलवे की अपग्रेडेशन योजना में शामिल
रेल मंत्रालय ने अपनी अपग्रेडेशन योजना में बदलाव करते हुए नई ट्रेन श्रेणियों को शामिल किया है। इनमें विस्टाडोम नॉन-एसी, विस्टाडोम कोच, एक्जीक्यूटिव अनुभूति और थर्ड एसी इकोनॉमी (3ई) शामिल हैं। इस कदम से यात्रियों को खाली सीटों का बेहतर इस्तेमाल कर ऊपरी श्रेणी में अपग्रेड होने का मौका मिलेगा। 13 मई को जारी एक सर्कुलर के अनुसार, रेल मंत्रालय ने 2006 में शुरू हुई अपग्रेडेशन योजना की समीक्षा की।

ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए सुप्रीम कोर्ट ने जारी की पीठों पर अधिसूचना
सुप्रीम कोर्ट ने 26 मई से 13 जुलाई तक के ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए कार्यरत पीठों की अधिसूचना जारी की। ग्रीष्मकालीन अवकाश को अब आंशिक कार्य दिवस नाम दिया गया है। इस दौरान दो से पांच अवकाश पीठ कार्य करेंगी। विशेष रूप से मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई समेत वरिष्ठ न्यायाधीश भी इस अवधि में कोर्ट की सुनवाई करेंगे। इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश में केवल दो पीठ कार्य करती थीं और वरिष्ठ न्यायाधीश सुनवाई नहीं करते थे। अधिसूचना के अनुसार, 26 मई से 1 जून तक मुख्य न्यायाधीश गवई, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस बीवी नागरत्ना पांच पीठों की अध्यक्षता करेंगे। इस अवधि में सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। रजिस्ट्री सभी शनिवार (12 जुलाई को छोड़कर), रविवार और सार्वजनिक अवकाशों पर बंद रहेगी।

गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर गुजरात समाचार के मालिक को जमानत  
ईडी की गिरफ्तारी के अगले दिन अहमदाबाद की एक अदालत ने प्रमुख गुजराती दैनिक ‘गुजरात समाचार’ के मालिकों में से एक बाहुबली शाह (73) को स्वास्थ्य आधार पर 31 मई तक जमानत दे दी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के एम सोजित्रा ने शाह को अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया, जबकि नियमित जमानत के लिए उनके आवेदन पर सुनवाई 31 मई तक स्थगित कर दी। सत्र अदालत ने शाह को 10,000 रुपये की जमानत राशि व निजी मुचलका भरने का निर्देश दिया। इसने यह भी शर्त लगाई कि वह हर दूसरे दिन ईडी को उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में सूचित करेंगे। उन्हें अपनी चिकित्सा स्थिति के अधीन जांच में सहयोग करना होगा। ईडी ने शाह की अंतरिम जमानत का विरोध नहीं किया। ईडी ने कहा कि वह मानवीय आधार और आरोपी की गंभीर चिकित्सा स्थिति को देखते हुए जमानत देने पर सहमत है।

कर्नाटक : भारतीय तटरक्षक बल ने डूबते जहाज से बचाई छह की जान
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने समुद्र में डूबे एक मालवाहक जहाज के चालक दल के छह सदस्यों की जान बचाई। आईसीजी ने शुक्रवार को यह जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की है। आईसीजी के मुताबिक, उसे 14 मई को 12:15 बजे एक पारगमन पोत एमटी एपिक सुसुई से मंगलूरू से 60 समुद्री मील एमएसवी सलामथ जहाज के समुद्र में डूबने और उससे बचे छह लोगों के छोटी नाव के सहारे जिंदा होने की सूचना मिली थी। आईसीजी ने सूचना मिलते ही उस क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे आईसीजी जहाज विक्रम को तुरंत खोज और बचाव अभियान के लिए घटनास्थल के लिए रवाना किया। 

मधुमक्खियों के हमले में सीआरपीएफ के डॉग की मौत
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर 27 अप्रैल को सीआरपीएफ के हौसलों पर उस वक्त बिजली गिर गई जब उनके बटालियन की दो वर्षीय डॉग के9 रोलो की मधुमक्खियों के झुंड के हमले के बाद मौत हो गई। दुर्भाग्यपूर्ण घटना उस वक्त हुई जब के9 रोलो और उसके हैंडलर कांस्टेबल शुभम गजानन ड्यूटी से लौट रहे थे। सीआरपीएफ ने खोजी दस्ते का हिस्सा रही दो वर्षीय बेल्जियन शेफर्ड रोलो का सुकमा में अंतिम संस्कार किया। उसके बलिदान ने जवानों को इस तरह से शोक में डाल दिया है, जैसे उन्होंने कोई साथी सैनिक खो दिया हो।

राष्ट्रपति के पत्र पर दूसरे राज्यों की राय लेगा तमिलनाडु : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि उनका राज्य राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से सुप्रीम कोर्ट को भेजे गए संदर्भ पत्र के मुद्दे पर दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं से बात करेगा। इस पत्र में राष्ट्रपति ने शीर्ष अदालत से जानना चाहा है कि क्या राज्य विधानसभाओं की ओर से पारित विधेयकों पर राष्ट्रपति के विचार के लिए न्यायिक आदेश के जरिये समय-सीमा निर्धारित की जा सकती है।

अधिकारियों और एजेंटों के 10 ठिकानों पर ईडी के छापे; 1,000 करोड़ की अनियमितता में कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) से जुड़े धनशोधन मामले में राज्य में शुक्रवार को फिर छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत टीएएसएमएसी अधिकारियों और एजेंट से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर ईडी ने कार्रवाई की। कुछ हवाला ऑपरेटरों और नकदी संग्रह एजेंटों की भी तलाशी ली गई। ईडी ने इस मामले में मार्च में पहली बार छापे मारे थे। ईडी ने तब कहा था कि टीएएसएमएसी के संचालन में कथित अनियमितताएं पाई गई थीं, जिनमें निविदा प्रक्रियाओं में हेरफेरी और ‘डिस्टिलरी’ कंपनी के माध्यम से एक हजार करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिसका कोई लेखा जोखा नहीं है। ईडी ने दावा किया कि मार्च में की गई तलाशी के दौरान स्थानांतरण, पोस्टिंग, परिवहन और बार लाइसेंस निविदाएं, कुछ डिस्टिलरी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाले इंडेंट ऑर्डर, टीएएसएमएसी आउटलेट्स के प्रति बोतल 10-30 रुपये का अतिरिक्त शुल्क वसूलने से संबंधित अपराधजनक दस्तावेज मिले हैं।

चुनावी कदाचार में सहायक सिस्टम मैनेजर निलंबित
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप उपखंड के सहायक सिस्टम मैनेजर (एएसएम) अरुण गोराई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गोराई पर चुनावी प्रक्रिया में गंभीर कदाचार और धोखाधड़ी के आरोपों के बाद की गई है। दक्षिण 24 परगना के जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी की 14 मई की रिपोर्ट के अनुसार, गोराई ने अपने मोबाइल नंबर को 131-काकद्वीप विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्वपन कुमार हलदर के लॉगिन क्रेडेंशियल में अनधिकृत रूप से जोड़ा। इसके बाद, गोराई ने अपने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से एईआरओ के लॉगिन से फॉर्म 6, 7 और 8 के आवेदनों का निपटारा किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इसे गंभीर कदाचार और दुर्भावनापूर्ण इरादे का मामला मानते हुए, गोराई के खिलाफ पश्चिम बंगाल सेवा नियम, 1971 के तहत निलंबन आदेश जारी किया।

ओडिशा के बोलांगीर में दो माओवादी ठिकाने ध्वस्त
ओडिशा के बोलांगीर जिले में पुलिस ने शुक्रवार को दो माओवादी कैंपों को ध्वस्त कर दिया और विस्फोटक सामग्री जब्त की। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस, डीवीएफ और एसओजी की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को खापरखोल थाना क्षेत्र के गंधमार्दन पहाड़ियों और तुरीकेला थाना सीमा के छत्रदंडी जंगल में छापे मारे। उत्तरी रेंज के आईजी हिमांशु लाल ने बताया कि कैंपों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किए गए। हालांकि, माओवादी भागने में सफल रहे।

ओडिशा में किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल जेल की सजा
ओडिशा के मयूरभंज जिले की एक अदालत ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के दोषी को 20 साल जेल की सजा सुनाई है। पॉक्सो अदालत की न्यायाधीश प्रतिमा पात्रो ने 30 वर्षीय दोषी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। विशेष सरकारी वकील अभिन्ना कुमार पटनायक ने बताया कि 14 वर्षीय लड़की के साथ 16 जनवरी, 2022 को दुष्कर्म किया गया। उस समय वह शौच के लिए अपने घर से बाहर झाड़ियों में गई थी। लड़की के पिता ने जशपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी हुई और पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए। अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को लड़की को सात लाख रुपये मुआवजा देने का भी निर्देश दिया। फैसला पीड़िता के बयान, 14 गवाहों और उसकी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुनाया गया।

18 मई को पोप लियो 14वें का शपथ ग्रहण
रोम के वेटिकन सिटी में नए पोप 18 मई को शपथ ग्रहण करेंगे। वहीं भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा के उपसभापति डॉ. हरिवंश पोप लियो 14वें के शपथ ग्रहण समारोह में करेंगे।

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में युवक पर चाकू से हमला
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक में शुक्रवार रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह हमला चार लोगों के एक समूह ने किया, जिसमें हरीस नाम का व्यक्ति मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। घायल युवक हमीद पेशे से पेंटर है। घटना उस वक्त हुई जब वह पनेमंगलुरु के पास अक्करनगडी बस स्टॉप के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी हमलावरों ने उस पर चाकू से वार कर दिया। हमले में हमीद के हाथ में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत मंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हमला आपसी रंजिश का नतीजा लग रहा है।

 

तेलंगाना सचिवालय से इस्राइली झंडा हटाने के आरोप में युवक गिरफ्तार
हैदराबाद में चल रहे मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता के मद्देनज़र तेलंगाना सरकार द्वारा सचिवालय में लगाए गए इजरायली झंडे को हटाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस्राइली झंडा इसी हफ्ते दो बार हटाया गया। पहली घटना 12 मई को सामने आई जब एक महिला पुलिस अधिकारी ने सोशल मीडिया से मिली सूचना के आधार पर जांच की और झंडा गायब पाया। फिर से नया झंडा लगाया गया।

वहीं दूसरी घटना 14 मई को हुई, जिसकी शिकायत 16 मई को दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पेशे से बाइक मैकेनिक ज़ाकिर नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसने अपने इस कृत्य का वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला था। फिलहाल जांच में ज़ाकिर ही अकेला आरोपी पाया गया है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, जैसे कि उसके पीछे की मंशा और क्या कोई और इसमें शामिल था।

असम पुलिस ने 7 लोगों को किया गिरफ्तार, पाक को भेज रहे थे OTP
असम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में लोगों को भारतीय मोबाइल नंबरों के OTP भेज रहे थे ताकि वे व्हाट्सएप अकाउंट बना सकें। यह कार्रवाई ऑपरेशन घोस्ट सिम के तहत की गई। असम के DGP हरीमीत सिंह ने बताया कि इस गड़बड़ी की पहली सूचना गजराज मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली थी। उन्होंने पाया कि कुछ लोग भारतीय सिम कार्ड्स से मिलने वाले OTP पाकिस्तान भेज रहे थे। इनका इस्तेमाल व्हाट्सएप अकाउंट बनाने के लिए किया जा रहा था।

इसके साथ ही DGP ने बताया कि कई दिनों की तकनीकी जांच के बाद 14 मई को मामला दर्ज किया गया और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कार्रवाई शुरू की। इसके तहत टीमें हैदराबाद, राजस्थान और अन्य जगहों पर भेजी गईं। बता दें कि 16 मई से अब तक 7 लोग गिरफ्तार किए गए हैं,  कुछ को राजस्थान के भरतपुर और अलवर से, जबकि एक को गुवाहाटी एयरपोर्ट से पकड़ा गया।

पश्चिम बंगाल में BSF ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, बांग्लादेश से करोड़ों के सोने की तस्करी का आरोप 
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दो लोगों को बांग्लादेश से भारत में 10 सोने की बिस्किट की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जब्त सोने की कीमत करीब 1.1 करोड़ रुपये बताई गई है। BSF के मुताबिक, दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की 143 बटालियन को हाकीमपुर इलाके से सोने की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद जवान अलर्ट पर थे। शुक्रवार सुबह हाकीमपुर उत्तरपाड़ा गांव के पास दो संदिग्धों की गतिविधि देखकर जवानों ने उन्हें रोका और तलाशी ली, तो उनके पास से 1.167 किलोग्राम सोना बरामद हुआ।

इसी दिन की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में नदिया जिले की 32 बटालियन और उत्तर 24 परगना की 143 बटालियन ने 41 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया। यह मादक पदार्थ भारत से बांग्लादेश तस्करी किए जा रहे थे।  मामले में BSF ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और तस्करी में शामिल नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

कोलकाता के बहुमंजिला इमारत में आग
कोलकाता के दक्षिण इलाके में शनिवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई। यह घटना AJC बोस रोड–बेकबगान क्रॉसिंग के पास स्थित एक इमारत की पांचवीं मंजिल पर दोपहर करीब 2:55 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही आठ दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। हफ्ते के अंत (वीकेंड) के कारण इमारत में कई दफ्तर बंद थे, और जहां कर्मचारी मौजूद थे, वहां से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले 30 अप्रैल को कोलकाता के बड़ाबाजार इलाके में एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी।

कन्नड़ विरोधी मैसेज मामले में होटल मालिक पर केस दर्ज
बेंगलुरु के एक होटल के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर कन्नड़ लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी दिखाई देने के मामले में शनिवार को होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। यह घटना शुक्रवार रात की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस के मुताबिक, यह मामला माडिवाला थाना क्षेत्र का है। जीएस सूट नामक होटल के वेरिएबल मैसेज बोर्ड पर आपत्तिजनक संदेश देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत बोर्ड हटवा दिया।

वहीं डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) सारा फातिमा ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करने वाले एक सब-इंस्पेक्टर ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया। होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और होटल के पांच कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। मालिक विदेश में बताया जा रहा है।
 

गांजा बेचते हुए नाइजीरियन समेत तीन लोग गिरफ्तार
तमिलनाडु के ईरोड जिले में शराबबंदी प्रवर्तन विंग (PEW) पुलिस ने शुक्रवार रात गांजा बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। मामले में पुलिस ने बताया कि पेरुंडुराई के पास विजयमंगलम क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसकी पहचान बाद में जोन्स, नाइजीरियन नागरिक के रूप में हुई। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 1.2 किलो गांजा और 1 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ।

वहीं पूछताछ में जोन्स ने कबूल किया कि वह एक फैक्ट्री में काम करता है और वहीं के कर्मचारियों और अन्य लोगों को गांजा बेचता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इसके अलावा, गश्त के दौरान पुलिस ने विजयमंगलम के सरवनन को 3 किलो गांजा के साथ और कौशिक को थोड़ी मात्रा में नशे की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया।

आईयूएमएल के 75 साल के इतिहास में पहली बार महिलाओं को राष्ट्रीय नेतृत्व में मिली जगह
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने अपनी स्थापना के 75 वर्षों से अधिक के इतिहास में पहली बार दो महिलाओं को अपने राष्ट्रीय नेतृत्व में स्थान दिया है, जिनमें से एक महिला दलित समुदाय से है। चेन्नई में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में आईयूएमएल की राष्ट्रीय समिति में केरल के वायनाड से दलित नेता जयंती राजन और तमिलनाडु से निगम पार्षद फातिमा मुजफ्फर को राष्ट्रीय सहायक सचिव के रूप में चुना गया। मुजफ्फर आईयूएमएल की राष्ट्रीय महिला लीग की अध्यक्ष हैं, जबकि राजन इसकी संयुक्त सचिव हैं।

अब्दुल वहाब ने किया फैसला का स्वागत
इस कदम का स्वागत करते हुए आईयूएमएल सांसद एवं राज्यसभा सदस्य अब्दुल वहाब ने कहा कि यह आवश्यक था क्योंकि अब तक पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व में कोई महिला नहीं थी। उन्होंने कहा, हमने पार्टी में महिलाओं के लिए अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया, भले ही हमारे पास एक अलग महिला शाखा है।

राजन ने कहा कि 1948 में पार्टी के गठन के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व में उनका और मुजफ्फर का शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है। राजन 2010 में आईयूएमएल की सदस्य बनने के साथ ही राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपनी नई जिम्मेदारियों के बारे में राजन ने कहा कि पार्टी ने अभी तक उन्हें इस बारे में नहीं बताया है।

तेलंगाना में 20 नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार जब्त
तेलंगाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 नक्सलियों को गिरफ्तार किया और उनसे भारी मात्रा में हथियार जब्त किए। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना के मुलुगु जिले में विभिन्न स्थानों से 16 और 17 मई को इन्हें गिरफ्तार किया गया। मुलुगु जिले के एसपी सबरीश पी ने बयान जारी कर कहा कि सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस ने हाल में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था। मुलुगु पुलिस को सूचना मिली थी कि कर्रेगुट्टा के माओवादी वहां से छोटे-छोटे गुटों में बंटकर विभिन्न स्थानों पर भाग गए। इसलिए उन भागे हुए माओवादियों को मुलुगु जिले में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने अपने निगरानी तंत्र को सक्रिय किया और इन माओवादियों को दबोच लिया।

विस्फोटक और नकदी बरामद
तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, मुलुगु जिले के वाजेडु, वेंकटापुरम और कन्नईगुडम थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार नक्सलियों से भारती मात्रा में हथियार और विस्फोटक व नकदी बरामद की गई है। नक्सलियों के पास से 3 इंसास राइफल, 4 एसएलआर राइफल, एक 303 राइफल, 8 मिमी राइफलें, दो ग्रेनेड, 12 बोर हथियार कारतूस, 6 रेडियो, 4 वॉकी-टॉकी, 9 रिचार्जेबल बैटरी और 6 पेन ड्राइव समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

त्रिप्लिकेन के श्री पार्थसारथी स्वामी मंदिर में शुरू हुआ दिनभर अन्नदान
चेन्नई के प्रसिद्ध श्री पार्थसारथी स्वामी मंदिर में शनिवार से हर शनिवार और खास त्योहारों पर दिनभर अन्नदान (मुफ्त भोजन) की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस योजना की शुरुआत तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने की। इस अवसर पर राज्य के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती मंत्री पी.के. शेखर बाबू, चेन्नई मेयर आर. प्रिया और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह योजना राज्य के 13 प्रमुख मंदिरों में चलाई जा रही है, जिनमें से 11 मंदिरों को पिछले चार वर्षों में इसमें शामिल किया गया। इसके अलावा, राज्य के 764 मंदिरों में रोज़ एक बार अन्नदान होता है, जिससे हर साल लगभग 3.5 करोड़ श्रद्धालु लाभान्वित होते हैं।

ओडिशा में एक व्यक्ति पर कई लड़को के साथ किया यौन उत्पीड़न का आरोप, कोर्ट ने सुनाई 25 साल की सजा 
ओडिशा से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक अदालत ने शनिवार को एक व्यक्ति को कई लड़को का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 25 साल की सजा सुनाई है। बता दें कि व्यक्ति की गिरफ्तारी 11 वर्षीय लड़के की मां की शिकायत के आधार पर की गई। जिसके बाद जब मामले की जांच हुई तो पता चला कि आरोपी ने गांव के अन्य लड़को के साथ भी यौन उत्पीड़न किया था। 

दो महीने से भी कम समय में सुनाया फैसला
मामले में जिला अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूजा सारंगी ने शिकायत दर्ज होने के दो महीने से भी कम समय में फैसला सुनाया। व्यक्ति पर आरोप है कि उसने बीते 21 मार्च को लड़के को एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। विरोध करने पर दोषी ने उसकी पिटाई भी की और किसी को भी घटना के बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।

तूत्तुकुड़ी में बड़ा हादसा: चर्च कार्यक्रम के लिए जा रही वैन कुएं में गिरी, 4 की मौत
तमिलनाडु के तूत्तुकुड़ी जिले के सथानकुलम के पास शनिवार को एक वैन सड़क किनारे खुले कुएं में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा अब भी लापता है। वैन में कुल आठ लोग सवार थे।घटना उस समय हुई जब सभी लोग कोयंबटूर से एक चर्च कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, मीरनकुलम गांव के पास वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वैन सीधे कुएं में जा गिरी। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटे की तलाश के बाद चार शव बरामद किए और वाहन को भी बाहर निकाला गया। तीन लोग हादसे के तुरंत बाद तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। लापता बच्चे की तलाश जारी है।

जगदीप धनखड़ बोले- आर्थिक राष्ट्रवाद अपनाना होगा, संकट में साथ न देने वाले देशों को नहीं बना सकते सशक्त
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये, अजरबैजान जैसे देशों के पाकिस्तान के पाले में होने को लेकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को सवाल उठाया, क्या हम उन देशों को सशक्त बनाने का जोखिम उठा सकते हैं, जो हमारे हितों के प्रतिकूल हैं? उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हर भारतीय को आर्थिक राष्ट्रवाद के बारे में गहराई से सोचना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर भारत की तरफ से सीमा पार की गई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। साथ ही इसे पाकिस्तान में अल-कायदा आतंकी ओसामा बिन लादेन को ढेर करने की अमेरिकी सेना की कार्रवाई के समान बताया। लादेन का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि अमेरिका में 9/11 हमलों की साजिश रचने और उसे अंजाम देने वाले एक वैश्विक आतंकी को अमेरिकी सेना ने 2 मई 2011 को इसी तरह निपटाया था। 

चाइल्ड पोर्न देखने में यमनी नागरिक पर 10, हजार का जुर्माना, दिन भर कोर्ट में बैठाया
केरल की एक फास्ट ट्रैक अदालत ने एक यमन नागरिक को चाइल्ड पोर्न देखने के मामले में 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया और दिनभर अदालत का काम खत्म होने तक कोर्ट रूप में बैठने का निर्देश दिया।
विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) आर एस विजय मोहन ने कहा कि तिरुवनंतपुरम फास्ट ट्रैक विशेष अदालत की जज आर रेखा ने यमनी नागरिक अब्दुल्ला अली अब्दो अल-हद्दाद को उसके मोबाइल फोन पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के लिए सजा सुनाई। पुलिस की साइबर सेल को सूचना मिली थी कि आरोपी ने 27 दिसंबर, 2020 की दोपहर को ऐसे प्रतिबंधित वीडियो देखे थे।

इसके बाद वंचियूर पुलिस एनचक्कल स्थित उस रेस्तरां में गई जहां वह काम करता था और मोबाइल की जांच की। मोबाइल की जांच में पुलिस को नाबालिगों का कोई अश्लील वीडियो नहीं मिला, इसलिए मामला बंद कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा, जिसमें आरोपी के देखे गए चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो बरामद हुए और उसके बाद उसके खिलाफ मामला फिर से दर्ज किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराने के लिए नौ गवाहों, 15 दस्तावेजों और दो साक्ष्यों की जांच की।

असम में मोर्टार फटने से एक बच्चे की मौत, दो घायल
असम के तामुलपुर जिले में एक संदिग्ध मोर्टार के फटने से एक लड़के की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा शनिवार को हुआ। पुलिस ने बताया कि भारत-भूटान की सीमा के पास अपने गांव में खेलते समय दो बच्चों को नाले में मोर्टार मिला था। दोनों उससे खेलने लगे, तभी वह फटा गया। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई और दूसरा बच्चा व एक महिला घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

 

नोबेल विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने तेलंगाना सीएम से की मुलाकात
नोबेल पुरस्कार विजेता और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री प्रोफेसर अभिजीत बनर्जी ने शनिवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से हैदराबाद में मुलाकात की। इस दौरान शहरी विकास, आर्थिक वृद्धि, सरकारी राजस्व बढ़ाने, वित्तीय अनुशासन, बड़े पैमाने पर कौशल विकास और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अभिजीत बनर्जी ने मुख्यमंत्री के ‘तेलंगाना राइजिंग’ विजन बोर्ड के सलाहकार बनने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। यह बोर्ड राज्य के विकास, निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सभी वर्गों की भलाई के लिए बनाई गई योजना का हिस्सा है।

आईयूएमएल के 75 साल के इतिहास में पहली बार महिलाओं को राष्ट्रीय नेतृत्व में मिली जगह
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने अपनी स्थापना के 75 वर्षों से अधिक के इतिहास में पहली बार दो महिलाओं को अपने राष्ट्रीय नेतृत्व में स्थान दिया है, जिनमें से एक महिला दलित समुदाय से है। चेन्नई में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में आईयूएमएल की राष्ट्रीय समिति में केरल के वायनाड से दलित नेता जयंती राजन और तमिलनाडु से निगम पार्षद फातिमा मुजफ्फर को राष्ट्रीय सहायक सचिव के रूप में चुना गया। मुजफ्फर आईयूएमएल की राष्ट्रीय महिला लीग की अध्यक्ष हैं, जबकि राजन इसकी संयुक्त सचिव हैं।
 

भारत पाकिस्तान मुद्दे में तीसरे पक्ष को हस्तक्षेप की अनुमति नहीं: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के मामले में किसी भी तीसरी ताकत को हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा शांति की वकालत की है, लेकिन उकसावे की स्थिति में निर्णायक कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पीएमएवाई-जी गृहप्रवेश समारोह में शिवराज ने कहा, हम दूसरों के कामों में हस्तक्षेप नहीं करते हैं, लेकिन अगर कोई हमारे लिए परेशानी खड़ी करने की कोशिश करता है, तो हम उन्हें नहीं छोड़ते हैं।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी लोगों या उसकी सेना को नुकसान नहीं पहुंचाने का फैसला किया और वहां त्वरित कार्रवाई में आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया। शिवराज ने कहा, पाकिस्तान ने इस भरोसे के साथ अपने ड्रोन और मिसाइलें भेजीं कि वे हमारी जमीन पर हमला करेंगे। लेकिन हमारे सशस्त्र बलों ने इन्हें इतनी सटीकता से नष्ट कर दिया मानो ये महज खिलौने हों। सीमावर्ती क्षेत्रों में हमारे बच्चे अब इनसे खेल रहे हैं। तीन दिनों में पाकिस्तान घुटनों के बल पर आ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed